एक दिन में ही गोल्ड की कीमतों में इतना जबरदस्त उछाल क्यों?
सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली है। भारत समेत विदेशी बाजारों में गोल्ड की कीमत रिकॉर्ड लेवल पर पहुंच गई है। वहीं चांदी के दाम में लगातार चौथे दिन इजाफा देखने को मिला है। देश की राजधानी दिल्ली में सोने का भाव शुक्रवार को 1,200 रुपए उछलकर दो महीने के उच्चतम स्तर 75,550 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।

सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली है। भारत समेत विदेशी बाजारों में गोल्ड की कीमत रिकॉर्ड लेवल पर पहुंच गई है। वहीं चांदी के दाम में लगातार चौथे दिन इजाफा देखने को मिला है। देश की राजधानी दिल्ली में सोने का भाव शुक्रवार को 1,200 रुपए उछलकर दो महीने के उच्चतम स्तर 75,550 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। आइये जानते हैं आखिर गोल्ड और सिल्वर की कीमतों में इतनी तेजी क्यों आई? आगे क्या स्थिति रह सकती है?
क्यों बढ़ी कीमतें?
गोल्ड-सिल्वर की कीमतों में तेज उछाल के पीछे ग्लोबल बाजार हैं। निवेशकों को अगले हफ्ते अमेरिकी फेडरल रिजर्व के जरिए ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद है, जिससे सोने की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गईं। इसके अलावा शादियों और त्योहरों के चलते भी खरीदारी बढ़ रही है। खरीदार सोने का विकल्प चुन रहे हैं, जिससे मांग में बढ़ोतरी हो रही है। जुलाई में सरकार के जरिए सोने और चांदी पर कस्टम ड्यूटी को 15 प्रतिशत से घटाकर 6 प्रतिशत करने के बाद स्थानीय बाजारों में सोने की कीमतें 5,000 रुपए की तेज गिरावट देखने को मिली थी और भाव 71,050 रुपए प्रति 10 ग्राम रह गया था।
इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, शुक्रवार को 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 1,243 रुपए बढ़कर 73,044 रुपए पर आ गया। गुरुवार को इसके दाम 71,801 रुपए प्रति दस ग्राम थे। वहीं एक किलो चांदी 2,912 रुपए बढ़कर 86,100 रुपए प्रति किलो हो गई है। इस साल सोना अप्रैल में 73,302 प्रति 10 ग्राम के ऑल टाइम हाई पर पहुंच चुका है। वहीं चांदी 29 मई को अपने ऑल टाइम हाई 94,280 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई थी।
एक्सपर्ट्स की राय
विशेषज्ञों का कहना है कि डॉलर के कमजोर होने से शुक्रवार को गोल्ड की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है। कम ब्याज दरें सर्राफा कीमतों के लिए पॉजिटिव हैं क्योंकि इससे गैर-ब्याज असर वाली संपत्ति को रखने की लागत कम हो जाती है, जो निवेशकों को निवेश के लिए आकर्षित करती हैं।