Google Pay में आया Ask Google Pay AI फीचर, खर्च और बचत से जुड़े सवालों का ऐसे देगा जवाब
Google Pay ने आस्क गूगल पे नाम से नया AI फीचर पेश किया है। यह यूजर के खर्च का हिसाब बताएगा और पैसे बचाने के तरीके समझाएगा। जेमिनी AI पर काम करने वाला यह फीचर एसआईपी, म्यूचुअल फंड, टैक्स और सिबिल स्कोर से जुड़े सवालों के जवाब 10 भारतीय भाषाओं में देगा।

In Short
- आस्क गूगल पे खर्च को अलग-अलग कैटेगरी में बांटकर बताएगा
- यूजर बोलकर या लिखकर पैसों से जुड़े सवाल पूछ सकेंगे
- Google Pay Flex SBI Card को UPI से जोड़ा जा सकेगा
Ask Google Pay AI Feature: Google Pay ने यूजर्स के लिए आस्क गूगल पे नाम का नया AI फीचर पेश किया है। यह लोगों को उनके खर्च का हिसाब समझने, पैसे बचाने के तरीके जानने और एसआईपी, म्यूचुअल फंड तथा सिबिल स्कोर जैसी पैसों से जुड़ी बातों को आसान भाषा में समझने में मदद करेगा।
यह फीचर गूगल के जेमिनी एआई मॉडल पर काम करता है। यूजर इससे लिखकर या बोलकर सवाल पूछ सकेंगे। यह फीचर 10 भारतीय भाषाओं में काम करेगा।
खर्च से जुड़े सवालों के जवाब देगा
आस्क गूगल पे का इस्तेमाल गूगल पे ऐप के अंदर ही किया जा सकेगा। यूजर आम बोलचाल की भाषा में अपने खर्च से जुड़े सवाल पूछ सकते हैं। जैसे कोई पूछ सकता है कि उसने पिछले महीने खाने पर कितना पैसा खर्च किया।
यह फीचर गूगल पे पर मौजूद खर्च की जानकारी देखकर जवाब देगा। यह अलग-अलग खर्च को खाने, खरीदारी और बिल जैसी कैटेगरी में बांटकर दिखा सकेगा। साथ ही यह भी बताएगा कि किस तरह का खर्च बढ़ा है और किसमें कमी आई है।
ये खबर पढ़ना न भूलें: Instagram Bio में लगा सकते हैं 5 लिंक! जानें वेबसाइट, YouTube और ऑनलाइन स्टोर के Link लगाने का तरीका
आस्क गूगल पे खर्च का आसान हिसाब भी दिखाएगा। इससे यूजर जान सकेंगे कि कौन-से खर्च हर महीने बार-बार हो रहे हैं और उनका पैसा कहां ज्यादा खर्च हो रहा है।
पैसों से जुड़ी बातें भी समझाएगा
यूजर इस फीचर से एसआईपी, म्यूचुअल फंड, टैक्स के नियम, चक्रवृद्धि ब्याज और सिबिल स्कोर जैसे विषयों पर भी सवाल पूछ सकेंगे। जेमिनी इन बातों को आसान भाषा में समझाएगा।
आस्क गूगल पे पैसे बचाने के तरीके भी बता सकता है। इसके जवाब गूगल पे पर मौजूद यूजर के खर्च की जानकारी के आधार पर दिए जाएंगे।
यूजर की निजी जानकारी को लेकर गूगल का कहना है कि आस्क गूगल पे में कंपनी के सुरक्षा नियम लागू होंगे। कंपनी के मुताबिक, यूजर की निजी जानकारी का इस्तेमाल जेमिनी एआई मॉडल को सिखाने के लिए नहीं किया जाएगा।
गूगल पे फ्लेक्स एसबीआई कार्ड भी लॉन्च
गूगल ने गूगल पे फ्लेक्स एसबीआई कार्ड भी लॉन्च किया है। यह पूरी तरह डिजिटल क्रेडिट कार्ड है और रुपे नेटवर्क पर काम करेगा। इसे यूपीआई से जोड़ा जा सकेगा।
यूजर रुपे क्रेडिट कार्ड लेने वाले दुकानदारों के क्यूआर कोड को स्कैन करके पेमेंट भी कर सकेंगे। कार्ड से जुड़े सभी काम गूगल पे ऐप से किए जा सकेंगे।
यूजर ऐप में अपनी क्रेडिट लिमिट देख सकेंगे, खर्च का हिसाब रख सकेंगे और बिल भर सकेंगे। इसके अलावा खरीदारी की रकम को ईएमआई में बदलने, कार्ड को बंद या चालू करने और पिन बदलने का काम भी ऐप से किया जा सकेगा।