ट्रेंट लिमिटेड के शेयर में शानदार तेजी! 7% उछला भाव - जानिए क्यों चमका ये टाटा स्टॉक?

Trent Ltd के शेयर मजबूत बिजनेस अपडेट के बाद करीब 7% चढ़े। मार्च तिमाही में कंपनी का राजस्व 20% बढ़ा और पूरे साल में भी शानदार ग्रोथ रही। Westside और Zudio स्टोर्स के तेजी से विस्तार ने प्रदर्शन को मजबूती दी, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा है।

Advertisement

By Gaurav Kumar:

टाटा ग्रुप की रिटेल कंपनी ट्रेंट लिमिटेड (Trent Ltd) के शेयर सोमवार को करीब 7% चढ़कर सेंसेक्स और निफ्टी में टॉप गेनर बन गए। कंपनी के मार्च तिमाही के बिजनेस अपडेट ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया, जिसके बाद शेयर बीएसई पर 6.65% उछलकर 3,790 रुपये के स्तर तक पहुंच गया।

कंपनी ने बताया कि मार्च तिमाही में उसका राजस्व सालाना आधार पर 20% बढ़कर 4,937 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल इसी अवधि में 4,106 करोड़ रुपये था।

सालाना प्रदर्शन भी मजबूत

पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में Trent का राजस्व 18% बढ़कर 19,701 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो एक साल पहले 16,668 करोड़ रुपये था। कंपनी के मुताबिक, मर्चेंडाइज बिक्री (अन्य आय को छोड़कर) तिमाही में 21% और पूरे साल में 19% बढ़ी।

स्टोर विस्तार से मिली रफ्तार

मार्च 2026 तक Trent का कुल स्टोर पोर्टफोलियो 1,286 तक पहुंच गया। इसमें 300 Westside, 963 Zudio (जिसमें UAE के 6 स्टोर शामिल हैं) और अन्य फॉर्मेट्स के 23 स्टोर शामिल हैं।

तिमाही के दौरान कंपनी ने 22 नए Westside और 109 Zudio स्टोर जोड़े। पूरे साल में यह संख्या क्रमशः 52 और 198 रही। आक्रामक विस्तार रणनीति कंपनी की ग्रोथ का बड़ा कारण बनी है।

कंपीटिशन में आगे ट्रेंट

ICICI Securities ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि Westside और Zudio जैसे Trent के फॉर्मेट्स अपने प्रतिस्पर्धियों से बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार डिसिप्लिन्ड इन्वेंट्री मैनेजमेंट, हर हफ्ते नए स्टॉक और किफायती ब्यूटी प्रोडक्ट्स में अच्छी मांग ट्रेंट को बढ़त दे रही है।

इसके उलट, प्रतिस्पर्धी ब्रांड्स जैसे Intune (Shoppers Stop) और Yousta (Reliance) पुराने स्टॉक और कमजोर मांग से जूझ रहे हैं।

आगे का आउटलुक और टारगेट प्राइस

ब्रोकरेज का अनुमान है कि FY25-28 के दौरान Trent की आय 18%, EBITDA 22% और मुनाफा 14% की दर से बढ़ सकते हैं। ICICI Securities ने 4,100 रुपये का टारगेट प्राइस बरकरार रखते हुए ‘ADD’ रेटिंग दी है।

हालांकि, रिपोर्ट में यह भी चेतावनी दी गई है कि डिस्क्रिशनरी खर्च में सुस्ती, बढ़ती प्रतिस्पर्धा और नए फॉर्मेट्स के निष्पादन से जुड़े जोखिम बने रह सकते हैं।

Read more!
Advertisement