Business Idea: गैस एजेंसी लेकर हर महीने ₹10 लाख तक कमा सकते हैं, जानिए कैसे करें आवेदन और क्या है पूरी प्रक्रिया
LPG एजेंसी खोलने का काम तीन सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों: इंडियन ऑयल (इंडेन), भारत पेट्रोलियम (भारत गैस) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HP गैस) के जरिए किया जा सकता है। इच्छुक उम्मीदवार ऑनलाइन पोर्टल (lpgvitarakchayan.in) या संबंधित कंपनियों की वेबसाइट से आवेदन कर सकते हैं। चयन प्रक्रिया में इंटरव्यू, दस्तावेज जांच और फील्ड वेरिफिकेशन शामिल होता है। अगर योग्य आवेदकों की संख्या अधिक हो, तो लकी ड्रॉ से चयन होता है।

Gas Agency Business: रसोई गैस की मांग भारत में बीते दशक में दोगुनी से भी अधिक हो चुकी है। 1 जुलाई 2025 तक देश में 33.52 करोड़ एक्टिव घरेलू LPG कनेक्शन हो चुके हैं, जबकि 2014 में यह आंकड़ा 14.52 करोड़ था। खासतौर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 10 करोड़ से अधिक परिवारों को गैस कनेक्शन मिलने से LPG डिस्ट्रीब्यूटरशिप एक प्रॉफिटेबल बिजनेस बनकर उभरी है।
LPG एजेंसी खोलने का काम तीन सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों: इंडियन ऑयल (इंडेन), भारत पेट्रोलियम (भारत गैस) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HP गैस) के जरिए किया जा सकता है। इच्छुक उम्मीदवार ऑनलाइन पोर्टल (lpgvitarakchayan.in) या संबंधित कंपनियों की वेबसाइट से आवेदन कर सकते हैं। चयन प्रक्रिया में इंटरव्यू, दस्तावेज जांच और फील्ड वेरिफिकेशन शामिल होता है। अगर योग्य आवेदकों की संख्या अधिक हो, तो लकी ड्रॉ से चयन होता है।
एजेंसी खोलने के लिए न्यूनतम 15 से 30 लाख रुपये के निवेश की जरूरत होती है, जिसमें गोदाम, ऑफिस, वाहन, उपकरण और सिक्योरिटी डिपॉजिट शामिल होते हैं। सिलेंडर डिलीवरी की सुविधा और स्थान की उपलब्धता को देखते हुए कंपनियां अंतिम मंजूरी देती हैं।
कमाई के लिहाज से यह बिजनेस बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है। डिस्ट्रीब्यूटर को प्रति 14.2 किलोग्राम सिलेंडर पर ₹73.08 का कमीशन मिलता है। अगर कोई डिस्ट्रीब्यूटर महीने में 3,000 सिलेंडर सप्लाई करता है, तो करीब ₹2.19 लाख की आय होती है, जिसमें से ₹1.5 लाख खर्च निकालने के बाद भी ₹70,000 की शुद्ध कमाई संभव है। शहरी इलाकों में कुछ डिस्ट्रीब्यूटर रोजाना 500 सिलेंडर यानी महीने के 15000 सिलेंडर तक डिलीवर करते हैं, जिससे उनकी मासिक आय ₹10 लाख से ऊपर भी पहुंच सकती है।
सरकार ने चयन प्रक्रिया में सामाजिक समावेश सुनिश्चित किया है। जनरल कैटेगरी के लिए 50% आरक्षण के अलावा SC/ST, भूतपूर्व सैनिक, स्वतंत्रता सेनानी और राष्ट्रीय खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी जाती है। भारत में LPG की मांग 5-6% की वार्षिक दर से बढ़ रही है, जिससे डिस्ट्रीब्यूटरशिप की आमदनी में स्थिरता और वृद्धि की संभावनाएं बनी हुई हैं।