scorecardresearch

कन्फर्म ट्रेन टिकट का बढ़ा चांस! दिल्ली-भागलपुर, बेंगलुरु-सहरसा, लखनऊ के इन रूट्स पर चलेंगी स्पेशल ट्रेनें

दिवाली और छठ पूजा पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी खुशखबरी दी है। यूपी-बिहार के लिए 11 जोड़ी यानी 22 पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। दिल्ली, बेंगलुरु, अमृतसर समेत कई शहरों से सफर आसान होगा। जानिए इन ट्रेनों के रूट, टाइमिंग और चलने की तारीखें।

Advertisement

In Short

  • दिवाली-छठ पर यूपी-बिहार के लिए चलेंगी 22 स्पेशल ट्रेनें।
  • दिल्ली, बेंगलुरु और अमृतसर समेत कई शहरों से मिलेंगी ट्रेनें।
  • आनंद विहार-भागलपुर स्पेशल रोजाना चलेगी।

दिवाली और छठ पूजा पर घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए भारतीय रेलवे ने बड़ा ऐलान किया है। त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने 11 जोड़ी यानी कुल 22 पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। इन ट्रेनों से खासकर उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। रेलवे की इस पहल से यात्रियों के लिए टिकट मिलने के ऑप्शन बढ़ेंगे।

advertisement

पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) सरस्वती चंद्र के मुताबिक, त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को संभालने के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। ये ट्रेनें दिल्ली, बेंगलुरु, नागपुर, अमृतसर, उधना, गोरखपुर और टाटा समेत कई बड़े शहरों को बिहार और यूपी से जोड़ेंगी।

बिहार जाने वालों के लिए कौन-कौन सी स्पेशल ट्रेनें?

रेलवे ने हुब्बल्लि-मुजफ्फरपुर (07315/07316) स्पेशल ट्रेन चलाने का ऐलान किया है। यह ट्रेन 13 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच निर्धारित दिनों पर चलेगी। वहीं, यशवंतपुर-सहरसा (06581/06582) स्पेशल ट्रेन बेंगलुरु से बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए चलाई जा रही है।

नागपुर-समस्तीपुर (01207/01208) स्पेशल ट्रेन 21 अक्टूबर से 13 नवंबर के बीच निर्धारित दिनों पर चलेगी। इसके अलावा छेहरटा-मुजफ्फरपुर (04640/04639) स्पेशल ट्रेन अमृतसर और बिहार के बीच सफर करने वालों को राहत देगी।

दिल्ली और पंजाब से बिहार के लिए भी स्पेशल ट्रेनें

अमृतसर-जयनगर (04652/04651) स्पेशल ट्रेन दिल्ली, लखनऊ, छपरा, मुजफ्फरपुर और दरभंगा के रास्ते चलेगी। यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन निर्धारित तारीखों पर उपलब्ध रहेगी।

प्रतीकात्मक तस्वीर

इसके अलावा आनंद विहार-भागलपुर (04062/04061) स्पेशल ट्रेन 10 अक्टूबर से 26 नवंबर के बीच दोनों दिशाओं में निर्धारित अवधि के दौरान रोजाना चलेगी। यह ट्रेन गया, नवादा और किउल जैसे स्टेशनों से होकर गुजरेगी।

यूपी और बिहार के लिए इन ट्रेनों का भी ऐलान

रेलवे ने नारंगी-गोरखपुर (05633/05634) स्पेशल ट्रेन भी शुरू की है। यह गुवाहाटी, कटिहार, बरौनी और हाजीपुर के रास्ते चलेगी।

वहीं, टाटा-बक्सर (08183/08184) स्पेशल ट्रेन राजगीर, बिहारशरीफ और पटना के रास्ते चलाई जाएगी। इसके अलावा योगनगरी ऋषिकेश-कोलकाता (04312/04311) स्पेशल ट्रेन वाराणसी, गया और धनबाद के रास्ते चलेगी।

गुजरात से बिहार जाने वालों को भी राहत

गुजरात के उधना से बिहार के जयनगर के लिए दो जोड़ी अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। इनमें 09073/09074 और 09071/09072 शामिल हैं।

ये ट्रेनें 18 और 25 अक्टूबर को उधना से रवाना होंगी, जबकि वापसी में 20 और 27 अक्टूबर को जयनगर से चलेंगी। इनका रूट उज्जैन, डीडीयू, पाटलिपुत्र, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और दरभंगा से होकर गुजरेगा।

advertisement

इन 11 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों से त्योहारों पर घर लौटने वाले यात्रियों को सफर के ज्यादा विकल्प मिलेंगे और नियमित ट्रेनों में भीड़ कम करने में मदद मिलेगी।