BMW की नई इलेक्ट्रिक SUV iX4 से उठा पर्दा! मार्च 2027 में होगी लॉन्च, तस्वीरों में देखें शानदार फीचर्स
BMW ने अपनी नई इलेक्ट्रिक कूपे-SUV iX4 से पर्दा उठा दिया है। यह कार शानदार डिजाइन, लंबी ड्राइविंग रेंज और कई हाईटेक फीचर्स के साथ पेश की गई है। इसमें पैनोरमिक सनरूफ, बड़ी टचस्क्रीन और तेज चार्जिंग जैसी सुविधाएं मिलेंगी। खास बात यह है कि इसका एक वेरिएंट सिर्फ 10 मिनट की चार्जिंग में लंबी दूरी तय करने लायक रेंज जोड़ सकता है। तस्वीरों में देखिए इसकी खासियतें।

लग्जरी कार बनाने वाली कंपनी BMW ने अपनी नई इलेक्ट्रिक कूपे-SUV iX4 से पर्दा उठा दिया है। यह कंपनी के Neue Klasse प्लेटफॉर्म पर आधारित तीसरी कार है। BMW iX4 को मार्च 2027 में ग्लोबल मार्केट में उतारा जाएगा। शुरुआत में इसके दो वेरिएंट 40 xDrive और 50 xDrive उपलब्ध होंगे। इसके बाद ज्यादा पावरफुल M60 xDrive वेरिएंट आएगा। कंपनी ने फिलहाल भारत में इसकी लॉन्चिंग और कीमत को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है।

BMW iX4 का डिजाइन इसे दूसरी इलेक्ट्रिक SUV से अलग बनाता है। इसमें लंबा व्हीलबेस, छोटे ओवरहैंग और पीछे की तरफ झुकती छत दी गई है, जो इसे स्पोर्टी कूपे-SUV लुक देती है। सामने नई डिजाइन वाली किडनी ग्रिल और ट्विन हेडलाइट्स मिलती हैं। वहीं पीछे पतली टेललाइट्स और बड़ा स्पॉइलर दिया गया है। इसके टॉप M60 xDrive वेरिएंट में खास M डिजाइन, ब्लैक ट्रिम और 21 इंच के अलॉय व्हील्स मिलेंगे।

BMW iX4 की सबसे बड़ी खासियत इसकी लंबी ड्राइविंग रेंज है। कंपनी के मुताबिक, इसका 50 xDrive वेरिएंट एक बार फुल चार्ज होने पर 828 किलोमीटर तक चल सकता है। इसमें 108.7kWh की बैटरी और 469hp की पावर मिलती है। वहीं 40 xDrive वेरिएंट 638 किलोमीटर तक की रेंज देगा। कार में 800V Gen6 eDrive तकनीक का इस्तेमाल हुआ है, जो बेहतर एफिशिएंसी और तेज चार्जिंग के लिए तैयार की गई है।

नई BMW iX4 में फास्ट चार्जिंग की सुविधा भी दी गई है। इसका 50 xDrive वेरिएंट 400kW तक की DC फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करता है। कंपनी का दावा है कि सिर्फ 10 मिनट चार्ज करने पर कार को 387 किलोमीटर तक चलाने लायक रेंज मिल सकती है। वहीं 40 xDrive वेरिएंट में इतने ही समय में 301 किलोमीटर तक की रेंज जुड़ सकती है। इसका पावरफुल M60 xDrive वेरिएंट महज 3.9 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकता है।

BMW iX4 के केबिन को लग्जरी और नई तकनीक के साथ तैयार किया गया है। इसमें बड़ी पैनोरमिक सनरूफ स्टैंडर्ड मिलेगी, जिससे केबिन खुला और हवादार महसूस होगा। कार में 17.9 इंच की टचस्क्रीन, Panoramic Vision डिस्प्ले, 3D हेड-अप डिस्प्ले और नया स्पोर्ट्स स्टीयरिंग व्हील दिया गया है। ग्राहकों को इंटीरियर के सात अलग-अलग थीम चुनने का विकल्प मिलेगा। वहीं टॉप M60 xDrive वेरिएंट में 13 स्पीकर वाला Harman Kardon साउंड सिस्टम और Dolby Atmos की सुविधा मिलेगी।

