
होली में फ्लाइट से घर जाना हुआ और महंगा, कई रूट्स पर दोगुना हुआ किराया
होली से पहले एक बार फिर से इंडिगो, एयर इंडिया जैसी एयरलाइन कंपनियां को टिकट फेयर में साफ बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। कई रूट्स पर तो किराया दोगुना ही हो गया है।

Holi Flight Tickets: त्योहार नजदीक आते ही फ्लाइट की कीमतें आसमान तक पहुंचने लगती है। देश में अगले महीने 4 मार्च को देशभर में होली का त्योहार मनाया जाएगा। त्योहारों में लोग अपने घर जाना पसंद करते हैं और इसी का फायदा एयरलाइन कंपनियां उठाती है।
होली से पहले एक बार फिर से इंडिगो, एयर इंडिया जैसी एयरलाइन कंपनियां को टिकट फेयर में साफ बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। कई रूट्स पर तो किराया दोगुना ही हो गया है।
अगर होली के पहले और होली के बाद के फ्लाइट टिकट देखें तो दोनों में दामों में काफी बड़ा अंतर नजर आता है। ऐसे में अगर आप होली पर फ्लाइट से सफर करने का सोच रहे हैं तो इसके लिए आपको ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है।
दिल्ली से पटना तक का कितना किराया?
अगर दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पटना के जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक का किराया देखें तो
28 फरवरी को इस दूरी के लिए बुक की गई इंडिगो फ्लाइट्स का किराया लगभग 12,500 रुपये से अधिक है।
-
यह टिकट 26 फरवरी को करीब 9,000 रुपये से अधिक में मिल रही है।
-
1 मार्च को इस रूट का किराया इंडिगो की वेबसाइट मुताबिक करीब 10,000 रुपये से शुरू हो रहा है।
होली से एक दिन पहले टिकट की शुरुआती कीमत 7,000 से ज्यादा हुई। वहीं होली के दिन कुछ फ्लाइट का किराया कम होकर 5,500 रुपये दिखने को मिला। होली के बाद देखें तो 10 मार्च को दिल्ली-पटना रूट का किराया कम होकर 4,500 रुपये दिख रहा है।
एयर इंडिया का भी यही हाल है। होली से पहले टिकट की कीमतें 12,000 रुपये के करीब और होली के बाद दाम कम होकर 5,000 रुपये से कुछ ज्यादा दिखाई दे रहे हैं।


मुंबई से वाराणसी जाना हुआ महंगा
अगर बात करें मुंबई के छत्रपति शिवाजी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक की फ्लाइट कीमतों की तो वो भी होली के चलते काफी बढ़ गई है।
-
इस रूट पर फिलहाल किराया 12,000 रुपये से ज्यादा दिख रहा है।
-
28 फरवरी को बुक की गई फ्लाइट इंडिगो की वेबसाइट पर करीब 13,000 रुपये बताई जा रही है।
-
वहीं होली के बाद अगर 10 मार्च को इस रूट की फ्लाइट कीमत देखें तो यह 7,000 रुपये के करीब है।

कितना फर्क है होली से पहले और बाद में?
-
अगर आप गाजियाबाद के हिंदिन एयरपोर्ट से पटना के जयप्रकाश इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रूट पर इंडिगो फ्लाइट टिकट चेक करें तो यह आपको करीब 7,000 में मिल जाएगी।
-
वहीं मुंबई से पटना के लिए ये दाम लगभग 10,000 हैं।
-
दूसरी तरफ मुंबई से वाराणसी रूट पर किराया करीब 8,000 से थोड़ा ज़्यादा दिख रहा है।
रियल टाइम प्राइस के लिए आप एयरलाइन की साइट्स जैसे goindigo.com या airindia.com पर जाकर चेक कर सकते हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने भी जताई चिंता
त्योहारों के बीच बढ़ते हुए किराए को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने भी चिंता जाहिर की। एक जनहित याचिका की सुनवाई करते हुए जस्टिस विक्रम नाथ की बेंच ने सरकार को इसे लेकर अपना जवाब 4 हफ्तों के अंदर कोर्ट में देने को कहा है।
कोर्ट ने कहा है कि ऐसे अचानक और मनमाने तरीके से फ्लाइट की कीमतें बढ़ने से जरूरतमंद लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जिन लोगों को अपने काम या मेडिकल इमरजेंसी के कारण सफर करना होता है, उनके लिए यह बढ़ते हुए फ्लाइट के दाम काफी परेशानी पैदा कर देते हैं।

