Mahindra Scorpio-N में बड़ा टेक अपग्रेड, अब मिल सकते हैं कई नए और एडवांस फीचर्स
Mahindra Scorpio-N को नए टेक फीचर्स के साथ अपडेट किया गया है। अब इसमें पैनोरमिक सनरूफ, 540-डिग्री सराउंड-व्यू कैमरा, बड़े डिजिटल डिस्प्ले और एडवेंचर स्टैटिस्टिक्स जैसे फीचर्स मिलते हैं। नई सुविधाओं के साथ यह एसयूवी पहले से ज्यादा हाईटेक और फीचर-लोडेड हो गई है।

नई स्कॉर्पियो-एन के केबिन में टेक्नोलॉजी पर खास फोकस किया गया है। इसमें 31.24-सेमी का फ्लोटिंग एचडी टचस्क्रीन दिया गया है। इसके साथ 26.03-सेमी का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर भी मिलता है। एसयूवी में 65W यूएसबी टाइप-सी चार्जिंग की सुविधा भी जोड़ी गई है, जिससे केबिन पहले के मुकाबले ज्यादा टेक-फोकस्ड हो गया है।

स्कॉर्पियो-एन में अब 540-डिग्री सराउंड-व्यू कैमरा दिया गया है, जिसके साथ ब्लाइंड-व्यू मॉनिटरिंग फीचर भी मिलता है। यह सिस्टम गाड़ी के आसपास का ज्यादा बड़ा व्यू ड्राइवर को दिखाता है। खास तौर पर तंग जगहों पर पार्किंग और मुश्किल रास्तों पर ड्राइविंग के दौरान यह फीचर ड्राइवर के लिए ज्यादा बेहतर विजिबिलिटी देने में मदद करता है।

एसयूवी पसंद करने वालों के लिए महिंद्रा ने एडवेंचर स्टैटिस्टिक्स डिस्प्ले भी जोड़ा है। यह सिस्टम इंजन की परफॉर्मेंस, गाड़ी के रोल और पिच एंगल्स, कंपास रीडिंग, एल्टीट्यूड और जी-फोर्स जैसी जानकारियां दिखाता है। यानी ड्राइविंग के दौरान यूजर गाड़ी से जुड़ी कई तरह की रियल-टाइम जानकारी स्क्रीन पर देख सकता है।


