
बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच कैसे काम करते हैं फ्लेक्सी कैप फंड?
म्यूचुअल फंड में निवेश के लिए फ्लेक्सी कैप फंड एक अहम ऑप्शन बन सकते हैं। इनमें लार्ज, मिड और स्मॉल कैप कंपनियों में पैसा लगाने की सुविधा मिलती है। लेकिन क्या ये फंड आपके लिए सही हैं? जानिए इनके फायदे, काम करने का तरीका और निवेश से जुड़े जोखिम।

In Short
- फ्लेक्सी कैप फंड लार्ज, मिड और स्मॉल कैप कंपनियों में निवेश का मौका देते हैं।
- इन फंड्स में SIP या एकमुश्त निवेश कर सकते हैं, कोई तय लॉक-इन अवधि नहीं होती।
- निवेश से पहले बाजार के जोखिम, निवेश की अवधि और अपने वित्तीय लक्ष्य समझना जरूरी है।
म्यूचुअल फंड में निवेश करने वालों के लिए अब कई तरह के विकल्प मौजूद हैं। मल्टी कैप से लेकर बैलेंस्ड एडवांटेज फंड तक, हर कैटेगरी का अपना अलग मकसद है। इन्हीं में से एक है फ्लेक्सी कैप फंड (Flexi Cap Fund)। यह फंड निवेशकों को अलग-अलग आकार की कंपनियों में पैसा लगाने का मौका देता है। इसका मकसद लंबे समय में निवेशकों की संपत्ति बढ़ाने की संभावना पैदा करना और पोर्टफोलियो में विविधता लाना है।
क्या होते हैं फ्लेक्सी कैप फंड?
फ्लेक्सी कैप फंड ऐसे इक्विटी म्यूचुअल फंड होते हैं, जो अपनी कुल संपत्ति का कम से कम 65 फीसदी हिस्सा शेयरों या इक्विटी से जुड़े निवेश में लगाते हैं।
इन फंड्स की खासियत यह है कि ये लार्ज कैप, मिड कैप और स्मॉल कैप तीनों तरह की कंपनियों में निवेश कर सकते हैं। फंड मैनेजर बाजार की स्थिति और निवेश के अवसरों के हिसाब से अलग-अलग कैटेगरी में पैसा लगा सकता है।
फ्लेक्सी कैप फंड में निवेश के क्या हैं फायदे?
फ्लेक्सी कैप फंड का सबसे बड़ा फायदा निवेश में विविधता है। इसमें पैसा किसी एक मार्केट कैटेगरी तक सीमित नहीं रहता। अगर किसी एक सेगमेंट में गिरावट आती है, तो दूसरे सेगमेंट में निवेश से उसके असर को कम करने में मदद मिल सकती है।
इसके अलावा, ये ओपन एंडेड स्कीम होती हैं। यानी इनमें कोई तय मैच्योरिटी या लॉक-इन अवधि नहीं होती। निवेशक एकमुश्त रकम लगा सकते हैं या SIP के जरिए नियमित निवेश शुरू कर सकते हैं। जरूरत पड़ने पर निवेश निकालने का विकल्प भी मिलता है।
कैसे काम करते हैं फ्लेक्सी कैप फंड?
फ्लेक्सी कैप फंड में निवेश से जुड़े फैसले फंड मैनेजर लेते हैं। बाजार की परिस्थितियों के अनुसार वे लार्ज कैप, मिड कैप और स्मॉल कैप कंपनियों में निवेश का अनुपात बदल सकते हैं।

अगर किसी सेगमेंट का प्रदर्शन कमजोर होता है या दूसरे में बेहतर अवसर दिखाई देते हैं, तो फंड मैनेजर पोर्टफोलियो में बदलाव कर सकता है। इसका उद्देश्य जोखिम को संभालते हुए बेहतर रिटर्न हासिल करना होता है।
फ्लेक्सी कैप फंड में कितना लगता है टैक्स?
फ्लेक्सी कैप फंड इक्विटी आधारित स्कीम हैं, इसलिए इन पर इक्विटी म्यूचुअल फंड के टैक्स नियम लागू होते हैं।
अगर निवेशक एक साल के भीतर यूनिट्स बेचकर मुनाफा कमाता है, तो उसे शॉर्ट टर्म कैपिटल गेन (STCG) माना जाता है। वहीं, एक साल से ज्यादा समय बाद यूनिट्स बेचने पर होने वाला मुनाफा लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन (LTCG) कहलाता है।
निवेश से पहले किन जोखिमों का रखें ध्यान?
फ्लेक्सी कैप फंड में बाजार के उतार-चढ़ाव, आर्थिक मंदी और भू-राजनीतिक तनाव जैसे जोखिम बने रहते हैं। कुछ फ्लेक्सी कैप फंड लार्ज कैप फंड्स से ज्यादा जोखिम वाले हो सकते हैं।
इसलिए निवेश से पहले अपनी जोखिम उठाने की क्षमता, निवेश की अवधि और वित्तीय लक्ष्यों को समझना जरूरी है। हर निवेशक की जरूरत अलग होती है, इसलिए फ्लेक्सी कैप फंड सभी के लिए एक जैसा विकल्प नहीं हो सकता।

