इस आईटी कंपनी ने बदली अपनी AI रणनीति! साइबर वॉर, सप्लाई चेन और एनर्जी पर बढ़ाया फोकस, कल 5% चढ़ा था स्टॉक

इस कंपनी ने अपनी AI रणनीति में बड़ा बदलाव करते हुए साइबर सुरक्षा, सप्लाई चेन और एनर्जी मैनेजमेंट पर फोकस बढ़ाया है। कंपनी का स्टॉक करीब 5% चढ़ा। साथ ही AI Studio फीचर लॉन्च किया गया और यूजर ग्रोथ में 45% की तेज बढ़ोतरी दर्ज हुई है।

Advertisement

By Gaurav Kumar:

Penny Stock: गुड फ्राइडे के कारण आज शुक्रवार को शेयर बाजार बंद है। हालांकि बीते गुरुवार को शेयर बाजार शुरुआती गिरावट के बाद अंत में हरे निशान पर बंद हुआ था। इस बीच स्मॉल कैप आईटी कंपनी, सिल्वरलाइन टेक्नोलॉजीज लिमिटेड (Silverline Technologies Ltd) ने अपने निवेशकों को बड़ी जानकारी दी जिसके बाद कंपनी का स्टॉक बीएसई पर 4.90% या 0.40 रुपये पर बंद हुआ।

कंपनी ने अपने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि Silverline Technologies Ltd ने मौजूदा वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों और बदलते भू-राजनीतिक माहौल को देखते हुए अपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) शाखा की रणनीति में बड़ा बदलाव (Pivot) करने का फैसला किया है। अब कंपनी अपने AI रिसर्च और सॉल्यूशन को खास तौर पर तीन अहम क्षेत्रों में केंद्रित करेगी।

पहला- साइबर वॉरफेयर, जिसमें एंटरप्राइज और सरकारी स्तर की डिजिटल सुरक्षा के लिए उन्नत थ्रेट डिटेक्शन और डिफेंस सिस्टम विकसित किए जाएंगे। दूसरा- सप्लाई चेन मैनेजमेंट, जहां प्रिडिक्टिव AI मॉडल्स के जरिए वैश्विक सप्लाई चेन को भू-राजनीतिक व्यवधानों से सुरक्षित और सुचारु बनाया जाएगा। तीसरा- एनर्जी मैनेजमेंट, जिसमें ग्रिड ऑप्टिमाइजेशन, संसाधनों के बेहतर उपयोग और टिकाऊ ऊर्जा वितरण के लिए स्मार्ट सिस्टम तैयार किए जाएंगे।

कंपनी के एमडी और सीएफओ यकीनकुमार जोशी के अनुसार यह रणनीतिक बदलाव कंपनी की उस सोच को दिखाता है, जिसमें वह अपने इनोवेशन प्लान को वैश्विक प्राथमिकताओं के साथ जोड़ते हुए स्केलेबल ग्रोथ और निवेशकों के लिए लंबे समय तक मूल्य निर्माण सुनिश्चित करना चाहती है। उन्होंने बताया कि इस फोकस्ड अप्रोच से कंपनी उन नए वैश्विक अवसरों का लाभ उठा सकेगी, जहां AI का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है।

कंपनी ने यह भी बताया कि उसके मुख्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर डेली एक्टिव यूजर्स में 45% की तेज बढ़ोतरी हुई है, जिसके चलते सिस्टम को बेहतर बनाने के लिए 24 से 72 घंटे का निर्धारित मेंटेनेंस किया जाएगा। इसके बाद सेवाएं पहले से ज्यादा क्षमता और बेहतर अनुभव के साथ फिर से शुरू होंगी।

इसके अलावा, कंपनी ने 'AI Studio' नाम का नया फीचर लॉन्च किया है, जिससे यूजर्स टेक्स्ट के जरिए आसानी से प्रोफेशनल इमेज बना सकते हैं। यह फीचर तीन महीने तक मुफ्त रहेगा, इसके बाद इसे ₹249 प्रति माह में उपलब्ध कराया जा सकता है।

Read more!
Advertisement