scorecardresearch

BREAKING NEWS: कोलकाता-मुंबई जा रही Air India फ्लाइट में हाईजैक की धमकी, उतारे गए सभी यात्री

कोलकाता से मुंबई जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट में टेकऑफ से ठीक पहले हाईजैक से जुड़ा संदिग्ध संदेश मिलने की खबर से हड़कंप मच गया। पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल को अलर्ट किया, जिसके बाद सभी यात्रियों को विमान से उतार दिया गया। आखिर विमान के अंदर यह संदेश कहां मिला और सुरक्षा एजेंसियों ने क्या कदम उठाए? जानिए पूरा मामला।

Advertisement
उड़ान भरने ही वाला था विमान, तभी मिली हाईजैक की धमकी! (तस्वीर AI की मदद से तैयार की गई है।)
उड़ान भरने ही वाला था विमान, तभी मिली हाईजैक की धमकी! (तस्वीर AI की मदद से तैयार की गई है।)

In Short

  • कोलकाता-मुंबई एयर इंडिया फ्लाइट AI 772 में हाईजैक से जुड़ा संदिग्ध संदेश मिलने की सूचना।
  • पायलट ने ATC को किया अलर्ट, टेकऑफ से पहले सभी यात्रियों को विमान से उतारा गया।
  • विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया, वॉशरूम में संदेश मिलने की आधिकारिक पुष्टि बाकी।

कोलकाता से मुंबई जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब विमान के अंदर हाईजैक से जुड़ा एक संदिग्ध संदेश मिलने की खबर सामने आई। इसके बाद पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को अलर्ट किया। सुरक्षा को देखते हुए सभी यात्रियों को विमान से उतार दिया गया और विमान को जांच के लिए आइसोलेशन बे में ले जाया गया।

advertisement

टेकऑफ से पहले मिली हाईजैक की धमकी

जानकारी के मुताबिक, एयर इंडिया की फ्लाइट AI 772 बुधवार सुबह कोलकाता से मुंबई के लिए उड़ान भरने की तैयारी कर रही थी। यह एयरबस A320neo विमान था। टेकऑफ से पहले विमान के अंदर हाईजैक से जुड़ा एक संदिग्ध संदेश मिलने की सूचना सामने आई।

सूत्रों के मुताबिक, विमान के वॉशरूम में लगे शीशे पर हाईजैक से जुड़ा संदेश लिखा होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, अधिकारियों ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

सभी यात्रियों को विमान से उतारा गया

संदिग्ध संदेश की जानकारी मिलते ही पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को अलर्ट किया। इसके बाद सुरक्षा प्रक्रिया के तहत सभी यात्रियों को विमान से उतार दिया गया।

विमान को एयरपोर्ट के आइसोलेशन बे में ले जाया गया, जहां सुरक्षा जांच की प्रक्रिया शुरू किए जाने की जानकारी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि विमान में कितने यात्री सवार थे और उड़ान कब तक दोबारा शुरू होगी।

आधिकारिक पुष्टि का इंतजार

अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि संदिग्ध संदेश किसने लिखा और इसके पीछे क्या मकसद था। हाईजैक की वास्तविक कोशिश होने की भी कोई पुष्टि नहीं हुई है। घटना से जुड़ी अधिक जानकारी और अधिकारियों के आधिकारिक बयान का इंतजार है।