scorecardresearch

5 स्टार होटल Radisson Blu के किचन में कॉकरोच और खराब फल-सब्जियां मिलने का दावा, FSSAI का मिला नोटिस

दिल्ली के मशहूर Radisson Blu होटल की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. FSSAI की जांच में खाने की गुणवत्ता, किचन की साफ-सफाई और रखरखाव से जुड़ी कई गंभीर खामियां सामने आने का दावा किया गया है. होटल को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है. जानिए जांच में क्या-क्या मिला.

Advertisement

In Short

  • दिल्ली के Radisson Blu होटल को FSSAI ने सुधार नोटिस जारी किया.
  • किचन में कॉकरोच, मक्खियों और खराब फल-सब्जियों की मौजूदगी का दावा.
  • खामियां दूर नहीं करने पर होटल का FSSAI लाइसेंस हो सकता है सस्पेंड.

दिल्ली के नामी होटल रेडिसन ब्लू की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने होटल में फूड सेफ्टी और साफ-सफाई से जुड़ी कई कथित खामियां मिलने के बाद सुधार नोटिस जारी किया है. जांच के दौरान होटल के किचन से लेकर खाने के रखरखाव तक कई कमियां सामने आने का दावा किया गया है. होटल का संचालन मेसर्स एबी होटल्स लिमिटेड करती है.

advertisement

FSSAI ने होटल संचालक को इन कमियों को तुरंत दूर करने का निर्देश दिया है. साथ ही सुधार के सबूत के तौर पर जरूरी दस्तावेजों और तस्वीरों के साथ विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट भी मांगी है.

किचन में कॉकरोच और मक्खियों की गतिविधि

नोटिस के मुताबिक, होटल की साफ-सफाई व्यवस्था में कई खामियां मिलीं. जांच के दौरान कुछ इलाकों में कॉकरोच और मक्खियों की गतिविधि देखी गई. कीट नियंत्रण की व्यवस्था भी पर्याप्त नहीं पाई गई.

इसके अलावा परिसर में पानी जमा होने, नालियों की खराब स्थिति और खाने के कचरे के सही प्रबंधन की कमी सामने आई. होटल में इस्तेमाल होने वाली कुछ मशीनों पर जंग लगी थी और फ्रीजर में रिसाव की समस्या भी मिली.

खाने को ठंडा रखने की व्यवस्था, तापमान की निगरानी, हवा की निकासी, फर्श और रोशनी से जुड़ी कमियां भी नोटिस में दर्ज की गई हैं.

खराब फल-सब्जियों और तेल की गुणवत्ता पर सवाल

FSSAI की जांच में खाने की खरीद और उसे स्वीकार करने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए गए. नोटिस के अनुसार, होटल में फफूंद लगे और खराब फल-सब्जियां स्वीकार किए गए थे.

इसके अलावा मंजूरशुदा विक्रेताओं के रिकॉर्ड और खाद्य पदार्थों के स्रोत का पता लगाने वाली व्यवस्था में भी कमियां मिलीं.

होटल के NYC किचन में इस्तेमाल हो रहे तेल का कुल ध्रुवीय यौगिक मान 31 और 24.4 दर्ज किया गया. नोटिस के मुताबिक, तेल की उपयुक्तता की जरूरी जांच भी नहीं की गई थी.

प्रतीकात्मक तस्वीर

खाने को अलग रखने और कर्मचारियों की स्वच्छता में कमी

जांच में कच्चे और पके खाने, शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों को सही तरीके से अलग नहीं रखने की बात सामने आई. एलर्जी पैदा करने वाले खाद्य पदार्थों और अन्य खाने के साथ-साथ खाद्य और गैर-खाद्य सामान को अलग रखने में भी कमियां मिलीं.

कुछ कर्मचारी बिना दस्तानों और हेयरनेट के काम कर रहे थे. वहीं, कुछ कर्मचारियों ने गहने पहन रखे थे और उनके नाखून लंबे थे.

नियम नहीं माने तो लाइसेंस हो सकता है सस्पेंड

नोटिस में यह भी बताया गया कि होटल का FSSAI लाइसेंस प्रमुख जगह पर प्रदर्शित नहीं था. लाइसेंस की शर्तों और खाद्य कारोबार के दायरे से जुड़ी कमियां भी दर्ज की गईं.

advertisement

FSSAI ने होटल संचालक से सभी खामियों को दूर करके दस्तावेजों और तस्वीरों सहित रिपोर्ट देने को कहा है. निर्देशों का पालन नहीं करने पर आगे नियामक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है. इसमें होटल का FSSAI लाइसेंस निलंबित करना भी शामिल हो सकता है.