54 साल पुराने इस कंप्यूटर में आखिर ऐसा क्या है खास? नीलामी में कीमत जानकर रह जाएंगे हैरान
लंदन के एक घर में बक्सों के नीचे मिला 1972 का Q1 माइक्रोकंप्यूटर नीलामी में £37,179 यानी करीब ₹47.37 लाख में बिका है। यह दुनिया में मौजूद सिर्फ तीन ज्ञात Q1 माइक्रोकंप्यूटर में से एक है। खास बात यह है कि यह मशीन Apple 1 के आने से चार साल पहले लॉन्च हुई थी।

In Short
- 1972 का दुर्लभ Q1 माइक्रोकंप्यूटर नीलामी में करीब ₹47.37 लाख में बिका
- यह दुनिया में मौजूद केवल तीन ज्ञात Q1 माइक्रोकंप्यूटर में से एक है
- - कंप्यूटर को 2023 में लंदन के एक घर की सफाई के दौरान खोजा गया था
लंदन के एक घर में पुराने बक्सों के नीचे पड़ा कंप्यूटर बेहद दुर्लभ निकला। साल 1972 की इस Q1 माइक्रो कंप्यूटर नीलामी में यह करीब ₹47.37 लाख में बिका है। इसकी खासियत सिर्फ इसका 50 साल से ज्यादा पुराना होना नहीं है। यह दुनिया में मौजूद केवल तीन ज्ञात Q1 माइक्रोकंप्यूटरों में से एक है।
इस कंप्यूटर को 2023 में लंदन के एक घर की सफाई के दौरान खोजा गया था। इसके साथ एक और Q1 मशीन और एक प्रिंटर भी मिले थे। इन मशीनों को बक्सों के नीचे रखा गया था।
क्यों खास है 1972 का यह कंप्यूटर?
नीलामी में बिका कंप्यूटर 1972 का Q1 माइक्रोकंप्यूटर है और इसमें इंटरनल प्रिंटर भी लगा हुआ था। उसी घर से थोड़ा नया Q1 Lite और उसके लिए बनाया गया अलग प्रिंटर भी मिले थे।
इन मशीनों को लंदन की हाउस-क्लियरेंस कंपनी Just Clear ने खोजा था। बाद में फरवरी 2024 में इन्हें Kingston University में एक प्रदर्शनी में भी रखा गया।
Q1 उस दौर में आया था जब कंप्यूटर टेक्नोलॉजी छोटे और माइक्रोप्रोसेसर-आधारित सिस्टम की तरफ बढ़ रही थी। खास बात यह है कि इसे 1972 में लॉन्च किया गया था, जो Steve Wozniak और Steve Jobs के Apple-1 पेश करने से चार साल पहले की बात है।
नीलामी में £37,179 की लगी बोली
Dallas की Heritage Auctions ने तीनों डिवाइसों को बिना किसी रिजर्व प्राइस के नीलामी में रखा। इससे पहले Q1 की कभी नीलामी नहीं हुई थी, इसलिए इसकी कीमत को लेकर कोई पुराना रिकॉर्ड मौजूद नहीं था।
1972 का Q1 अपने इंटरनल प्रिंटर के साथ £37,179 में बिका। वहीं Q1 Lite की कीमत £8,316 यानी करीब ₹10.59 लाख रही। इसके साथ मिले अलग प्रिंटर को £1,175, यानी करीब ₹1.49 लाख, में खरीदा गया।
अपने दौर में भी बेहद महंगा था Q1
Q1 सिर्फ आज ही महंगा नहीं है। जब यह नया आया था, तब भी इसकी कीमत काफी ज्यादा थी। महंगाई को ध्यान में रखते हुए इसकी उस समय की कीमत आज के £70,000 से ज्यादा यानी करीब ₹89.15 लाख के बराबर होती।
Heritage Auctions ने Q1 को शुरुआती कंप्यूटिंग के विकास में एक महत्वपूर्ण मशीन बताया है। 1970 और 1980 के दशक के ऐसे कंप्यूटरों ने आगे चलकर उन मशीनों की नींव तैयार करने में भूमिका निभाई, जिनका इस्तेमाल आज काम, कम्युनिकेशन और मनोरंजन के लिए किया जाता है।

