Sierra.ev से Avinya तक! टाटा मोटर्स अगले 5 साल में लॉन्च करेगी 15 नए मॉडल

टाटा मोटर्स ने FY31 तक अपने पैसेंजर वाहन कारोबार को बड़ा करने का रोडमैप पेश किया है। कंपनी 15 मॉडल्स का पोर्टफोलियो, 12 लाख से अधिक सालाना बिक्री और 30% EV हिस्सेदारी का लक्ष्य रख रही है।

Advertisement
AI Generated Image

In Short

  • टाटा मोटर्स FY31 तक अपने मॉडल पोर्टफोलियो को 9 से बढ़ाकर 15 करने और सालाना बिक्री 12 लाख यूनिट से ऊपर ले जाने का लक्ष्य रखती है।
  • कंपनी Sierra.ev, Safari.ev और Avinya जैसी नई इलेक्ट्रिक कारें लॉन्च करेगी और EV बिक्री की हिस्सेदारी 30% तक पहुंचाने की योजना बना रही है।
  • भविष्य की मांग को पूरा करने के लिए टाटा मोटर्स अपनी वार्षिक उत्पादन क्षमता 9 लाख यूनिट से बढ़ाकर 13 लाख यूनिट करने की तैयारी में है।

By Gaurav Kumar:

Tata Motors future plans: टाटा मोटर्स ने अपने पैसेंजर व्हीकल कारोबार के लिए अगले पांच साल का रोडमैप पेश किया है। कंपनी का लक्ष्य FY31 तक अपने मॉडल पोर्टफोलियो को मौजूदा 9 से बढ़ाकर 15 तक पहुंचाना और सालाना यात्री वाहन बिक्री को 12 लाख यूनिट से ऊपर ले जाना है। इसके लिए कंपनी नए मॉडल लॉन्च करने के साथ मौजूदा प्रोडक्ट को भी लगातार अपडेट करेगी।

इन्वेस्टर डे प्रेजेंटेशन में टाटा मोटर्स ने बताया कि इस दशक के दौरान वह 20 से अधिक प्रोडक्ट इंटरवेंशन की तैयारी कर रही है। इनमें छह बिल्कुल नए मॉडल शामिल होंगे, जबकि बाकी में फेसलिफ्ट, नए वेरिएंट, तकनीकी अपग्रेड और पावरट्रेन सुधार शामिल रहेंगे।

Sierra.ev और Safari.ev पर टिकी नजर

कंपनी के प्रोडक्ट प्लान में कई महत्वपूर्ण लॉन्च शामिल हैं। इनमें Sierra.ev सबसे पहले आने वाली है, जिसकी शुरुआत 30 जून को होने वाली है। इसके बाद त्योहारों के सीजन में Safari.ev लॉन्च किए जाने की उम्मीद है।

ये खबर पढ़ना ना भूलें: Renault Kiger हुई और किफायती! अब 7.89 लाख रुपये में मिलेगा टर्बो इंजन, कंपनी ने लॉन्च किए नए वेरिएंट्स

टाटा मोटर्स अपनी नेक्स्ट जनरेशन की Avinya इलेक्ट्रिक वाहन रेंज पर भी काम कर रही है। इस सीरीज का पहला मॉडल इस साल के अंत या अगले साल की शुरुआत में बाजार में आ सकता है।

EV कारोबार रहेगा रणनीति का केंद्र

टाटा मोटर्स की भविष्य की रणनीति में इलेक्ट्रिक वाहन सबसे अहम भूमिका निभाएंगे। कंपनी FY31 तक अपनी कुल पैसेंजर वाहन बिक्री में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी 30% तक ले जाना चाहती है।

यदि यह लक्ष्य हासिल होता है तो कंपनी की एनुअल EV बिक्री 3.5 लाख से 4 लाख यूनिट के बीच पहुंच सकती है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए कंपनी अपने इलेक्ट्रिक वाहन पोर्टफोलियो को मौजूदा छह मॉडल से बढ़ाकर 10 मॉडल करने की योजना बना रही है।

टाटा मोटर्स का अनुमान है कि FY31 तक भारतीय पैसेंजर वाहन बाजार में EV की हिस्सेदारी 15-20% तक पहुंच सकती है।

CNG और EV मिलकर बदलेंगे बाजार

कंपनी का मानना है कि आने वाले साल में CNG और EV सेगमेंट सबसे तेजी से बढ़ेंगे। उसके अनुमान के मुताबिक FY31 तक EV और CNG वाहन मिलकर पूरे पैसेंजर वाहन उद्योग की बिक्री में करीब 45% योगदान दे सकते हैं।

प्रोडक्शन कैपेसिटी में भी बड़ा विस्तार

बिक्री और मॉडल रेंज बढ़ाने के साथ-साथ टाटा मोटर्स अपनी उत्पादन क्षमता भी बढ़ा रही है। कंपनी अगले दो से तीन वर्षों में अपनी वार्षिक उत्पादन क्षमता लगभग 9 लाख यूनिट से बढ़ाकर 13 लाख यूनिट करने की योजना बना रही है। इससे कंपनी को भविष्य की मांग और नए उत्पादों के लॉन्च के लिए पर्याप्त उत्पादन क्षमता उपलब्ध होगी।

ये खबर पढ़ना ना भूलें: क्या बंद हो रहा है Toyota Innova Crysta का डीजल इंजन वेरिएंट? कंपनी ने दिया ये जवाब

बाजार हिस्सेदारी बढ़ाने का लक्ष्य

टाटा मोटर्स FY31 तक घरेलू पैसेंजर वाहन बाजार में 18-20% हिस्सेदारी हासिल करना चाहती है। मौजूदा बिक्री स्तर करीब 6.4 लाख यूनिट है, जिसे कंपनी लगभग दोगुना करने का लक्ष्य लेकर चल रही है।

Read more!
Advertisement