स्विगी से मिनटों में मिलेगा LPG Cylinder! इस शहर से शुरू हुई सर्विस- ऐसे करें ऑर्डर

अब LPG सिलेंडर के लिए गैस एजेंसी के चक्कर लगाने या घंटों इंतजार करने की जरूरत नहीं होगी। ग्राहक ऐप से 5 किलो या 10 किलो का सिलेंडर ऑर्डर कर सकेंगे और करीब आधे घंटे में डिलीवरी मिलेगी। जानिए यह सुविधा कहां शुरू हुई है और ऑर्डर करने का पूरा तरीका क्या है।

Advertisement
AI Generated Image

In Short

  • स्विगी इंस्टामार्ट ऐप से 5 किलो या 10 किलो का LPG सिलेंडर करीब आधे घंटे में ऑर्डर किया जा सकेगा।
  • यह सुविधा फिलहाल बेंगलुरु में शुरू हुई है और इसके लिए पहले से गैस कनेक्शन होना जरूरी नहीं है।

By Gaurav Kumar:

Swiggy Instamart LPG Cylinder: अब एलपीजी सिलेंडर मंगाने के लिए गैस एजेंसी जाने या लंबे समय तक इंतजार करने की जरूरत नहीं होगी। उपभोक्ता क्विक डिलीवरी ऐप स्विगी इंस्टामार्ट के जरिए 5 किलोग्राम या 10 किलोग्राम का एलपीजी सिलेंडर ऑर्डर कर सकेंगे।

कंपनी के मुताबिक, सिलेंडर की डिलीवरी करीब आधे घंटे में की जाएगी। खास बात यह है कि सिलेंडर मंगाने के लिए पहले से घरेलू गैस कनेक्शन होना भी जरूरी नहीं है।

फिलहाल कहां मिलेगी यह सुविधा?

LPG सिलेंडर की क्विक डिलीवरी सर्विस की शुरुआत सबसे पहले बेंगलुरु में की गई है। यहां रहने वाले ग्राहक स्विगी इंस्टामार्ट ऐप से HPCL का हाल ही में लॉन्च किया गया 10 किलोग्राम का HP Navya कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर ऑर्डर कर सकेंगे।

इसके अलावा ऐप पर 5 किलोग्राम का मेटल एलपीजी सिलेंडर चुनने का विकल्प भी मिलेगा। यह सुविधा खासतौर पर किराए पर रहने वाले छात्रों, कामकाजी लोगों, छोटे परिवारों और अतिरिक्त सिलेंडर रखने वाले ग्राहकों के काम आ सकती है।

ऐप से कैसे ऑर्डर होगा सिलेंडर?

सिलेंडर ऑर्डर करने के लिए ग्राहक को सबसे पहले स्विगी इंस्टामार्ट ऐप पर लॉग इन करना होगा। इसके बाद ऐप पर उपलब्ध 10 किलोग्राम का कंपोजिट सिलेंडर या 5 किलोग्राम का मेटल सिलेंडर चुनना होगा।

ये खबर पढ़ना ना भूलें: शहरों में बेरोजगारी दर बढ़कर 6.6% हुई, जानिए पूरे देश में रोजगार का क्या है हाल

ग्राहक सिलेंडर को दूसरे घरेलू सामान की तरह कार्ट में जोड़कर ऑर्डर पूरा कर सकेंगे। पहली बार किया गया ऑर्डर नए सिलेंडर की खरीद माना जाएगा। इसके बाद जब ग्राहक रिफिल ऑर्डर करेंगे, तो डिलीवरी के समय उन्हें खाली HPCL सिलेंडर वापस करना होगा।

पहली बार ऑर्डर करने पर देनी होगी पहचान

अगर कोई ग्राहक पहली बार ऐप से LPG सिलेंडर मंगाता है, तो उसे अपनी पहचान से जुड़ी जानकारी देनी होगी। सिलेंडर पहुंचने के बाद डिलीवरी का रिकॉर्ड भी रखा जाएगा।

सिलेंडर HPCL के अधिकृत डिस्ट्रीब्यूटर के जरिए घर तक पहुंचाया जाएगा। डिलीवरी करने वाले कर्मचारी सुरक्षा के सभी जरूरी नियमों का ध्यान रखेंगे।

HP Navya सिलेंडर में क्या खास है?

HP Navya 10 किलोग्राम का हल्का कंपोजिट LPG सिलेंडर है। यह जंग से बचा रहता है और इसमें बेहतर सुरक्षा सुविधाएं दी गई हैं। सिलेंडर का कुछ हिस्सा पारदर्शी है, जिससे ग्राहक आसानी से देख सकते हैं कि उसमें कितनी गैस बची है।

इसका आकार भी सामान्य सिलेंडर के मुकाबले ज्यादा कॉम्पैक्ट है। इसलिए इसे अपार्टमेंट, छोटे घरों और कम जगह वाले किचन में आसानी से रखा जा सकता है।

Instamart और HPCL के बीच हुई डील

इस ऑन-डिमांड एलपीजी डिलीवरी सर्विस के लिए स्विगी इंस्टामार्ट ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड यानी HPCL के साथ समझौता किया है। दोनों कंपनियों ने मंगलवार को यह सुविधा शुरू करने की घोषणा की। क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर इसे भारत की पहली ऑन-डिमांड एलपीजी सिलेंडर डिलीवरी सर्विस बताया गया है।
 

Read more!
Advertisement