scorecardresearch

India's First Bullet Train: बुलेट ट्रेन के रास्ते में बन रही खास सुरंग, रेलवे ने शेयर किया वीडियो

भारत की पहली बुलेट ट्रेन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। रेलवे ने वापी-सूरत सेक्शन में चल रहे निर्माण कार्य का वीडियो शेयर किया है। इसमें सुरंग, पुल, ट्रैक और स्टेशन निर्माण की झलक दिखाई गई है। मुंबई-अहमदाबाद रूट पर हाई स्पीड ट्रेन के लिए काम तेजी से आगे बढ़ रहा है।

Advertisement

In Short

  • भारत की पहली बुलेट ट्रेन के लिए मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर पर तेजी से चल रहा है निर्माण कार्य।
  • वापी-सूरत सेक्शन में सुरंग, पुल, ट्रैक और बिजली से जुड़े काम तेजी से चल रहे हैं।
  • 320 kmph की रफ्तार से दौड़ेगी बुलेट ट्रेन, मुंबई-अहमदाबाद सफर करीब 2 घंटे में होगा पूरा।

देश में पहली बुलेट ट्रेन चलाने की तैयारी तेज हो गई है। इसके लिए तैयार किए जा रहे रेलवे स्टेशन और ट्रैक पर तेजी से काम चल रहा है। रेलवे मंत्रालय और रेल मंत्री लगातार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इससे जुड़े अपडेट शेयर कर रहे हैं।

इसी कड़ी में मिनिस्ट्री ऑफ रेलवे ने वापी-सूरत सेक्शन में बन रहे बुलेट ट्रेन स्टेशन और ट्रैक निर्माण से जुड़ा एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में हाई स्पीड रेल कॉरिडोर पर चल रहे निर्माण कार्य की झलक दिखाई गई है।

advertisement

पहाड़ काटकर बन रही सुरंग, नदी पर तैयार हो रहे ब्रिज

रेलवे की ओर से शेयर किए गए वीडियो में दिखाया गया है कि बुलेट ट्रेन ट्रैक के लिए पहाड़ों को काटकर सुरंग बनाने का काम तेजी से चल रहा है। इसके अलावा नदी के ऊपर ब्रिज तैयार किए जा रहे हैं और ट्रैक पर इलेक्ट्रिफिकेशन का काम भी तेजी से जारी है।

वीडियो में बुलेट ट्रेन के मल्टी स्टोरी स्टेशन की झलक भी दिखाई गई है। रेलवे ने एक्स पोस्ट में लिखा कि बुलेट ट्रेन का काम बहुत तेजी के साथ चल रहा है। वापी-सूरत सेक्शन में बुलेट ट्रेन के निर्माण कार्य को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

508 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर पर चलेगी बुलेट ट्रेन

देश की पहली बुलेट ट्रेन मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर पर शुरू की जाएगी। यह कॉरिडोर 508 किलोमीटर लंबा है। इसका 348 किलोमीटर हिस्सा गुजरात में आता है।

रेलवे मंत्रालय ने जिस वापी-सूरत सेक्शन का वीडियो शेयर किया है, उसकी लंबाई करीब 100 किलोमीटर है। इस रूट पर बुलेट ट्रेन चलाने के लिए ट्रैक, स्टेशन और दूसरी सुविधाओं का निर्माण तेजी से किया जा रहा है।

बुलेट ट्रेन रूट पर होंगे 12 स्टॉपेज

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर पर रेलवे ने 12 स्टॉपेज तय किए हैं। इसमें पहला स्टेशन साबरमती और आखिरी स्टेशन मुंबई रखा गया है।

इस रूट पर साबरमती, अहमदाबाद, आनंद, वडोदरा, भरूच, सूरत, बिलिमोरा, वापी, बोइसर, विरार, ठाणे और मुंबई (BKC) स्टेशन शामिल हैं।

320 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी ट्रेन

बुलेट ट्रेन फुल स्पीड में 320 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी। वहीं अहमदाबाद से मुंबई के बीच इसकी औसत रफ्तार 300 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की बात कही गई है।

फिलहाल मुंबई से अहमदाबाद के बीच सबसे तेज ट्रेनों से सफर करने में करीब 6 घंटे लगते हैं। बुलेट ट्रेन शुरू होने के बाद यही दूरी करीब 2 घंटे में पूरी हो सकेगी। इससे यात्रियों के समय की बचत होगी और दोनों राज्यों के बीच व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।