scorecardresearch

Jio vs Starlink: भारत में लॉन्चिंग की तैयारी तेज, कौन मारेगा बाजी और कितने रुपये का होगा मंथली प्लान?

भारत में जल्द ही सैटेलाइट इंटरनेट की एंट्री होने वाली है। Elon Musk की Starlink और Reliance Jio के बीच मुकाबला दिलचस्प हो सकता है। लेकिन सबसे बड़ा सवाल है कि बिना टावर और फाइबर के इंटरनेट कैसे चलेगा और हर महीने कितना खर्च आएगा? जानिए कीमत और सर्विस से जुड़ी अहम बातें।

Advertisement

In Short

  • भारत में जल्द शुरू हो सकती है सैटेलाइट इंटरनेट सर्विस, तीन कंपनियों को मिला लाइसेंस।
  • Starlink और Jio के बीच मुकाबला, कीमत और स्पीड पर रहेगी नजर।
  • अमेरिका में Starlink का शुरुआती प्लान करीब 5,222 रुपये महीने का।

भारत में जल्द ही सैटेलाइट बेस्ड इंटरनेट सर्विस शुरू हो सकती है। इसको लेकर एलन मस्क (Elon Musk) की Starlink और मुकेश अंबानी की Reliance Jio चर्चा में हैं। सरकार तीन कंपनियों को लाइसेंस दे चुकी है। हालांकि, सर्विस शुरू करने से पहले इन्हें सिक्योरिटी अप्रूवल और स्पेक्ट्रम की जरूरत होगी। ऐसे में सवाल है कि सैटेलाइट इंटरनेट कैसे काम करता है और इसके लिए कितने पैसे खर्च करने होंगे?

advertisement

तीन कंपनियों को मिल चुका है लाइसेंस

हाल ही में एलन मस्क ने भारत में Starlink की लॉन्चिंग में हो रही देरी पर सवाल उठाए थे। इसके बाद सरकार के संबंधित मंत्रालय ने बताया कि तीन कंपनियों को लाइसेंस दिए जा चुके हैं। इनमें Starlink, Jio और OneWeb शामिल हैं। अब इन कंपनियों को बाकी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी करनी होंगी।

क्या है सैटेलाइट इंटरनेट और कैसे करता है काम?

सैटेलाइट इंटरनेट में घर तक इंटरनेट पहुंचाने के लिए फाइबर केबल या मोबाइल टावर की जरूरत नहीं होती। इसके लिए पृथ्वी की निचली कक्षा में मौजूद सैटेलाइट का इस्तेमाल किया जाता है।

सैटेलाइट से आने वाले सिग्नल को घर पर लगा डिश एंटीना या टर्मिनल रिसीव करता है। इसके बाद सिग्नल वाईफाई राउटर तक पहुंचता है, जिससे यूजर्स इंटरनेट इस्तेमाल कर सकते हैं।

आंधी-तूफान, भूकंप या सुनामी जैसी प्राकृतिक आपदाओं में जमीन पर मौजूद टावर और केबल खराब हो सकते हैं। ऐसे हालात में सैटेलाइट इंटरनेट कनेक्टिविटी बनाए रखने में मददगार हो सकता है।

किन इलाकों में होगा सबसे ज्यादा फायदा?

सैटेलाइट इंटरनेट का सबसे ज्यादा फायदा उन जगहों पर हो सकता है, जहां अभी फाइबर नेटवर्क नहीं पहुंच पाया है। इनमें पहाड़ी इलाके, गांव, दूरदराज के क्षेत्र, समुद्री जहाज, सीमावर्ती इलाके और आपदा प्रभावित क्षेत्र शामिल हैं।

Jio और Starlink में किसका पलड़ा भारी?

भारत में सैटेलाइट इंटरनेट की प्रतिस्पर्धा सिर्फ स्पीड और टेक्नोलॉजी तक सीमित नहीं होगी। कीमत, कवरेज और इंस्टॉलेशन चार्ज भी ग्राहकों के लिए अहम होंगे।

Jio पहले से अपने किफायती प्लान के लिए जाना जाता है। हालांकि, भारत में Jio और Starlink के सैटेलाइट इंटरनेट प्लान की आधिकारिक कीमत अभी सामने नहीं आई है।

Starlink का मंथली प्लान कितने का है?

अमेरिका के शिकागो में Starlink का शुरुआती रेजिडेंशियल प्लान 55 डॉलर यानी करीब 5,222 रुपये महीने का है। इसमें 100 Mbps तक की स्पीड मिलती है। यह प्लान छोटे और मध्यम आकार के घरों के लिए है।

इंटरनेट इस्तेमाल करने के लिए घर पर टर्मिनल और राउटर का सेटअप भी जरूरी होता है। हालांकि, भारत में इस उपकरण और इंस्टॉलेशन के लिए अलग से पैसे देने होंगे या नहीं, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी नहीं मिली है।

advertisement