Alibaba ने कर्मचारियों को Claude इस्तेमाल करने से रोका! इस कारण लिया ये बड़ा फैसला
चीन की बड़ी टेक कंपनी अलीबाबा ने अपने कर्मचारियों से एंथ्रोपिक के क्लॉड कोड का इस्तेमाल बंद करने को कहा है। कंपनी ने इसे सुरक्षा के लिए खतरा मानते हुए अपनी रिस्की सॉफ्टवेयर लिस्ट में डाल दिया है। यह रोक 10 जुलाई से लागू होगी।

In Short
- अलीबाबा ने कर्मचारियों को क्लॉड कोड इस्तेमाल करने से रोक दिया है।
- कंपनी ने सुरक्षा चिंता के बाद इसे रिस्की सॉफ्टवेयर की लिस्ट में डाला है।
- अलीबाबा ने कर्मचारियों को अपने एआई कोडिंग टूल क्यूडर का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
Alibaba Claude Code ban: चीन की बड़ी टेक कंपनी अलीबाबा ग्रुप होल्डिंग ने अपने कर्मचारियों को काम के लिए Anthropic के क्लॉड कोड का इस्तेमाल बंद करने को कहा है। कंपनी ने सुरक्षा से जुड़ी चिंता के बाद यह फैसला लिया है। अलीबाबा ने क्लॉड कोड को ऐसे सॉफ्टवेयर की लिस्ट में डाल दिया है, जिसे कंपनी खतरे वाला मानती है।
अलीबाबा के ऑफिसों में यह रोक 10 जुलाई से लागू होगी। कंपनी ने अपने नोटिस में कहा कि क्लॉड कोड में हाल ही में कुछ ऐसे खतरे देखे गए हैं, जिनसे सुरक्षा और डेटा को नुकसान हो सकता है। इसके बाद अलीबाबा ने अपनी जांच की और क्लॉड कोड को रिस्की सॉफ्टवेयर की लिस्ट में शामिल कर दिया।
विवाद कैसे शुरू हुआ?
यह मामला तब शुरू हुआ, जब Anthropic पर आरोप लगा कि उसने अपने एआई कोडिंग टूल में एक छिपा हुआ कोड लगाया था। आरोप के मुताबिक, इस कोड से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही थी कि कोई यूजर चीन में है या किसी चीनी एआई लैब से जुड़ा है।
साइबर सुरक्षा से जुड़े जानकारों ने इस मामले को रेडिट और गिटहब पर उठाया था। रिपोर्ट के मुताबिक, यह कोड यूजर की चीन वाली समय सेटिंग, प्रॉक्सी सर्वर के इस्तेमाल और कुछ दूसरे संकेतों से जानकारी जुटा रहा था। आरोप है कि यह जानकारी छिपे हुए मैसेज के जरिए एंथ्रोपिक तक भेजी जा रही थी।
Anthropic ने क्या सफाई दी?
इस विवाद पर एंथ्रोपिक के इंजीनियर थारिक शिहिपर ने एक्स पर जवाब दिया। उन्होंने इसे मार्च में शुरू किया गया एक टेस्ट बताया। उनके मुताबिक, इसका इस्तेमाल गलत तरीके से क्लॉड कोड बेचने वालों को रोकना था।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: AI ने बदला शुरुआती नौकरियों का रास्ता, कंपनियों के सामने नई टेंशन
उन्होंने यह भी कहा कि कंपनी अपने एआई मॉडल्स को कॉपी होने से बचाना चाहती थी। कुछ लोग बड़े एआई मॉडल के जवाबों का इस्तेमाल करके छोटे और सस्ते एआई मॉडल बना लेते हैं। एंथ्रोपिक का कहना है कि इसी तरह की चीजों को रोकने के लिए यह सिस्टम बनाया गया था।
Anthropic पहले भी चीनी एआई कंपनियों पर ऐसा आरोप लगा चुका है। इनमें अलीबाबा का नाम भी शामिल है।
अब हटेगा विवादित सिस्टम, एंथ्रोपिक ने लिया बड़ा फैसला
थारिक शिहिपर ने कहा कि क्लॉड फेबल 5 को दोबारा जारी करते समय इस नजर रखने वाले सिस्टम को हटा दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि Anthropic पहले से ही इसे बंद करने की तैयारी कर रही थी, क्योंकि कंपनी बेहतर सुरक्षा के तरीके ढूंढने पर काम कर रही थी।
अमेरिका और चीन के बीच एआई पर खींचतान
यह विवाद ऐसे समय सामने आया है, जब अमेरिका में ताकतवर एआई सिस्टम्स के इस्तेमाल को लेकर सख्ती बढ़ रही है। पिछले महीने वॉशिंगटन ने Anthropic के फेबल 5 पर बाहर इस्तेमाल से जुड़े नियम लगाए थे। फेबल 5 को Anthropic के ज्यादा ताकतवर माइथोस मॉडल का पब्लिक वर्जन बताया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, अमेजन से जुड़े टीम के लोगों ने इसमें कुछ सुरक्षा खामियां पाई थीं। इसके चलते Anthropic ने इस मॉडल को कुछ समय के लिए सभी यूजर्स के लिए बंद कर दिया था। बाद में जब रोक हटा दी गई, तो इसका इस्तेमाल दोबारा शुरू कर दिया गया।
अलीबाबा ने कर्मचारियों को क्या विकल्प दिया?
अलीबाबा ने कर्मचारियों को क्लॉड कोड की जगह क्यूडर इस्तेमाल करने की सलाह दी है। क्यूडर अलीबाबा का अपना एआई कोडिंग टूल है।
Anthropic के प्रोडक्ट्स चीन में सीधे तौर पर नहीं मिलते। फिर भी वहां के कई डेवलपर्स इन्हें अलग-अलग तरीकों और दूसरी सर्विस के जरिए इस्तेमाल करते रहे हैं, क्योंकि ये कोडिंग और समझदारी से जवाब देने में काफी अच्छे माने जाते हैं।