EPFO की बड़ी तैयारी, 34 करोड़ खातों में ब्याज क्रेडिट होगा, UMANG App से ऐसे करें चेक
PF खाताधारकों के लिए 15 जुलाई बड़ा दिन हो सकता है। EPFO वित्त वर्ष 2025-26 का ब्याज करोड़ों खातों में क्रेडिट करेगा। सरकार 1.44 लाख करोड़ रुपये की रकम ट्रांसफर करेगी। UMANG App, EPFO पोर्टल, मिस कॉल या SMS से बैलेंस चेक किया जा सकेगा। यहां जानिए पूरी आसान प्रक्रिया.

In Short
- EPFO 15 जुलाई को करीब 34 करोड़ पीएफ खातों में वित्त वर्ष 2025-26 का ब्याज क्रेडिट करेगा।
- सरकार इस बार कुल 1.44 लाख करोड़ रुपये की ब्याज राशि सीधे सब्सक्राइबर्स के खातों में ट्रांसफर करेगी।
- खाताधारक UMANG App, EPFO पोर्टल, मिस कॉल या SMS के जरिए अपना PF बैलेंस चेक कर सकेंगे।
PF Interest Credit: देश के करोड़ों PF खाताधारकों के लिए अच्छी खबर है। EPFO 15 जुलाई को वित्त वर्ष 2025-26 का ब्याज PF खातों में जमा करने जा रहा है। केंद्रीय श्रम और रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया के अनुसार, करीब 34 करोड़ खातों में ब्याज की रकम डाली जाएगी। इसमें चालू और बंद पड़े खाते भी शामिल हैं।
सरकार इस बार करीब 1.44 लाख करोड़ रुपये की ब्याज राशि सीधे PF खाताधारकों के खातों में भेजेगी। अगर आपका भी PF खाता है, तो आप 15 जुलाई के बाद अपना बैलेंस आसानी से चेक कर सकते हैं।
15 जुलाई को खाते में आएगा ब्याज
PF पर ब्याज दर तय करने के लिए CBT की 239वीं बैठक हुई थी। इस बैठक में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए PF पर 8.25 फीसदी सालाना ब्याज देने की सिफारिश की गई थी। वित्त मंत्रालय से मंजूरी मिलने के बाद अब यह पैसा खाताधारकों के PF खातों में भेजा जाएगा।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: EPF की भूली हुई बचत, 30.91 लाख खातों में पड़े हैं ₹9,330 करोड़
यह लगातार तीसरा साल है, जब PF पर 8.25 फीसदी ब्याज दर रखी गई है। सरकार का कहना है कि बाजार में उतार-चढ़ाव के बावजूद PF खाताधारकों के ब्याज में कोई कटौती नहीं की गई है।
अब लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा
इस बार खाताधारकों को ब्याज दिखने के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। EPFO ने नया तकनीकी सिस्टम तैयार किया है, जिसकी मदद से सरकारी अधिसूचना जारी होते ही ब्याज की राशि सीधे खातों में ट्रांसफर कर दी जाएगी।
पहले कई बार पीएफ खाताधारकों को ब्याज दिखने में महीनों का इंतजार करना पड़ता था, लेकिन अब यह प्रक्रिया तेज और साफ मानी जा रही है। EPFO को ETF और अपने मजबूत निवेश पोर्टफोलियो से अच्छे रिटर्न मिले हैं, जिसकी वजह से संगठन 8 फीसदी से ऊपर ब्याज देने में सफल रहा है।
मिस कॉल से ऐसे चेक करें PF बैलेंस
अगर आपका मोबाइल नंबर UAN से रजिस्टर्ड है, तो आप मिस कॉल देकर भी बैलेंस चेक कर सकते हैं। इसके लिए अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 9966044425 पर कॉल करें। दो रिंग के बाद कॉल अपने आप कट जाएगी।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: नए पीएफ नियम लागू होने के बाद क्या बढ़ जाएगी आपकी इन-हैंड सैलरी?
इसके बाद आपके फोन पर SMS आएगा, जिसमें कुल बैलेंस और आखिरी कंट्रीब्यूशन की जानकारी होगी।
SMS और UMANG App से भी मिलेगी जानकारी
आप SMS भेजकर भी अपना PF बैलेंस चेक कर सकते हैं। इसके लिए अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से EPFOHO UAN ENG लिखकर 7738299899 पर भेजें। अगर आपको हिंदी में जानकारी चाहिए, तो EPFOHO UAN HIN लिखकर भेजें।
इसके अलावा आप EPFO की पासबुक वेबसाइट passbook.epfindia.gov.in पर लॉगिन करके भी बैलेंस देख सकते हैं। UMANG App से भी PF बैलेंस और ब्याज की जानकारी आसानी से चेक की जा सकती है।