नेपाल बाढ़ पीड़ितों के लिए योगी ने रखा मौन, बहराइच से नेपालगंज तक शुरू हुई नई ट्रेन
नेपाल में आई भीषण बाढ़ पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। बहराइच दौरे के दौरान उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ दो मिनट का मौन रखा। इस दौरान बहराइच से नेपालगंज रोड तक नई ट्रेन सेवा की शुरुआत भी हुई।

In Short
- सीएम योगी आदित्यनाथ ने नेपाल में आई भीषण बाढ़ पर दुख जताया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।
- बहराइच से नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन तक नई ट्रेन सेवा की शुरुआत हुई, जिसे बिना किसी तामझाम के रवाना किया गया।
- सीएम योगी ने महाराजा सुहेलदेव की विजयगाथा को याद करते हुए उनके भव्य स्मारक का जिक्र किया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बहराइच दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने नेपाल में आई भीषण बाढ़ पर दुख जताया और आपदा में प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। नेपाल त्रासदी के सम्मान में सीएम योगी आदित्यनाथ और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दो मिनट का मौन भी रखा।
नेपाल आपदा पर जताई संवेदना
बहराइच में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हाल ही में नेपाल में आई भीषण त्रासदी से सिर्फ मित्र राष्ट्र नेपाल ही नहीं, बल्कि भारत समेत दुनिया के कई देशों के लोग प्रभावित हुए हैं।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घटना ने कई लोगों को प्रभावित किया है और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।
बिना तामझाम के रवाना हुई नई ट्रेन
सीएम योगी आदित्यनाथ और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस दौरान बहराइच से नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन तक नई ट्रेन सेवा की शुरुआत की।
खास बात यह रही कि इस नई ट्रेन को बिना किसी सजावट और बिना हरी झंडी दिखाए रवाना किया गया। कार्यक्रम में इसे बहराइच और नेपालगंज रोड के बीच बेहतर रेल कनेक्टिविटी की दिशा में एक नई शुरुआत बताया गया।
बहराइच को नई रेल कनेक्टिविटी की सौगात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बहराइच में रेल सेवाओं के विस्तार को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि बहराइच से खलीलाबाद के लिए नई रेल लाइन बिछाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि गोरखपुर से सिद्धार्थनगर, उतरौला, बलरामपुर होते हुए बहराइच तक रेल कनेक्टिविटी बढ़ाने की दिशा में काम हो रहा है। इसके साथ ही नेपालगंज रोड को भी रेल नेटवर्क से जोड़ने की शुरुआत हो रही है।
महाराजा सुहेलदेव के योगदान को किया याद
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाराजा सुहेलदेव के इतिहास और योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि करीब 1000 साल पहले महाराजा सुहेलदेव ने बहराइच में विदेशी आक्रांता सालार मसूद को हराने का काम किया था।
सीएम योगी ने कहा कि महाराजा सुहेलदेव ने विदेशी आक्रांताओं से भारत की धरती को मुक्त रखने का काम किया।
भव्य स्मारक का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक महाराजा सुहेलदेव को भुला दिया गया। उन्होंने कहा कि विदेशी आक्रांता के नाम पर आयोजन किए जाते थे, जबकि महाराजा सुहेलदेव की विजयगाथा को आगे बढ़ाने का काम नहीं हुआ।
उन्होंने बताया कि अब विदेशी आक्रांता के नाम पर कोई आयोजन नहीं हो रहा है और महाराजा सुहेलदेव की विजयगाथा को दर्शाने वाला भव्य स्मारक बनकर तैयार हो चुका है।