PM Modi ने स्विस राष्ट्रपति को दिया अनोखा तोहफा, भारत में बनी इस खास चीज की दुनियाभर में चर्चा
स्विस राष्ट्रपति गाय परमेलिन के भारत दौरे पर पीएम मोदी ने उन्हें ऐसा खास तोहफा दिया, जिसका कनेक्शन स्विट्जरलैंड की मशहूर चीज परंपरा से भी है। भारत में तैयार ये चीज दुनिया की बड़ी प्रतियोगिताओं में अवॉर्ड जीत चुके हैं। जानिए इन तीनों चीज की खासियत और इनके पीछे की कहानी।

In Short
- पीएम मोदी ने स्विस राष्ट्रपति गाय परमेलिन को भारत के तीन अवॉर्ड विनिंग चीज गिफ्ट किए।
- गुलमर्ग, कोणार्क और येऊर चीज को इंटरनेशनल प्रतियोगिताओं में पहचान मिल चुकी है।
- तीनों चीज मुंबई की अवॉर्ड विनिंग क्रीमरी Eleftheria Cheese ने तैयार किए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाय परमेलिन को भारत में बने तीन खास चीज गिफ्ट किए हैं। ये तीनों चीज अपने स्वाद के साथ इंटरनेशनल स्तर पर मिले अवॉर्ड्स की वजह से भी खास हैं। स्विस राष्ट्रपति के भारत दौरे के दौरान पीएम मोदी ने उन्हें गुलमर्ग, कोणार्क और येऊर चीज भेंट किए। इस गिफ्ट के जरिए भारत की तेजी से पहचान बना रही आर्टिसनल चीज मेकिंग को भी दुनिया के सामने रखा गया।
तीनों चीज में क्या है खास?
पीएम मोदी की ओर से दिए गए तीनों चीज यूरोपीय स्टाइल से प्रेरित हैं, लेकिन इनमें भारतीय पहचान भी देखने को मिलती है। इनमें पहला नाम गुलमर्ग का है। यह पाश्चराइज्ड गाय के दूध से बना सॉफ्ट और दिल के आकार का ब्री-स्टाइल चीज है। इसका बाहरी हिस्सा सफेद होता है और इसका स्वाद मिट्टी और मशरूम जैसा बताया गया है। गुलमर्ग को 2026 में Mundial do Queijo do Brasil में Super Gold अवॉर्ड मिला था।
दूसरा चीज कोणार्क है। यह फ्रेंच Tomme-स्टाइल चीज है। इसमें नेचुरल रिंड, मुलायम टेक्सचर और मिट्टी जैसा स्वाद मिलता है। आखिर में इसमें नींबू जैसा स्वाद भी महसूस होता है। कोणार्क ने 2023 में नॉर्वे में हुए World Cheese Awards में Gold और 2025 में स्विट्जरलैंड में Silver अवॉर्ड जीता था।
स्विस Gruyère से प्रेरित है येऊर
तीसरा चीज येऊर है, जो स्विट्जरलैंड के मशहूर Gruyère से प्रेरित Alpine-style चीज है। इसे करीब 8 से 9 महीने तक एज किया जाता है। इसके बाद इसमें नटी, मीठा और हर्ब जैसा स्वाद आता है। इसके रिंड को गुलाब की पंखुड़ियों और सौंफ से सजाया जाता है, जो इसे भारतीय पहचान देता है।
मुंबई में तैयार हुए तीनों चीज
ये तीनों चीज मुंबई की अवॉर्ड विनिंग क्रीमरी Eleftheria Cheese ने हाथ से तैयार किए हैं। कंपनी इंटरनेशनल चीज मेकिंग तकनीकों को भारतीय स्वाद और प्रेजेंटेशन के साथ जोड़ती है। खासतौर पर येऊर का चुनाव महत्वपूर्ण रहा, क्योंकि यह स्विट्जरलैंड के सबसे मशहूर चीज में शामिल Gruyère से प्रेरित है।
भारत ने 2026 के Mundial do Queijo do Brasil में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई थी। प्रतियोगिता में चार भारतीय प्रोडक्ट्स ने मेडल जीते थे, जिनमें 1 Super Gold, 2 Gold और 1 Silver शामिल था।
चीज के अलावा ये खास तोहफे भी दिए
पीएम मोदी ने स्विस राष्ट्रपति को हाथ से नक्काशी किया हुआ कश्मीरी अखरोट की लकड़ी का वॉल पैनल भी गिफ्ट किया। वहीं राष्ट्रपति की पत्नी कैरोलिन परमेलिन को सदेली बॉक्स में कच्छी शॉल दी गई। सदेली बॉक्स सूरत की सजावटी कला को दिखाता है, जबकि कच्छी शॉल गुजरात के कच्छ की बुनाई परंपरा की पहचान है।
ये गिफ्ट स्विस राष्ट्रपति गाय परमेलिन के तीन दिन के भारत दौरे के दौरान दिए गए। इनमें भारत की चीज मेकिंग से लेकर पारंपरिक कारीगरी तक की झलक देखने को मिली।

