बुकिंग के बावजूद समय पर नहीं मिल रही है गैस सिलेंडर की डिलीवरी? जानें कहां और कैसे करें शिकायत
अगर आपका गैस डीलर भी सिलेंडर देने में आनाकानी कर रहा है या आपसे तय कीमत से ज्यादा पैसे मांग रहा है, तो आपको चुप बैठने की जरूरत नहीं है। आप सीधे अपनी गैस कंपनी के टोल-फ्री नंबर पर कॉल करके अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं, जिस पर तुरंत कार्रवाई की जाती है।

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव ने भारतीय रसोई के बजट और सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ा दी है। आम लोगों के बीच इस बात का डर है कि कहीं युद्ध के हालात के कारण एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत न हो जाए।
हालांकि, केंद्र सरकार ने इन सभी आशंकाओं पर विराम लगाते हुए साफ किया है कि देश में घरेलू एलपीजी की कोई कमी नहीं है। सरकार के मुताबिक, आम उपभोक्ताओं की जरूरत को सबसे ऊपर रखा जा रहा है और सप्लाई चैन पूरी तरह सुरक्षित है, इसलिए किसी को भी घबराने या पैनिक बुकिंग करने की जरूरत नहीं है।
बुकिंग अवधि और शिकायतें दोनों बढ़ीं
भले ही सरकार एलपीजी की सप्लाई में कोई कमी नहीं होने का भरोसा दे रही है, लेकिन नियमों में एक छोटा सा बदलाव जरूर हुआ है। अब देश में घरेलू सिलेंडर की बुकिंग अवधि को 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है।
इसका मतलब है कि अब आप एक सिलेंडर लेने के 25 दिन बाद ही दूसरा सिलेंडर बुक कर पाएंगे। इस नियम के आते ही कुछ जगहों से डीलरों की मनमानी की खबरें भी आने लगी हैं।
कई उपभोक्ता शिकायत कर रहे हैं कि बुकिंग के बावजूद उन्हें समय पर डिलीवरी नहीं मिल रही है या कुछ डीलर मजबूरी का फायदा उठाकर कालाबाजारी की कोशिश कर रहे हैं।
बुकिंग के बावजूद समय पर नहीं मिल रही है गैस सिलेंडर की डिलीवरी
अगर आपका गैस डीलर भी सिलेंडर देने में आनाकानी कर रहा है या आपसे तय कीमत से ज्यादा पैसे मांग रहा है, तो आपको चुप बैठने की जरूरत नहीं है। आप सीधे अपनी गैस कंपनी के टोल-फ्री नंबर पर कॉल करके अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं, जिस पर तुरंत कार्रवाई की जाती है।
यहां करें शिकायत
यदि आप इंडेन गैस के ग्राहक हैं, तो आप टोल-फ्री नंबर 1800-2333-555 पर अपनी समस्या बता सकते हैं। इसके अलावा बुकिंग से जुड़ी दिक्कतों के लिए 7718955555 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
वहीं, भारत गैस के उपभोक्ताओं के लिए 1800-22-4344 नंबर जारी किया गया है।
अगर आप एचपी गैस इस्तेमाल करते हैं और डीलर आपको परेशान कर रहा है, तो आप 1800-2333-555 या उनके 'एचपी एनीटाइम' नंबर 9493602222 पर शिकायत कर सकते हैं।