Zomato का बड़ा फैसला, हैदराबाद कस्टमर सपोर्ट सेंटर होगा बंद, करीब 250 नौकरियों पर पड़ सकता है असर
Zomato ने अपनी कस्टमर सपोर्ट रणनीति में बड़ा बदलाव किया है। कंपनी हैदराबाद स्थित सपोर्ट सेंटर बंद कर ऑपरेशन को गुरुग्राम शिफ्ट कर रही है, जिससे करीब 250 कर्मचारियों पर असर पड़ेगा। हालांकि, प्रभावित कर्मचारियों के लिए कंपनी ने सेवरेंस पैकेज और अन्य सहायता सुविधाओं की व्यवस्था की है।

In Short
- Zomato हैदराबाद का कस्टमर सपोर्ट सेंटर बंद कर रहा है, जिससे करीब 250 कर्मचारियों की नौकरियों पर असर पड़ सकता है।
- कंपनी सपोर्ट ऑपरेशन को गुरुग्राम मुख्यालय में शिफ्ट कर रही है, जहां प्रोडक्ट, टेक और एनालिटिक्स टीमों के साथ तालमेल बढ़ेगा।
- प्रभावित कर्मचारियों को अगस्त की सैलरी के साथ चार महीने का सेवरेंस पैकेज और 2027 तक मेडिकल-काउंसलिंग सपोर्ट मिलेगा।
Zomato ने हैदराबाद सपोर्ट सेंटर बंद किया, करीब 250 कर्मचारियों पर असर
फूड डिलीवरी कंपनी Zomato अपनी कस्टमर सपोर्ट ऑपरेशंस को दोबारा व्यवस्थित कर रही है। कंपनी हैदराबाद स्थित कस्टमर सपोर्ट सेंटर बंद कर रही है, जिससे करीब 250 नौकरियों पर असर पड़ सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, Zomato इन-हाउस सपोर्ट टीम को गुरुग्राम मुख्यालय में शिफ्ट कर रही है।
रिस्ट्रक्चरिंग का हिस्सा है फैसला
इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, यह कदम सिर्फ लागत घटाने के लिए नहीं बल्कि कस्टमर सपोर्ट रणनीति में बदलाव के तहत उठाया गया है। पिछले छह महीनों में कंपनी ने कस्टमर केयर से जुड़े कुछ काम बाहरी पार्टनर्स को भी देना शुरू किया है।
Zomato ने 31 अगस्त को प्रभावित कर्मचारियों को वर्कफोर्स में कटौती की जानकारी दी। हालांकि, कंपनी ने अपने सपोर्ट ऑपरेशन को पूरी तरह बंद नहीं किया है, बल्कि इसे गुरुग्राम से संचालित करने की योजना है।
कर्मचारियों को मिलेगा चार महीने का वेतन पैकेज
रिपोर्ट के मुताबिक, प्रभावित कर्मचारियों को अगस्त महीने की पूरी सैलरी मिलेगी। इसके अलावा कंपनी चार महीने के वेतन के बराबर सेवरेंस पैकेज देगी, जिसमें कॉन्ट्रैक्चुअल नोटिस पे और एकमुश्त एक्स-ग्रेशिया भुगतान शामिल होगा।
कर्मचारी कंपनी की मेडिकल इंश्योरेंस सुविधा और काउंसलिंग सपोर्ट का लाभ 31 मार्च 2027 तक ले सकेंगे।
कंपनियां बढ़ा रही हैं आउटसोर्सिंग और AI का इस्तेमाल
Zomato का यह कदम उस इंडस्ट्री ट्रेंड का हिस्सा माना जा रहा है, जहां कंपनियां कस्टमर सपोर्ट के लिए थर्ड-पार्टी सर्विस प्रोवाइडर्स और ऑटोमेशन पर ज्यादा निर्भर हो रही हैं। इससे बड़ी इन-हाउस सपोर्ट टीमों की जरूरत कम हो रही है।
इससे पहले अप्रैल 2025 में Zomato ने करीब 500 जूनियर लेवल कर्मचारियों की छंटनी की थी। अब हैदराबाद सेंटर बंद होने के बाद कंपनी अपने सपोर्ट ऑपरेशन को गुरुग्राम में प्रोडक्ट, टेक्नोलॉजी, एनालिटिक्स और बिजनेस टीमों के करीब ला रही है।