IPO Alert: Shree Ram Twistex और Clean Max के आईपीओ खुले, जानें किसमें पैसा लगाएं और किससे रहें दूर
इस हफ्ते निवेशकों के लिए आईपीओ बाजार में दो बड़ी पेशकशें खुली हैं श्री राम ट्विस्टेक्स (Shree Ram Twistex) और क्लीन मैक्स एनवायरो एनर्जी सॉल्यूशंस (Clean Max Enviro Energy Solutions).

IPO Alert: इस हफ्ते निवेशकों के लिए आईपीओ बाजार में दो बड़ी पेशकशें खुली हैं श्री राम ट्विस्टेक्स (Shree Ram Twistex) और क्लीन मैक्स एनवायरो एनर्जी सॉल्यूशंस (Clean Max Enviro Energy Solutions).
Shree Ram Twistex IPO
सबसे पहले अगर श्री राम ट्विस्टेक्स की बात करें तो इसका आईपीओ 23 फरवरी से खुलकर 25 फरवरी तक सब्सक्रिप्शन के लिए खुला रहेगा। कंपनी ने आईपी का प्राइस बैंड 95 से 104 रुपये तय किया है और लॉट साइज 144 शेयरों का तय किया है।
राजकोट स्थित यह कंपनी कॉटन यार्न यानी सूती धागा बनाती है, जिसका इस्तेमाल डेनिम, तौलिए, कपड़े, होम टेक्सटाइल और इंडस्ट्रियल फैब्रिक बनाने में होता है। कंपनी का यह आईपीओ पूरी तरह से फ्रेश इश्यू है जहां कंपनी 1.06 करोड़ इक्विटी शेयर की पेशकश कर रही है। यह आईपीओ कुल ₹110.24 करोड़ का है।
कंपनी ने बताया कि आईपीओ से जुटाए पैसे का उपयोग सोलर और विंड पावर प्लांट लगाने, कर्ज चुकाने, वर्किंग कैपिटल और सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों के लिए किया जाएगा।
कंपनी का हालिया प्रदर्शन ठीक रहा है। सितंबर 2025 तक के आंकड़ों के मुताबिक कंपनी ने 132 करोड़ रुपये से ज्यादा का राजस्व और करीब 7 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया। ग्रे मार्केट में शेयर करीब 5 रुपये प्रीमियम पर चल रहा है, जिससे लगभग 5% लिस्टिंग गेन का संकेत मिलता है।
Shree Ram Twistex आईपीओ में पैसा लगाएं या नहीं?
श्री राम ट्विस्टेक्स के आईपीओ को लेकर ब्रोकरेज हाउस की राय मिली-जुली है। Arihant Capital Markets का कहना है कि कंपनी की क्षमता उपयोग दर अच्छी है और ग्रीन एनर्जी व बैकवर्ड इंटीग्रेशन से लागत घट सकती है, जिससे मुनाफा बढ़ने की संभावना है। हालांकि यार्न उद्योग साइक्लिक होने, कुछ ग्राहकों पर निर्भरता और कॉटन की कीमतों में उतार-चढ़ाव के कारण भविष्य की ग्रोथ सीमित रह सकती है, इसलिए उन्होंने इसे “Neutral” रेटिंग दी है।
वहीं Swastika Investmart के अनुसार कंपनी के मार्जिन सुधर रहे हैं, लेकिन आईपीओ की कीमत पहले से ही महंगी है और इसमें भविष्य की ग्रोथ काफी हद तक शामिल हो चुकी है, इसलिए उन्होंने इसे “Avoid” यानी बचने की सलाह दी है, खासकर उन निवेशकों के लिए जो लिस्टिंग गेन चाहते हैं।
दूसरी तरफ Master Capital Services, Ventura Securities और BP Equities ने कंपनी के मजबूत बिजनेस, टेक्सटाइल सेक्टर की मांग और लॉन्ग-टर्म संभावनाओं को देखते हुए आईपीओ को मध्यम से लंबी अवधि के लिए “Subscribe” करने की सलाह दी है। कुल मिलाकर यह आईपीओ सुरक्षित या शॉर्ट-टर्म निवेश के बजाय जोखिम लेने वाले और लंबी अवधि के निवेशकों के लिए ज्यादा उपयुक्त माना जा रहा है।
Clean Max Enviro Energy Solutions IPO
क्लीन मैक्स एनवायरो एनर्जी सॉल्यूशंस (Clean Max Enviro Energy Solutions) का आईपीओ भी 23 से 25 फरवरी तक खुला है।यह आईपीओ 3,100 करोड़ रुपये है, जिसमें नई शेयर बिक्री और ऑफर फॉर सेल दोनों शामिल हैं।
इसका प्राइस बैंड 1,000 से 1,053 रुपये है और 14 शेयरों का लॉट साइज है। बेंगलुरु स्थित यह कंपनी औद्योगिक और कॉरपोरेट ग्राहकों को ग्रीन पावर उपलब्ध कराती है। इसके पास 2.5 गीगावॉट से ज्यादा परिचालन क्षमता है और कई बड़े वैश्विक ग्राहक भी हैं।
आईपीओ से जुटाई गई राशि का उपयोग मुख्य रूप से कर्ज घटाने और सामान्य कॉरपोरेट कामों में किया जाएगा। कंपनी ने एंकर निवेशकों से पहले ही 900 करोड़ रुपये से ज्यादा जुटा लिए हैं, जिसमें कई बड़े घरेलू और विदेशी संस्थागत निवेशक शामिल हैं।
ग्रे मार्केट में इसका प्रीमियम बहुत कम है, जिससे फ्लैट लिस्टिंग की संभावना जताई जा रही है।
पैसा लगाएं या नहीं
क्लीन मैक्स एनवायरो एनर्जी के आईपीओ को लेकर ज्यादातर ब्रोकरेज हाउस पॉजिटिव नजर आ रहे हैं और लंबी अवधि के निवेश के लिए “Subscribe” करने की सलाह दे रहे हैं।
Anand Rathi और Aditya Birla Money के अनुसार कंपनी कॉरपोरेट ग्राहकों को नवीकरणीय ऊर्जा समाधान देने में मजबूत स्थिति में है, उसके पास लंबी अवधि के कॉन्ट्रैक्ट और स्थिर कैश फ्लो की संभावना है, जिससे भविष्य में स्थायी ग्रोथ मिल सकती है। हालांकि वैल्यूएशन कुछ महंगा माना गया है, फिर भी ग्रीन एनर्जी सेक्टर की तेजी और बढ़ती मांग को देखते हुए इसे लॉन्ग टर्म के लिए अच्छा अवसर बताया गया है।
Swastika Investmart ने इसे “Neutral” कहा है और माना है कि शॉर्ट टर्म या लिस्टिंग गेन के लिए यह आकर्षक नहीं है, लेकिन समझदार निवेशक मध्यम से लंबी अवधि के लिए विचार कर सकते हैं।
BP Equities, Ventura Securities, LakshmiShree Investments और Way2Wealth Research ने भी कंपनी की मजबूत बाजार स्थिति, बढ़ती ऑर्डर बुक, बड़े कॉरपोरेट ग्राहकों और ग्रीन एनर्जी की लॉन्ग टर्म संभावनाओं को देखते हुए निवेश की सलाह दी है। कुल मिलाकर विशेषज्ञों की राय है कि यह आईपीओ तेज मुनाफे के बजाय लंबी अवधि के निवेशकों और कुछ जोखिम उठाने वाले निवेशकों के लिए ज्यादा उपयुक्त है।