कार या बाइक खरीदने का प्लान है? डीलर से व्हीकल इंश्योरेंस लेने से पहले ये सच जान लें
नई कार या बाइक खरीदते समय डीलर से इंश्योरेंस लेना अक्सर महंगा पड़ सकता है। कई बार ऊंचा प्रीमियम, कम IDV और जरूरी कवर हटाकर पॉलिसी दी जाती है। सही तुलना, NCB का लाभ और ऑनलाइन विकल्प चुनकर आप बेहतर कवरेज के साथ हजारों रुपये बचा सकते हैं।

Car-Bike Insurance: नई कार या बाइक खरीदना हर किसी के लिए एक बड़ा सपना होता है। शोरूम में गाड़ी देखते वक्त हमारा सारा ध्यान उसकी कीमत, मॉडल और डिलीवरी की तारीख पर होता है।
इसी बीच, 'इंश्योरेंस' बिल का एक हिस्सा बनकर रह जाता है, जिसे हम बिना ज्यादा सवाल किए स्वीकार कर लेते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसी जल्दबाजी में आप हजारों रुपये फालतू दे रहे हैं? हकीकत यह है कि डीलरशिप से बीमा लेना अक्सर आपकी जेब पर भारी पड़ता है और आपको वह सुरक्षा भी नहीं मिलती जिसकी आपको जरूरत है।
डीलर क्यों करते हैं बीमा के लिए मजबूर?
अक्सर गाड़ी की डिलीवरी के समय ग्राहकों को ऐसा महसूस कराया जाता है कि डीलर से बीमा लेना जरूरी है, ताकि भविष्य में क्लेम या सर्विसिंग में दिक्कत न आए।
इंडिया टुडे के रिपोर्ट के रिपोर्ट में कवरश्योर (CoverSure) के सीईओ सौरभ विजयवर्गीय का कहना है कि यह पूरी तरह गलत है। दरअसल, इसके पीछे मोटा कमीशन है। अगर बाजार में कोई बीमा 30 से 35 हजार रुपये का है, तो डीलर उसे आपको 'ऑन-रोड प्राइस' के नाम पर 45 हजार रुपये में बेच सकता है। वह आपको एक्सेसरीज (सामान) फ्री देने का लालच देकर बीमा की ऊंची कीमत को छिपा लेते हैं।
कभी-कभी डीलर आपको बहुत सस्ता बीमा दिखाते हैं, लेकिन इसके पीछे 'प्रीमियम कंप्रेशन' का खेल होता है। वे प्रीमियम कम करने के लिए आपकी गाड़ी की आईडीवी (IDV) घटा देते हैं। आईडीवी वह अधिकतम राशि है जो गाड़ी चोरी होने या पूरी तरह खराब होने पर आपको मिलती है। अगर आईडीवी कम है, तो आपको मिलने वाला क्लेम 50 हजार से 1 लाख रुपये तक कम हो सकता है। इसके अलावा, इंजन प्रोटेक्शन जैसे जरूरी कवर हटा दिए जाते हैं, जिससे बारिश या बाढ़ में इंजन खराब होने पर सारा खर्चा आपकी जेब से जाता है।
नो क्लेम बोनस (NCB) की जानकारी छिपाना
इंश्योरेंस समाधान की को-फाउंडर शिल्पा अरोड़ा बताती हैं कि डीलर अक्सर ग्राहकों को 'नो क्लेम बोनस' (NCB) के बारे में नहीं बताते। अगर आपने अपनी पुरानी गाड़ी पर कोई क्लेम नहीं लिया था, तो उस डिस्काउंट का फायदा आप नई गाड़ी के बीमे पर उठा सकते हैं। इससे प्रीमियम में 20% से 50% तक की छूट मिल सकती है। डीलर इस बारे में इसलिए चुप रहते हैं ताकि वे आपसे ज्यादा प्रीमियम वसूल सकें।
क्या डीलर से बीमा लेना अनिवार्य है?
कानून के मुताबिक गाड़ी का बीमा जरूरी है, लेकिन इसे डीलर से ही खरीदना कतई अनिवार्य नहीं है। आप अपनी पसंद की किसी भी कंपनी से बीमा ले सकते हैं और इसकी तुलना ऑनलाइन कर सकते हैं।
आईआरडीएआई (IRDAI) की रिपोर्ट भी बताती है कि पॉइंट-ऑफ-सेल पर गलत जानकारी देकर बीमा बेचने की शिकायतें 14.3% तक बढ़ी हैं।