Anthropic AI के नए टूल्स से आईटी शेयरों में डर! TCS, Infosys, HCL Tech से लेकर Wipro तक सब धड़ाम
इस बिकवाली की एक बड़ी वजह एआई डेवलपर Anthropic की नई पेशकश रही। कंपनी ने अपने Claude Cowork एजेंट के लिए प्लग-इन्स लॉन्च किए हैं, जो लीगल, सेल्स, मार्केटिंग और डेटा एनालिसिस जैसे कामों को ऑटोमेट कर सकते हैं।

Why IT Shares are Falling: बुधवार सुबह घरेलू शेयर बाजार में आईटी शेयरों पर दबाव देखने को मिल रहा है। Infosys Ltd, Wipro Ltd और Tata Consultancy Services Ltd (TCS) जैसे दिग्गज स्टॉक्स लाल निशान पर कारोबार कर रहे हैं।
सुबह 11:04 बजे तक BSE IT Index 5.79% या 2,151.30 अंक गिरकर 34,998.76 अंक पर कारोबार कर रहा था।
क्यों गिर रहे हैं आईटी शेयर्स?
आईटी शेयरों में गिरावट की वजह अमेरिका और यूरोप में डेटा एनालिटिक्स, प्रोफेशनल सर्विसेज और सॉफ्टवेयर कंपनियों के शेयरों में आई तेज गिरावट रही। बाजार में यह डर गहराया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के नए टूल्स आईटी बिजनेस मॉडल को तेजी से बदल सकते हैं।
इस बिकवाली की एक बड़ी वजह एआई डेवलपर Anthropic की नई पेशकश रही। कंपनी ने अपने Claude Cowork एजेंट के लिए प्लग-इन्स लॉन्च किए हैं, जो लीगल, सेल्स, मार्केटिंग और डेटा एनालिसिस जैसे कामों को ऑटोमेट कर सकते हैं। ये प्लग-इन्स अलग-अलग यूज केस में काम करते हैं और खास जॉब फंक्शन के हिसाब से Claude को ढालने में मदद करते हैं।
ADRs की गिरावट से बढ़ी चिंता
रातोंरात अमेरिकी बाजार में Infosys Ltd के अमेरिकी डिपॉजिटरी रिसीट (ADR) 5.56 फीसदी टूटकर 17.32 डॉलर पर आ गए। वहीं Wipro Ltd के ADRs में 4.83 फीसदी की गिरावट आई और यह 2.56 डॉलर पर बंद हुए। इन संकेतों से निवेशकों को घरेलू कारोबार में भी आईटी शेयरों पर दबाव की आशंका हुई।
ग्लोबल बाजार भी दबाव में
सिर्फ आईटी ही नहीं, ग्लोबल इक्विटी बाजारों में भी कमजोरी दिखी। Nasdaq Composite 1.43 फीसदी गिरकर 23,255.19 पर बंद हुआ, जबकि S&P 500 में 0.84 फीसदी की गिरावट आई और यह 6,917.81 पर आ गया।
Jefferies की चेतावनी
29 जनवरी की एक रिपोर्ट में ब्रोकरेज Jefferies ने कहा कि OpenAI की शुरुआती सफलता ने अमेरिकी बिग टेक कंपनियों को झकझोर दिया है। इससे कैपेक्स में उछाल आया और कंपनियां अपने पारंपरिक, एसेट-लाइट मॉडल से हटने को तैयार दिख रही हैं।
जेफरिज ने यह भी कहा कि तीन साल पहले जहां OpenAI को सबसे बड़ा खतरा माना जा रहा था, अब तस्वीर बदल रही है। रिपोर्ट के मुताबिक ऐसे सबूत बढ़ रहे हैं कि कॉरपोरेट बाजार में OpenAI की जगह Anthropic का Claude मजबूत हो रहा है।
Anthropic के वैल्यूएशन में उछाल
Jefferies के अनुसार, Anthropic का AI कोडिंग टूल Claude Code मई में लॉन्च हुआ था और नवंबर तक 1 अरब डॉलर की एनुअलाइज्ड रिकरिंग रेवेन्यू तक पहुंच गया।
ब्रोकरेज ने कहा कि कंपनी मौजूदा फंडिंग राउंड में करीब 20 अरब डॉलर जुटा सकती है, जिससे इसका वैल्यूएशन लगभग 350 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है।