
गूगल ने लॉन्च किया धांसू फिटनेस ट्रैकर! 50 से ज्यादा वर्कआउट मोड और AI हेल्थ कोचिंग, प्राइस?
Google ने नया Fitbit Edge फिटनेस ट्रैकर पेश किया है, जिसमें AI हेल्थ कोचिंग, 50 से ज्यादा वर्कआउट मोड और 7 दिन की बैटरी लाइफ मिलती है। इसकी खासियत बदलने वाली बैटरी है। जानिए इस नए फिटनेस ट्रैकर की कीमत, फीचर्स और भारत में लॉन्चिंग से जुड़ी जानकारी।

In Short
- Google Fitbit Edge में AI हेल्थ कोचिंग और 50+ वर्कआउट मोड मिलेंगे।
- 7 दिन की बैटरी लाइफ और बैटरी बदलने की सुविधा मिलेगी।
- शुरुआती कीमत करीब ₹17,150, भारत में लॉन्च डेट का ऐलान नहीं।
गूगल ने अपना नया फिटनेस ट्रैकर Fitbit Edge पेश किया है। इसमें AI की मदद से हेल्थ कोचिंग, फिटनेस ट्रैकिंग और बदलने वाली बैटरी जैसे फीचर्स दिए गए हैं। आजकल स्मार्टवॉच में लगातार नए फीचर्स जोड़े जा रहे हैं, लेकिन यूजर्स के लिए बैटरी लाइफ भी बड़ी चिंता बनी रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए कंपनी ने Fitbit Edge को तैयार किया है। कंपनी का दावा है कि यह एक बार चार्ज करने पर 7 दिन तक चल सकता है।
डिस्प्ले और डिजाइन में क्या है खास?
Fitbit Edge में Hybrid OLED डिस्प्ले दिया गया है, जिसका व्यूइंग एरिया पुराने Fitbit ट्रैकर्स के मुकाबले 46% ज्यादा है। इसकी मोटाई 11.5mm है और कंपनी के मुताबिक यह Apple Watch Series 12 से 45% हल्का है।
इसकी बॉडी में रिसाइकल्ड एल्युमिनियम का इस्तेमाल किया गया है। यूजर्स अपनी पसंद के अनुसार वॉच फेस बदल सकते हैं और अलग-अलग बैंड भी लगा सकते हैं। इसमें Google Maps, मीडिया कंट्रोल और कॉल व मैसेज नोटिफिकेशन की सुविधा भी मिलती है।
50 से ज्यादा वर्कआउट मोड मिलेंगे
फिटनेस के शौकीनों के लिए Fitbit Edge में 50 से ज्यादा एक्सरसाइज मोड दिए गए हैं। इसमें रियल टाइम गाइडेंस और इनबिल्ट GPS भी मिलता है। गूगल का दावा है कि पुराने मॉडल्स के मुकाबले इसकी GPS ट्रैकिंग 40% तक ज्यादा सटीक है।
यह डिवाइस 100 तरह की एक्टिविटीज को अपने आप पहचानकर अलग-अलग कैटेगरी में रख सकता है। इसके अलावा इसमें अल्टीमीटर भी दिया गया है, जो ऊंचाई में होने वाले बदलाव को रिकॉर्ड करता है।
AI हेल्थ कोचिंग और बैटरी की खासियत
Fitbit Edge में लगातार हार्ट रेट मॉनिटरिंग, ECG, स्किन टेम्परेचर, नींद के अलग-अलग चरणों और हार्ट रेट वेरिएबिलिटी की निगरानी जैसे फीचर्स मिलते हैं।

इसका Health Guardian फीचर ब्लड प्रेशर और इंसुलिन रेजिस्टेंस के ट्रेंड्स पर नजर रखता है। वहीं Google Health Premium के जरिए AI आधारित पर्सनल हेल्थ गाइडेंस मिलती है। हालांकि, ये फीचर्स सामान्य हेल्थ और वेलनेस के लिए हैं, किसी बीमारी की जांच के लिए नहीं।
इसकी बैटरी 7 दिन तक चलने का दावा किया गया है। सिर्फ 5 मिनट चार्ज करने पर एक दिन का बैटरी बैकअप मिल सकता है। यह 50 मीटर तक वाटर रेसिस्टेंट है। खास बात है कि इसकी बैटरी बदली जा सकती है।
Fitbit Edge की कीमत कितनी है?
Fitbit Edge दो एडिशन में उपलब्ध होगा। इसके स्टैंडर्ड मॉडल की कीमत 179.99 डॉलर यानी करीब 17,150 रुपये है। वहीं Stephen Curry Special Edition की कीमत 219.99 डॉलर यानी करीब 21,000 रुपये रखी गई है।
स्पेशल एडिशन में अलग रंगों और ऑरेंज एक्सेंट का इस्तेमाल किया गया है। फिलहाल चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय बाजारों में इसकी प्री-बुकिंग शुरू हो चुकी है और बिक्री 27 अक्टूबर से शुरू होगी। भारत में लॉन्चिंग की तारीख और कीमत का अभी ऐलान नहीं हुआ है।

