मार्च में मार्केट क्रैश के वक्त म्यूचुअल फंड ने संभाला था मोर्चा! एक्सपर्ट ने बताई अंदर की चौंका देने वाली कहानी

मार्च 2026 में वैश्विक तनाव के कारण भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट आई और निवेशकों के 51 लाख करोड़ रुपये डूब गए। इस दौरान विदेशी निवेशकों ने बड़ी बिकवाली की, लेकिन घरेलू म्यूचुअल फंड्स ने 90,000 करोड़ रुपये निवेश कर बाजार को सहारा दिया।

Advertisement
AI Generated Image

By Gaurav Kumar:

शेयर बाजार के लिए मार्च 2026 का महीना किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा। अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच छिड़े युद्ध के चलते बाजार में भारी गिरावट आई और निवेशकों के करीब 51 लाख करोड़ रुपये डूब गए।

इस हाहाकार के बीच सेंसेक्स और निफ्टी में करीब 11 प्रतिशत की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने भी 1.11 लाख करोड़ रुपये के शेयर बेचकर बाजार से अपना हाथ खींच लिया, जिससे यह अब तक का सबसे खराब बिकवाली वाला महीना बन गया।

म्यूचुअल फंड्स ने थामी बाजार की नब्ज

बाजार में मची इस तबाही के बीच घरेलू म्यूचुअल फंड्स ने एक उम्मीद की किरण दिखाई। आनंद राठी वेल्थ की म्यूचुअल फंड हेड श्वेता रजनी ने बताया कि जब चौतरफा डर का माहौल था, तब म्यूचुअल फंड हाउसों ने भारतीय शेयर बाजार में लगभग 90,000 करोड़ रुपये का निवेश किया। रजनी के अनुसार, बाजार की इस नकारात्मकता ने फंड मैनेजर्स के लिए खरीदारी के बेहतरीन मौके पैदा किए, जिसका उन्होंने जमकर फायदा उठाया।

कैश का हुआ सही इस्तेमाल

श्वेता रजनी ने विश्लेषण करते हुए बताया कि फंड मैनेजर्स के पास पहले से ही काफी कैश जमा था। आंकड़ों के मुताबिक, मार्च में म्यूचुअल फंड स्कीमों में करीब 60,000 करोड़ रुपये का नया निवेश आया, लेकिन खरीदारी 90,000 करोड़ रुपये की हुई।

इसका मतलब है कि फंड मैनेजर्स ने फरवरी के अंत तक बचाकर रखे गए करीब 30,000 करोड़ रुपये के कैश को भी इस गिरावट के दौरान बाजार में झोंक दिया। उन्होंने कम कीमत पर मिल रहे मजबूत और क्वालिटी शेयरों को चुन-चुनकर खरीदा।

आंकड़ों का खेल

हालांकि, ये 90,000 करोड़ रुपये के आंकड़े एनएसई (NSE) के शुरुआती डेटा पर आधारित हैं। श्वेता रजनी ने स्पष्ट किया कि निवेश के सटीक और अंतिम आंकड़े इस हफ्ते के अंत तक सामने आ जाएंगे। बाजार विश्लेषकों का मानना है कि जब विदेशी निवेशक डरकर भाग रहे थे, तब घरेलू फंड मैनेजर्स द्वारा किया गया यह भारी निवेश बाजार को स्थिरता देने में मददगार साबित हो सकता है।

 

Read more!
Advertisement