OpenAI ला रहा पहला AI डिवाइस, मिलेगा Voice Mode, जानिए कैसे करेगा काम
OpenAI का पहला AI डिवाइस बिना स्क्रीन के आपके सवालों का जवाब देगा और घर की स्मार्ट चीजों को कंट्रोल करेगा। इसमें रिचार्जेबल बैटरी, कैमरा, सेंसर और ChatGPT Voice Mode मिलेगा। यह डिवाइस कैसे काम करेगा और इसके लॉन्च को लेकर क्या जानकारी सामने आई है, यहां जानिए।

In Short
- OpenAI बिना स्क्रीन वाला पोर्टेबल AI डिवाइस तैयार कर रहा है।
- डिवाइस में रिचार्जेबल बैटरी कैमरा सेंसर और GPT Live सपोर्ट मिल सकता है।
- प्रोडक्ट अभी डेवलपमेंट स्टेज में है लॉन्च डेट का खुलासा नहीं हुआ है।
OpenAI AI Device: ChatGPT बनाने वाली कंपनी OpenAI अपने पहले AI हार्डवेयर डिवाइस पर काम कर रही है। यह डिवाइस खासतौर पर घर में इस्तेमाल करने के लिए तैयार किया जा रहा है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, यह बिना स्क्रीन वाला एक पोर्टेबल स्पीकर हो सकता है, जिसमें रिचार्जेबल बैटरी दी जाएगी।
डिवाइस को एक कमरे से दूसरे कमरे तक आसानी से ले जाया जा सकेगा। हालांकि, यह प्रोडक्ट अभी डेवलपमेंट स्टेज में है और कंपनी ने इसकी लॉन्च डेट को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।
ChatGPT के लिए तैयार होगा खास कंप्यूटर
रिपोर्ट के अनुसार, OpenAI का यह प्रोडक्ट एक तरह का AI कंप्यूटर होगा, जिसे खासतौर पर ChatGPT के इस्तेमाल को ध्यान में रखकर बनाया जा रहा है। इसमें एडवांस्ड वॉयस फीचर्स दिए जा सकते हैं, जिससे यूजर बोलकर सवाल पूछ सकेंगे और डिवाइस आवाज में जवाब देगा।
इस डिवाइस में कोई डिस्प्ले नहीं होगा। यानी इसका इस्तेमाल मोबाइल फोन, टैबलेट या स्मार्ट स्क्रीन की तरह नहीं किया जाएगा। इसका मुख्य फोकस वॉयस कमांड और AI से बातचीत करने की सुविधा पर रहेगा।
क्या होता है AI कंपेनियन डिवाइस
AI कंपेनियन ऐसा डिवाइस होता है, जो यूजर के सवालों का जवाब देने के साथ-साथ रोजमर्रा के कुछ काम भी कर सकता है। रिपोर्ट में बताया गया है कि OpenAI का डिवाइस स्मार्ट होम अप्लायंसेज को कंट्रोल करने में मदद कर सकता है।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: Google Pixel 11 की लॉन्च डेट आई सामने, इस दिन होगा लॉन्च, जानिए क्या मिलेंगे नए फीचर्स
इसके अलावा इसका इस्तेमाल मीडिया चलाने, मैसेज का जवाब देने और दूसरी AI आधारित सुविधाओं के लिए भी किया जा सकेगा। इन फीचर्स के कारण यह डिवाइस स्मार्ट स्पीकर की तरह काम कर सकता है।
कैमरा और सेंसर से समझेगा आसपास का माहौल
OpenAI के इस डिवाइस में कैमरा और दूसरे सेंसर भी दिए जा सकते हैं। इनकी मदद से डिवाइस अपने आसपास की जगह और गतिविधियों को बेहतर तरीके से समझ सकेगा।
रिचार्जेबल बैटरी होने की वजह से इसे बिजली के एक ही पॉइंट के पास रखने की जरूरत नहीं होगी। यूजर इसे घर के अलग-अलग कमरों में अपने साथ ले जा सकेंगे।
मिलेगा ChatGPT Voice Mode का सपोर्ट
रिपोर्ट के मुताबिक, डिवाइस में ChatGPT Voice Mode का सपोर्ट मिलेगा, जिसे GPT Live भी कहा गया है। यह फीचर यूजर की आवाज सुनकर सवाल को समझेगा और तुरंत जवाब देगा।
कंपनी इस डिवाइस की प्रोसेसिंग और परफॉर्मेंस को बेहतर बनाने पर भी काम कर रही है, ताकि यूजर्स को AI के साथ आसान और नेचुरल बातचीत का अनुभव मिल सके।
जॉन आइव का स्टार्टअप खरीदा
OpenAI ने इस AI डिवाइस को बनाने की तैयारी के लिए 5.6 बिलियन डॉलर में एक स्टार्टअप खरीदा था। इस स्टार्टअप को ऐपल के पूर्व डिजाइनर जॉन आइव ने शुरू किया था।
फिलहाल यह AI डिवाइस तैयार किया जा रहा है। इसकी कीमत क्या होगी, इसका नाम क्या होगा और इसे कब लॉन्च किया जाएगा, इस बारे में OpenAI ने अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।