एयर इंडिया की फ्लाइट में बम की धमकी से हड़कंप, दिल्ली जा रहे विमान की जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग
फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट में बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। उड़ान के दौरान पायलट ने एक ऐसा कोड इस्तेमाल किया, जो विमान में गंभीर खतरे का संकेत देता है। आखिर क्या हुआ था आसमान में और विमान को कहां उतारा गया? जानिए पूरा मामला।

In Short
- फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2030 को बम की धमकी मिलने के बाद जयपुर डायवर्ट किया गया।
- उड़ान के दौरान पायलट ने Squawk Code 7500 का इस्तेमाल किया, जो गैरकानूनी हस्तक्षेप का संकेत देता है।
- जयपुर एयरपोर्ट पर विमान को आइसोलेशन बे में रखकर सुरक्षा जांच शुरू की गई, एयर इंडिया के आधिकारिक बयान का इंतजार।
फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट में बम होने की धमकी मिलने के बाद बुधवार सुबह हड़कंप मच गया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को दिल्ली के बजाय जयपुर डायवर्ट कर दिया गया। विमान की जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी।
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, एयर इंडिया की फ्लाइट AI20a30 फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रही थी। इस उड़ान के लिए बोइंग 787-9 विमान का इस्तेमाल किया जा रहा था।
जयपुर एयरपोर्ट पर अलग जगह खड़ा किया गया विमान
सूत्रों के मुताबिक, इमरजेंसी लैंडिंग के बाद विमान को जयपुर एयरपोर्ट के आइसोलेशन बे में ले जाया गया। यह एयरपोर्ट पर एक अलग जगह होती है, जहां सुरक्षा जांच के लिए विमान को खड़ा किया जाता है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि सुरक्षा कर्मचारी विमान की जांच कर रहे हैं। बम की धमकी को देखते हुए सुरक्षा संबंधी जरूरी जांच की जा रही है।
पुलिस को एयरपोर्ट अधिकारियों ने दी जानकारी
मालवीय नगर के असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (ACP) शिव दयाल ने पीटीआई को बताया कि एयरपोर्ट अधिकारियों ने पुलिस को फ्रैंकफर्ट-दिल्ली फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग के बारे में जानकारी दी थी।
उन्होंने बताया कि विमान को बम की धमकी मिलने के बाद जयपुर उतारा गया। हालांकि, उन्होंने कहा कि इस मामले में अभी और जानकारी सामने आनी बाकी है।
पायलट ने दिया था Squawk Code 7500 का संकेत
एक सूत्र ने शुरुआती जानकारी के आधार पर बताया कि जब विमान मुंबई फ्लाइट इंफॉर्मेशन रीजन (FIR) में था, तब पायलट ने 'Squawk Code 7500' का इस्तेमाल किया था।
यह कोड विमान में गैरकानूनी हस्तक्षेप का संकेत देता है। इसके बाद विमान का रास्ता बदलकर उसे जयपुर भेज दिया गया।
विमान में कितने यात्री थे, अभी जानकारी नहीं
फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि विमान में कुल कितने यात्री सवार थे। यात्रियों की संख्या से जुड़ी जानकारी तत्काल उपलब्ध नहीं हो सकी है।
वहीं, इस पूरे मामले पर एयर इंडिया की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।

