एलन मस्क की उड़ने वाली कार पर AI के गॉडफादर ने कसा तंज, जवाब में मस्क ने कह दी ऐसी बात कि छिड़ गई बहस
एलन मस्क की हवा में उड़ने वाली Tesla Roadster का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रहा है। लेकिन AI के गॉडफादर कहे जाने वाले यान लेकन को इसकी तकनीक पर भरोसा नहीं हुआ। उन्होंने कार की उड़ान पर सवाल उठाए, तो मस्क ने ऐसा जवाब दिया कि बहस अजीब मोड़ पर पहुंच गई। आखिर दोनों के बीच क्या हुआ और कार सच में कितनी उड़ सकती है?

In Short
- Tesla Roadster के उड़ने वाले डेमो पर यान लेकन ने सवाल उठाए।
- एलन मस्क और लेकन के बीच सोशल मीडिया पर अजीबोगरीब बहस।
- Roadster का Rocket वेरिएंट कुछ सेकंड हवा में उठ सकता है।
एलन मस्क की Tesla Roadster इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में है। वजह है इसका हवा में उड़ने वाला डेमो। मस्क ने हाल ही में एक वीडियो शेयर किया, जिसमें Tesla की नई Roadster दूसरी कारों के ऊपर हवा में उठती दिखाई देती है। लेकिन इस तकनीक पर AI के गॉडफादर कहे जाने वाले यान लेकन (Yann LeCun) ने सवाल उठा दिए। इसके बाद दोनों के बीच सोशल मीडिया पर ऐसी बहस शुरू हुई, जो तकनीक से निकलकर मजेदार तंज तक पहुंच गई।
Tesla की उड़ने वाली कार पर क्यों उठे सवाल?
रिपोर्ट के मुताबिक, Tesla Roadster का डेमो अमेरिका के टेक्सास में SpaceX की टेस्ट फैसिलिटी में दिखाया गया। वीडियो शेयर करते हुए एलन मस्क ने लिखा कि भविष्य में उड़ने वाली कारें सचमुच मौजूद हैं।
इस पर यान लेकन ने सवाल किया कि क्या कार को हवा में उठाने के लिए हाइड्रोजन पेरॉक्साइड का इस्तेमाल किया गया है।
जब उन्हें पता चला कि कार में कंप्रेस्ड एयर यानी दबाव वाली हवा का इस्तेमाल होता है, तो उन्होंने इसकी उपयोगिता पर सवाल उठाए।
लेकन के मुताबिक, कार को कुछ सेकंड हवा में उठाने के लिए भी बड़ी मात्रा में दबाव वाली हवा चाहिए होगी। उन्होंने इस डेमो को दिलचस्प, लेकिन व्यावहारिक रूप से बेकार बताया।
एलन मस्क ने दिया अजीब जवाब

लेकन की आलोचना पर मस्क ने मजाकिया अंदाज में जवाब देते हुए लिखा, "मैं तुम्हारी दिशा में पादता हूं।"
इसके बाद लेकन ने भी पलटवार किया। उन्होंने मजाक में कहा कि ज्यादा दबाव वाली गैस किसी इंसान को भी ऊपर की ओर धकेल सकती है।
उन्होंने Tesla की तकनीक की तुलना तीन सेकंड तक चलने वाली तेज आवाज की गैस से कर दी। दोनों के बीच यह बातचीत सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई।
क्या सच में उड़ सकती है Tesla Roadster?
Tesla के मुताबिक, Roadster के Rocket वेरिएंट में SpaceX की तकनीक वाले थ्रस्टर्स लगाए गए हैं। ये दबाव वाली गैस छोड़कर कार को ऊपर उठाने के लिए बल पैदा करते हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, डेमो वाली कार में कुल 600 लीटर क्षमता वाले दो प्रेशर टैंक थे, जिनमें लगभग 250 किलोग्राम हवा रखी गई थी।
हालांकि, यह कार हवाई जहाज की तरह लगातार उड़ान नहीं भर सकती। मौजूदा तकनीक से यह केवल कुछ सेकंड के लिए हवा में उठ सकती है।
भारत में कितनी होगी कीमत?
रिपोर्ट के मुताबिक, Tesla Roadster के तीन वेरिएंट हैं Performance, Thrust और Rocket।
भारत में Performance वेरिएंट की बताई गई कीमत लगभग 50.06 लाख रुपये, जबकि Thrust वेरिएंट की करीब 2.5 करोड़ रुपये है।
Rocket वेरिएंट की कीमत अभी घोषित नहीं की गई है और इसे केवल निमंत्रण के आधार पर उपलब्ध कराने की बात कही गई है।
Tesla ने Roadster की डिलीवरी 2028 से शुरू करने की योजना बताई है। हालांकि, डेमो में कार का कुछ सेकंड हवा में उठना और सामान्य इस्तेमाल के लिए उड़ने वाली कार का तैयार होना दो अलग बातें हैं।

