Kolkata Rape Murder Case: CBI ने पीड़ित के परिवार से की मुलाकात, 5 डॉक्टरों सहित 9 लोगों से पूछताछ जारी, देशभर में हड़ताल पर रेजिडेंट डॉक्टर
कोलकाता की घटना के विरोध में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने 24 घंटे के लिए देश में डॉक्टरों की हड़ताल का ऐलान किया है। IMA ने गुरुवार (15 अगस्त) की रात प्रेस रिलीज जारी किया।

Kolkata के RG Kar Medical College And Hospital में रेप-मर्डर केस की जांच को लेकर CBI ने 15 अगस्त को ट्रेनी डॉक्टर के घर पहुंची। अधिकारियों ने पीड़ित के माता-पिता से बात की। एक अधिकारी ने बताया कि जिस कपल ने अपनी बेटी को इस तरह खोया है, उनसे बात करना मुश्किल था। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, CBI ने डॉक्टर के पेरेंट्स से 9 अगस्त का वो समय पूछा, जब उन्हें हॉस्पिटल से बेटी की मौत के बारे में फोन आया था। अधिकारियों ने पेरेंट्स से पीड़ित के दोस्तों के बारे में भी पूछा। CBI ने हॉस्पिटल के 5 डॉक्टरों, पूर्व सुपरिटेंडेंट-कम-वाइस-प्रिंसिपल (MSVP), प्रिंसिपल और चेस्ट डिपार्टमेंट के हेड से भी पूछताछ की है। CBI ने ताला पुलिस स्टेशन के इंचार्ज से भी बात की, जिसके एरिया में हॉस्पीटल है। गुरुवार देर रात CBI टीम आरजी कर हॉस्पिटल भी पहुंची।
TMC-BJP का आज प्रदर्शन
दूसरी तरफ, रेप-मर्डर की घटना को लेकर बंगाल में राजनीति में तेज हो गई है। तृणमूल कांग्रेस और भाजपा, दोनों आज (16 अगस्त) को प्रोटेस्ट करने वाली है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी दोषी को फांसी की सजा की मांग को लेकर रैली निकालेंगी। भाजपा भी बंगाल के हर जिले में आज विरोध-प्रदर्शन करेगी। कोलकाता में भाजपा मुख्यमंत्री आवास तक कैंडल लाइट मार्च निकालेगी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। ऐसे में सीएम ममता बनर्जी को इस्तीफा दे देना चाहिए।
IMA का देश भर में 24 घंटे हड़ताल का ऐलान
कोलकाता की घटना के विरोध में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने 24 घंटे के लिए देश में डॉक्टरों की हड़ताल का ऐलान किया है। IMA ने गुरुवार (15 अगस्त) की रात प्रेस रिलीज जारी किया। इसमें बताया गया है कि शनिवार यानी 17 अगस्त को सुबह 6 बजे से रविवार 18 अगस्त को सुबह 6 बजे तक 24 घंटे के लिए देश भर के डॉक्टर हड़ताल पर रहेंगे। इस दौरान ओपीडी काम नहीं करेंगी और इमरजेंसी के अलावा कोई दूसरी सर्जरी नहीं की जाएंगी। सिर्फ इमरजेंसी सेवाएं चालू रहेंगी।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में ट्रेनी डॉक्टर से बर्बरता का खुलासा
पुलिस ने ट्रेनी डॉक्टर के परिवार को 12 अगस्त को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सौंपी, जिसमें बताया गया कि 8-9 अगस्त की रात रेप और मारपीट के बाद ट्रेनी डॉक्टर की गला और मुंह दबाकर हत्या हुई थी। घटना 9 अगस्त की सुबह 3 से 5 बजे के बीच होने का अनुमान है। चार पेज की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपी ने डॉक्टर का बुरी तरह शोषण किया था। उनके प्राइवेट पार्ट्स पर गहरा घाव पाया गया। आरोपी ने डॉक्टर की चीख दबाने के लिए उनकी नाक, मुंह और गले को लगातार दबाया। गला घोंटने से थायराइड कार्टिलेज टूट गया। डॉक्टर के सिर को दीवार से सटा दिया गया था, जिससे वह चिल्ला न सके। पेट, होंठ, उंगलियों और बाएं पैर पर चोटें पाई गईं। फिर उन पर इतनी जोर से हमला किया कि चश्मा टूट गया और शीशे के टुकड़े उनकी आंखों में घुस गए। दोनों आंखों, मुंह और प्राइवेट पार्ट्स से खून बह रहा था।