
मुंबई से आगे निकला पटना! दिल्ली-बेंगलुरु को इस शहर ने पछाड़ा, कारों की डिमांड पर रिपोर्ट में खुलासा
फेस्टिव सीजन में कार बाजार की रौनक बढ़ने वाली है। कारदेखो ग्रुप की रिपोर्ट के मुताबिक, छोटे शहरों में कारों को लेकर जबरदस्त दिलचस्पी दिख रही है। SUV से लेकर लग्जरी और इलेक्ट्रिक कारों तक लोगों की पसंद बदल रही है। जयपुर और पटना जैसे शहर बड़े महानगरों को टक्कर दे रहे हैं।

In Short
- फेस्टिव सीजन से पहले कारों की ऑनलाइन सर्च में छोटे शहरों की 58 परसेंट हिस्सेदारी रही।
- SUV का जबरदस्त क्रेज, हर चार में से तीन खरीदारों की दिलचस्पी SUV मॉडल्स में दिखी।
- इलेक्ट्रिक कारों की सर्च में जयपुर ने दिल्ली और बेंगलुरु को पछाड़ा, पटना में लग्जरी कारों का क्रेज बढ़ा।
त्योहारी सीजन शुरू होते ही देश में नई कारों की खरीदारी तेज होने लगती है. ऑटोमोबाइल कंपनियों को भी इस सीजन का बेसब्री से इंतजार रहता है. लेकिन इस बार कार बाजार में छोटे शहर बड़ी भूमिका निभा सकते हैं. कारदेखो ग्रुप की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कारों को लेकर ऑनलाइन सर्च के मामले में टियर-2 और टियर-3 शहर बड़े महानगरों को कड़ी टक्कर दे रहे हैं. खास बात यह है कि छोटे शहरों के लोग अब सिर्फ सस्ती कारें ही नहीं, बल्कि लग्जरी और इलेक्ट्रिक कारों में भी दिलचस्पी दिखा रहे हैं.
छोटे शहरों से आए 58 परसेंट सर्च
कारदेखो ग्रुप की रिपोर्ट के मुताबिक, अगस्त और सितंबर 2026 के दौरान प्लेटफॉर्म पर कारों से जुड़े कुल सर्च में 58 परसेंट हिस्सेदारी टियर-2 और छोटे शहरों की रही. वहीं, टियर-1 शहरों की हिस्सेदारी 42 परसेंट दर्ज की गई.
राज्यों की बात करें तो उत्तर प्रदेश सबसे आगे रहा. कारों से जुड़ी कुल ऑनलाइन रिसर्च में यूपी की हिस्सेदारी 13.3 परसेंट रही. इसके बाद महाराष्ट्र 12.3 परसेंट और दिल्ली 9.1 परसेंट हिस्सेदारी के साथ दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे.
पटना ने मुंबई और अहमदाबाद को छोड़ा पीछे
कारों को लेकर ऑनलाइन रिसर्च करने वाले टॉप-10 शहरों में पटना, लखनऊ और जयपुर भी शामिल हैं. खास बात यह है कि पटना ने इस मामले में मुंबई और अहमदाबाद जैसे बड़े शहरों को भी पीछे छोड़ दिया है.
रिपोर्ट से पता चलता है कि छोटे शहरों के लोग कार खरीदने से पहले ऑनलाइन जानकारी जुटाने में काफी दिलचस्पी ले रहे हैं.
लग्जरी कारों का भी बढ़ रहा क्रेज
छोटे शहरों में लोगों की पसंद अब सिर्फ बजट कारों तक सीमित नहीं है. रिपोर्ट के मुताबिक, पटना में कुल कार रिसर्च में लग्जरी कारों की हिस्सेदारी 6.7 परसेंट रही. यह आंकड़ा बेंगलुरु के बराबर और दिल्ली से ज्यादा है.
टियर-2 और छोटे शहरों में लग्जरी कारों से जुड़ी कुल रिसर्च में करीब 70 परसेंट हिस्सेदारी SUV की रही. वहीं, टियर-1 शहरों में यह आंकड़ा 61 परसेंट दर्ज किया गया.
हर चार में से तीन लोगों की पसंद SUV
कारों की बॉडी स्टाइल की बात करें तो SUV सेगमेंट का दबदबा बना हुआ है. रिपोर्ट के मुताबिक, करीब हर चार में से तीन ग्राहक SUV मॉडल्स के बारे में ऑनलाइन सर्च कर रहे हैं. इनमें कॉम्पैक्ट SUV की डिमांड सबसे ज्यादा है.

वहीं, हैचबैक सेगमेंट में भी लोग प्रीमियम मॉडल्स को ज्यादा पसंद कर रहे हैं. हैचबैक से जुड़ी कुल रिसर्च में प्रीमियम हैचबैक की हिस्सेदारी 83 परसेंट रही.
इलेक्ट्रिक कारों की रेस में जयपुर सबसे आगे
इलेक्ट्रिक कारों को लेकर भी लोगों की दिलचस्पी बढ़ रही है. इस मामले में जयपुर ने बेंगलुरु और दिल्ली जैसे बड़े शहरों को पीछे छोड़ दिया है.
कुल मिलाकर रिपोर्ट से साफ है कि इस फेस्टिव सीजन में छोटे शहर कार बाजार के लिए अहम साबित हो सकते हैं. खासकर SUV, लग्जरी और इलेक्ट्रिक कारों को लेकर इन शहरों में लोगों की दिलचस्पी तेजी से सामने आ रही है.

