आपके फोन पर आया ‘Total TDS’ मैसेज? घबराएं नहीं, जानें टैक्सपेयर्स के लिए क्यों है जरूरी
आपके फोन पर भी इनकम टैक्स विभाग का ‘Total TDS’ SMS आया है तो इसे नजरअंदाज न करें। यह मैसेज नोटिस नहीं है, लेकिन इसमें दी गई रकम की जांच जरूरी है। छोटी-सी गड़बड़ी आपके टैक्स कैलकुलेशन और रिफंड पर असर डाल सकती है। जानिए यह मैसेज क्यों भेजा गया है।

In Short
- इनकम टैक्स विभाग का ‘Total TDS’ SMS कोई नोटिस या चेतावनी नहीं है।
- SMS में दी गई TDS रकम को Form 26AS और ATS से जरूर मिलाएं।
- सैलरीड टैक्सपेयर्स के लिए ITR भरने की आखिरी तारीख 31 जुलाई है।
Income Tax Department SMS: इनकम टैक्स रिटर्न यानी ITR भरने की 31 जुलाई की आखिरी तारीख नजदीक आ रही है। इस बीच देशभर में कई टैक्सपेयर्स को इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की ओर से ‘Total TDS’ से जुड़ा SMS मिल रहा है। पहली नजर में यह मैसेज किसी टैक्स नोटिस जैसा लग सकता है, लेकिन इससे घबराने की जरूरत नहीं है।
मैसेज में क्या जानकारी दी जा रही है?
इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के मैसेज में बताया जा रहा है कि टैक्सपेयर के PAN पर उसके नियोक्ता ने मार्च तिमाही में कितना TDS दर्ज किया है। इसके साथ ही वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान जमा किए गए कुल TDS की जानकारी भी दी जा रही है।
मैसेज में टैक्सपेयर्स को Form 26AS और Annual Tax Statement यानी ATS में उपलब्ध जानकारी देखने के लिए कहा गया है।
इनकम टैक्स विभाग क्यों भेज रहा है SMS?
इनकम टैक्स विभाग चाहता है कि लोग ITR भरने से पहले अपने TDS रिकॉर्ड की अच्छी तरह जांच कर लें। टैक्सपेयर्स को SMS में दी गई रकम का मिलान Form 26AS और ATS में दिखाई जा रही जानकारी से करना चाहिए।
अगर TDS की रकम गलत है या पूरा TDS रिकॉर्ड में नहीं दिख रहा है, तो टैक्सपेयर को ITR भरने से पहले इसे ठीक कराने का समय मिल सकता है। इससे गलत टैक्स कैलकुलेशन, रिफंड में देरी या विभाग की ओर से अतिरिक्त सवाल आने की संभावना कम हो सकती है।
तेजी से भरे जा रहे हैं इनकम टैक्स रिटर्न
इनकम टैक्स विभाग के मुताबिक, असेसमेंट ईयर 2026-27 के लिए 1.7 करोड़ से ज्यादा टैक्सपेयर्स अपना ITR भर चुके हैं। एक दिन में 10 लाख से अधिक रिटर्न भी दाखिल किए गए हैं।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: 8वें वेतन आयोग में 20 वैकेंसी, जानें कौन कर सकता है आवेदन
विभाग लोगों से अपील कर रहा है कि वे आखिरी सप्ताह का इंतजार न करें और समय रहते रिटर्न भर दें। आखिरी दिनों में पोर्टल पर ज्यादा ट्रैफिक होने के कारण परेशानी या गलतियां हो सकती हैं।
TDS जांचना क्यों जरूरी है?
TDS वह टैक्स है, जिसे नियोक्ता सैलरी देने से पहले काटकर कर्मचारी की ओर से सरकार के पास जमा करता है। ITR भरते समय टैक्सपेयर इस रकम का क्रेडिट लेता है।
अगर असल में काटे गए TDS और Form 26AS या ATS में दिखाई जा रही रकम में अंतर है, तो रिफंड में देरी हो सकती है या टैक्स की रकम गलत निकल सकती है।
31 जुलाई है अहम तारीख
सैलरी पाने वाले कर्मचारियों, पेंशनर्स और ऐसे लोगों के लिए 31 जुलाई ITR भरने की आखिरी तारीख है, जिनके खातों का ऑडिट जरूरी नहीं है। तारीख निकलने के बाद रिटर्न भरने पर लेट फीस, बकाया टैक्स पर ब्याज और दूसरी परेशानियां हो सकती हैं।
ITR भरने से पहले Form 16, Form 26AS, ATS, बैंक ब्याज, कैपिटल गेन और टैक्स छूट से जुड़े दस्तावेज तैयार रखें। ‘Total TDS’ SMS कोई नोटिस नहीं, बल्कि टैक्स रिकॉर्ड जांचने और समय पर रिटर्न भरने की याद दिलाने वाला मैसेज है।