scorecardresearch

लद्दाख को मिली ₹3,350 करोड़ की 5 बड़ी सौगातें; पीएम मोदी ने इन प्रोजेक्ट्स का किया उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लद्दाख को करीब 3,350 करोड़ रुपये की पांच बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात दी है। इनमें लेह एयरपोर्ट का नया टर्मिनल, सड़क, बिजली और पानी से जुड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं। इन योजनाओं से स्थानीय लोगों को क्या फायदे होंगे और कौन सी नई सुविधाएं मिलेंगी? जानिए पूरी डिटेल।

Advertisement

In Short

  • पीएम मोदी ने लद्दाख में ₹3,350 करोड़ की 5 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया।
  • लेह एयरपोर्ट को ₹640 करोड़ का नया टर्मिनल, 298 KM लंबी सड़क भी राष्ट्र को समर्पित।
  • बिजली और पानी की सुविधाएं होंगी बेहतर, देश के पहले पेट्रोग्लिफ संरक्षण पार्क की भी शुरुआत।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को लद्दाख को करीब 3,350 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। पीएम मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पांच बड़े प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया और उन्हें राष्ट्र को समर्पित किया। इन परियोजनाओं में एयरपोर्ट, सड़क, बिजली, पानी और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण से जुड़े काम शामिल हैं। इनका मकसद लद्दाख में लोगों की सुविधाएं बेहतर बनाना और क्षेत्र के विकास को रफ्तार देना है।

advertisement

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज लद्दाख की प्रगति और विकास में एक नया अध्याय जुड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से लोगों का सफर आसान होगा, बिजली और पानी की सुविधाएं बेहतर होंगी और प्राचीन विरासत को संरक्षित करने में मदद मिलेगी।

लेह एयरपोर्ट को मिला ₹640 करोड़ का नया टर्मिनल

इन परियोजनाओं में सबसे अहम लेह के कुशोक बकुला रिम्पोछे एयरपोर्ट पर बना नया पैसेंजर टर्मिनल है। इसे 640 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। नए टर्मिनल से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही लद्दाख में बढ़ते पर्यटन और हवाई कनेक्टिविटी को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

298 किलोमीटर लंबी सड़क से आसान होगा सफर

पीएम मोदी ने 298 किलोमीटर लंबी निम्मू-पदुम-दारचा सड़क भी राष्ट्र को समर्पित की। इस सड़क का निर्माण सीमा सड़क संगठन (BRO) ने किया है। यह सड़क लद्दाख को हिमाचल प्रदेश से जोड़ती है।

ऊंचाई वाले इस क्षेत्र में सड़क संपर्क एक बड़ी चुनौती है। ऐसे में यह रास्ता आम लोगों की आवाजाही के साथ रणनीतिक गतिविधियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बिजली सप्लाई बेहतर बनाने के लिए दो बड़े प्रोजेक्ट

लद्दाख में बिजली की सुविधाएं मजबूत करने के लिए पीएम मोदी ने 9 मेगावाट के हानू स्मॉल हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट और 66 केवी की डबल-सर्किट दाह-हानू-खाल्त्सी ट्रांसमिशन लाइन का उद्घाटन किया।

इन परियोजनाओं से बिजली सप्लाई बेहतर होने की उम्मीद है। साथ ही क्षेत्र में रिन्यूएबल एनर्जी के इस्तेमाल को बढ़ावा मिलेगा।

40 गांवों में पानी की समस्या दूर करने की पहल

पानी की उपलब्धता बढ़ाने के लिए प्रोजेक्ट हिम सरोवर शुरू किया गया है। इसके तहत लद्दाख के 40 गांवों में 40 जलाशय विकसित किए गए हैं।

यह पहल मिशन अमृत सरोवर से जुड़ी है। इसका उद्देश्य लद्दाख जैसे ठंडे और शुष्क इलाके में पानी का संरक्षण करना और स्थानीय लोगों के लिए जल उपलब्धता बेहतर बनाना है।

देश का पहला पेट्रोग्लिफ संरक्षण पार्क भी शुरू

पीएम मोदी ने लेह के सिंधु घाट पर देश के पहले पेट्रोग्लिफ संरक्षण पार्क का भी उद्घाटन किया। इस पार्क में लद्दाख की प्राचीन चट्टानों पर बनी नक्काशी को संरक्षित किया जाएगा।

advertisement

इससे ऐतिहासिक धरोहरों को मौसम और अनियंत्रित मानवीय गतिविधियों से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद मिलेगी। साथ ही सांस्कृतिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

इन पांच परियोजनाओं से लद्दाख में कनेक्टिविटी, बिजली, पानी और पर्यटन से जुड़ी सुविधाएं मजबूत होने की उम्मीद है।