
Jio IPO के बीच सैटेलाइट इंटरनेट पर आकाश अंबानी का बयान, भारत में कनेक्टिविटी को लेकर बताया खास प्लान
Jio IPO के बीच आकाश अंबानी ने भारत में सैटेलाइट इंटरनेट को लेकर कंपनी की भविष्य की योजनाओं पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने बताया कि जियो देश के दूरदराज इलाकों तक कनेक्टिविटी पहुंचाने के लिए नए विकल्प तलाश रही है। लेकिन यह सर्विस कब शुरू होगी और Starlink से मुकाबले की क्या तैयारी है?

In Short
- Jio IPO के बीच आकाश अंबानी ने भारत में सैटेलाइट इंटरनेट को लेकर कंपनी की बड़ी योजना का खुलासा किया।
- जियो भारत के लिए अपना स्वदेशी लो अर्थ ऑर्बिट सैटेलाइट नेटवर्क विकसित करने की संभावनाएं तलाश रही है।
- आकाश अंबानी ने बताया कि सैटेलाइट इंटरनेट सर्विस शुरू होने का समय तकनीक और सरकारी मंजूरियों पर निर्भर करेगा।
रिलायंस जियो के आईपीओ के बीच कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर आकाश अंबानी ने भारत में सैटेलाइट इंटरनेट को लेकर अपनी योजनाओं का खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि जियो का मकसद देश के हर नागरिक तक बेहतर और किफायती डिजिटल कनेक्टिविटी पहुंचाना है। इसके लिए कंपनी भारत में अपनी सैटेलाइट तकनीक विकसित करने की संभावनाओं पर भी विचार कर रही है।
भारत में सैटेलाइट इंटरनेट को लेकर क्या है Jio का प्लान?
बिजनेस स्टैंडर्ड को दिए इंटरव्यू में आकाश अंबानी ने कहा कि जियो का विजन भारत के हर नागरिक को डिजिटल दुनिया से जोड़ना है। कंपनी चाहती है कि हर जगह लोगों को बेहतरीन क्वालिटी की कनेक्टिविटी मिले और इसकी कीमत भी किफायती हो।
उन्होंने बताया कि भारत की करीब 99 फीसदी आबादी तक टेलीकॉम नेटवर्क की पहुंच हो चुकी है। हालांकि, अभी भी कुछ ऐसे इलाके हैं, जहां सैटेलाइट कनेक्टिविटी की जरूरत पड़ती है। इनमें समुद्री क्षेत्र, विमानन सेवाएं और देश के बेहद दूरदराज के इलाके शामिल हैं।
क्या भारत अपना सैटेलाइट नेटवर्क तैयार करेगा?
आकाश अंबानी ने बताया कि जियो भारत के लिए अपना लो अर्थ ऑर्बिट सैटेलाइट नेटवर्क विकसित करने की संभावनाओं का आकलन कर रही है।
उन्होंने कहा कि कंपनी इस क्षेत्र में साझेदारी के विकल्पों पर भी विचार कर रही है। जियो को भारत में स्वदेशी सैटेलाइट कनेक्टिविटी क्षमता विकसित करने में लंबी अवधि का बड़ा अवसर दिखाई दे रहा है।
हालांकि, उन्होंने साफ किया कि सैटेलाइट इंटरनेट मौजूदा टेलीकॉम नेटवर्क की जगह नहीं लेगा, बल्कि उसके साथ मिलकर काम करेगा।

कब शुरू होगी सैटेलाइट इंटरनेट सर्विस?
सैटेलाइट इंटरनेट सेवा शुरू होने की समयसीमा को लेकर आकाश अंबानी ने फिलहाल कोई तारीख नहीं बताई है।
उनके मुताबिक, यह कई बातों पर निर्भर करेगा। इनमें तकनीक का विकास और जरूरी सरकारी मंजूरियां शामिल हैं। इसलिए अभी यह बताना संभव नहीं है कि जियो की सैटेलाइट कनेक्टिविटी योजना कब तक पूरी होगी।
Elon Musk की Starlink से मुकाबले पर क्या कहा?
आकाश अंबानी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब भारत में एलन मस्क की कंपनी Starlink की लॉन्चिंग में देरी को लेकर चर्चा चल रही है।
हाल ही में एलन मस्क ने स्टारलिंक की लॉन्चिंग में देरी और सरकार की घरेलू कंपनी को प्राथमिकता देने को लेकर आलोचना की थी।
इसके जवाब में रिलायंस ने कहा था कि जियो भी जरूरी मंजूरियों का इंतजार कर रही है और सभी कंपनियों के लिए प्रक्रिया एक जैसी है।
रिलायंस ने यह भी साफ किया था कि वह Starlink समेत सैटेलाइट कम्युनिकेशन क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा का स्वागत करती है। हालांकि, सभी कंपनियों को भारत के कानूनों और नीतियों का पालन करना होगा।
Jio IPO को लेकर आकाश अंबानी ने क्या कहा?
जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ को लेकर आकाश अंबानी ने इसे भारत के टेलीकॉम सेक्टर की यात्रा में एक अहम पड़ाव बताया।
उन्होंने कहा कि इस आईपीओ से आम निवेशकों और बाजार को यह समझने का मौका मिलेगा कि कनेक्टिविटी, टेक्नोलॉजी और डिजिटल सेवाएं मिलकर देश की अर्थव्यवस्था में किस तरह वैल्यू पैदा करती हैं।

