E20 Petrol से घटी Mercedes की माइलेज? सौरव जोशी के वायरल दावे पर कंपनी ने तोड़ी चुप्पी
सौरव जोशी ने अपनी Mercedes की माइलेज 17 से घटकर 5 होने का दावा करते हुए E20 पेट्रोल पर सवाल उठाए हैं। वीडियो वायरल होने के बाद Mercedes-Benz ने भी अपनी BS6 गाड़ियों को लेकर सफाई दी है। जानिए सौरव के दावे पर कंपनी और सरकार का क्या कहना है।

In Short
- सौरव जोशी के मुताबिक Mercedes की माइलेज 48 घंटे में 17 से घटकर 5 रह गई।
- फुल टैंक के बाद गाड़ी की रेंज 800 किलोमीटर से घटकर 480 किलोमीटर दिखाई दी।
- सरकार का कहना है कि E20 पेट्रोल से बड़े स्तर पर गाड़ियों में परेशानी के सबूत नहीं मिले हैं।
Sourav Joshi Mercedes Mileage: यूट्यूबर सौरव जोशी ने अपनी Mercedes-Benz SUV की माइलेज में बड़ी गिरावट का दावा किया है। उनका कहना है कि एथेनॉल मिले पेट्रोल की वजह से गाड़ी की माइलेज तेजी से कम हुई है।
48 घंटे में माइलेज 17 से घटकर 5
सौरव जोशी ने अपने व्लॉग ‘Race With Brothers Kon Jeetega’ में Mercedes-Benz GLC 300 4MATIC पेट्रोल का डैशबोर्ड दिखाया। उन्होंने बताया कि सिर्फ 48 घंटे में गाड़ी की माइलेज काफी नीचे आ गई।
सौरव के मुताबिक, पहले डैशबोर्ड पर माइलेज 17 दिखाई दे रही थी। इसके बाद यह घटकर 9 हो गई और अगले दिन सिर्फ 5 पर पहुंच गई। उन्होंने वीडियो में इसकी रीडिंग भी दिखाई।
हालांकि यह साफ नहीं है कि सौरव गाड़ी की लंबे समय में मिली माइलेज बता रहे थे या उस समय डैशबोर्ड पर दिख रही रियल टाइम माइलेज।। ट्रैफिक, सड़क और गाड़ी चलाने के तरीके के हिसाब से रियल टाइम माइलेज बदल सकती है। ₹80 लाख से ज्यादा कीमत वाली इस SUV की कंपनी की बताई माइलेज करीब 15 किलोमीटर प्रति लीटर है।
फुल टैंक की रेंज भी हुई कम
सौरव ने इस गिरावट के लिए पेट्रोल पंपों पर मिलने वाले एथेनॉल मिले पेट्रोल को जिम्मेदार बताया। वीडियो में उनकी पत्नी अवंतिका भट्ट ने भी कहा कि इस गाड़ी पर काफी पैसा खर्च किया गया है।
सौरव का दावा है कि पहले फुल टैंक पर गाड़ी करीब 800 किलोमीटर की रेंज दिखाती थी। अब पेट्रोल भरवाने के बाद केवल 480 किलोमीटर की रेंज दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि अब उन्हें पेट्रोल भरवाने से भी डर लगने लगा है।
ये खबर पढ़ना न भूलें: E10 पेट्रोल पर सरकार ने साफ किया रुख, जानें क्यों नहीं होगी इसकी वापसी
उन्होंने बताया कि उनके पास इलेक्ट्रिक Mercedes G-Wagon भी है, जिसमें एथेनॉल वाले पेट्रोल की चिंता नहीं रहती।
मरम्मत के खर्च की भी चिंता
हल्द्वानी में रहने वाले सौरव ने कहा कि छोटे शहर में लग्जरी गाड़ी रखना आसान नहीं है। खराबी आने पर गाड़ी दिल्ली भेजनी पड़ सकती है और उसकी मरम्मत पर भी काफी खर्च हो सकता है।
उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इसके बाद E20 पेट्रोल पर फिर बहस शुरू हो गई है।
Mercedes-Benz ने क्या कहा?
सौरव जोशी का वीडियो वायरल होने के कुछ समय बाद Mercedes-Benz ने अपने ग्राहकों के लिए एक एडवाइजरी जारी की। हालांकि कंपनी ने अपने बयान में सौरव जोशी का नाम नहीं लिया, लेकिन E20 पेट्रोल को लेकर उठ रहे सवालों पर अपना रुख साफ किया।
कंपनी ने कहा कि ग्राहकों की सुरक्षा, गाड़ियों का भरोसेमंद होना और बेहतर परफॉर्मेंस उसकी सबसे जरूरी चीज है। Mercedes-Benz के मुताबिक, उसके सभी BS6 पेट्रोल वाहन E20 पेट्रोल के साथ पूरी तरह काम करने के लिए तैयार हैं। इन गाड़ियों को संबंधित सरकारी एजेंसियों से मंजूरी भी मिली हुई है।
कंपनी के बयान के मुताबिक, Mercedes-Benz के सभी BS6 पेट्रोल वाहनों को मौजूदा E20 पेट्रोल पर चलने के लिए तैयार और टेस्ट किया गया है। इसलिए ग्राहकों को इसे लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है।
सरकार ने परेशानी की बात की खारिज
पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा था कि वाहन कंपनियों और सर्विस करने वालों के मुताबिक E20 पेट्रोल से कोई परेशानी नहीं है। उनके अनुसार, भारत में अप्रैल 2025 से E20 पेट्रोल इस्तेमाल हो रहा है। करीब 20 करोड़ दोपहिया और 20 लाख चारपहिया वाहन इस ईंधन पर चल रहे हैं। E25 पेट्रोल पर फैसला तकनीकी जांच और वाहन कंपनियों से बातचीत के बाद लिया जाएगा।