बेंगलुरु में नौकरी करना हुआ मुश्किल? ₹50,000 से कम सैलरी वाले फ्रेशर्स पर महिला की पोस्ट ने छेड़ी बहस
बेंगलुरु में ₹50,000 से कम सैलरी पाने वाले फ्रेशर्स के लिए क्या गुजारा करना मुश्किल हो गया है? एक महिला कर्मचारी की सोशल मीडिया पोस्ट ने नई बहस छेड़ दी है। ₹15,000 किराया, भारी सिक्योरिटी डिपॉजिट और घंटों ट्रैफिक में सफर के बीच युवाओं की कमाई आखिर कहां खर्च हो रही है?

In Short
- बेंगलुरु में ₹50,000 से कम सैलरी पर गुजारे को लेकर बहस।
- ₹15,000 किराया और भारी सिक्योरिटी डिपॉजिट से परेशानी।
- महिला कर्मचारी बोलीं- एक्सपोजर से किराया नहीं भरता।
देश के बड़े शहरों में नौकरी करना और अच्छी कंपनी में करियर बनाना लाखों युवाओं का सपना होता है। लेकिन नौकरी मिलने के बाद घर का किराया, खाने-पीने और ऑफिस आने-जाने का खर्च कई बार सैलरी पर भारी पड़ने लगता है। बेंगलुरु में भी कुछ ऐसा ही मुद्दा चर्चा में है। यहां एक महिला कर्मचारी की सोशल मीडिया पोस्ट ने सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या 50 हजार रुपये महीने से कम कमाने वाले फ्रेशर्स के लिए बेंगलुरु में रहना मुश्किल होता जा रहा है?
₹15,000 किराया और घंटों ट्रैफिक में सफर
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर मोमोलिका नाम की एक महिला कर्मचारी ने बेंगलुरु में रहने के बढ़ते खर्च को लेकर अपनी परेशानी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि 50 हजार रुपये से कम सैलरी पाने वाले फ्रेशर्स के लिए इस शहर में गुजारा करना बेहद मुश्किल हो सकता है।
अपनी पोस्ट में उन्होंने 15 हजार रुपये तक के किराये, भारी सिक्योरिटी डिपॉजिट, महंगे खाने और ऑफिस पहुंचने के लिए ट्रैफिक में दो घंटे तक बिताने जैसी परेशानियों का जिक्र किया।
'एक्सपोजर से किराया नहीं भरता'
मोमोलिका ने अपनी पोस्ट में करियर के बेहतर अवसरों और अनुभव के नाम पर आर्थिक दबाव झेलने की सोच पर भी सवाल उठाए।
उन्होंने लिखा कि 'एक्सपोजर' से किराया नहीं भरता। उनका कहना था कि किसी बड़े शहर में नौकरी करने से करियर में अनुभव जरूर मिलता है, लेकिन इससे रोजमर्रा के खर्च अपने आप पूरे नहीं होते।
उनकी इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर बेंगलुरु में रहने के खर्च को लेकर बहस शुरू हो गई।
फ्रेशर्स के लिए सिक्योरिटी डिपॉजिट भी बड़ी चुनौती
करियर की शुरुआत में युवाओं की सैलरी आमतौर पर सीमित होती है। ऐसे में दूसरे शहर में नौकरी मिलने पर घर तलाशना, सिक्योरिटी डिपॉजिट देना और रोजमर्रा के खर्च उठाना चुनौती बन सकता है।
कई बार पहली सैलरी मिलने से पहले ही रहने का इंतजाम करने में बड़ी रकम खर्च हो जाती है। खासकर उन युवाओं के लिए परेशानी ज्यादा हो सकती है, जिन्हें परिवार से आर्थिक मदद नहीं मिलती।
सोशल मीडिया पर लोगों ने क्या कहा?
मोमोलिका की पोस्ट पर यूजर्स की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कुछ लोगों ने माना कि बिना पारिवारिक आर्थिक सहारे के बड़े शहर में करियर शुरू करना मुश्किल हो सकता है।
वहीं, कुछ यूजर्स का कहना था कि 50 हजार रुपये से कम कमाने वाले हर व्यक्ति के लिए बेंगलुरु में रहना नामुमकिन नहीं है। यह व्यक्ति की लाइफस्टाइल, रहने की व्यवस्था और खर्च करने की आदतों पर निर्भर करता है।
एक यूजर ने किराये से ज्यादा सिक्योरिटी डिपॉजिट को बड़ी परेशानी बताया। वहीं, कुछ लोगों ने फ्रेशर्स के लिए रिमोट जॉब को राहत का विकल्प माना।
नौकरी चुनते समय सैलरी के साथ खर्च भी जरूरी
इस बहस ने युवाओं के सामने एक अहम सवाल खड़ा किया है। क्या सिर्फ अच्छी कंपनी में नौकरी मिलना ही काफी है?
नौकरी चुनते समय सैलरी के साथ घर का किराया, ट्रांसपोर्ट और दूसरे जरूरी खर्चों का हिसाब लगाना भी जरूरी है।
हालांकि, बेंगलुरु में सभी फ्रेशर्स की स्थिति एक जैसी नहीं है। शेयर रूम, ऑफिस से दूरी और व्यक्तिगत खर्चों के आधार पर उनका बजट अलग हो सकता है। लेकिन इस चर्चा से साफ है कि युवाओं के लिए करियर में अनुभव के साथ आर्थिक स्थिरता भी उतनी ही जरूरी है।

