Facebook-Instagram विवाद में नया मोड़, Meta और राज्यों के बीच शुरू हुई समझौते की चर्चा
Instagram और Facebook की नीतियों को लेकर Meta पर अमेरिका के 29 राज्यों ने सवाल उठाए हैं। कंपनी पर किशोरों को ज्यादा समय तक प्लेटफॉर्म से जोड़े रखने के आरोप हैं। मामले में Instagram प्रमुख एडम मोसेरी ने अदालत में कंपनी के सुरक्षा फीचर्स और नीतियों का बचाव किया है।

In Short
- Meta पर अमेरिका के 29 राज्यों ने आरोप लगाया है कि Instagram और Facebook को इस तरह डिजाइन किया गया, जिससे किशोर ज्यादा समय तक प्लेटफॉर्म पर बने रहें।
- Instagram प्रमुख एडम मोसेरी ने अदालत में “Take a Break” फीचर का बचाव किया और कहा कि कंपनी ने इसे डिफॉल्ट रूप से लागू करने का फैसला लिया था।
- Meta और कुछ अमेरिकी राज्यों के बीच मामले को सुलझाने के लिए संभावित समझौते पर बातचीत भी चल रही है।
सोशल मीडिया कंपनी Meta पर अमेरिका के 29 राज्यों ने आरोप लगाया है कि उसने Instagram और Facebook को इस तरह डिजाइन किया, जिससे किशोर इन प्लेटफॉर्म्स के आदी बनें। मामले में Instagram प्रमुख एडम मोसेरी ने अदालत में गवाही देकर कंपनी का पक्ष रखा और सुरक्षा फीचर्स को लेकर सफाई दी।
Take a Breakफीचर पर उठे सवाल
मोसेरी ने बताया कि Instagram में मौजूद “Take a Break” फीचर यूजर्स को लंबे समय तक ऐप इस्तेमाल करने के बाद ब्रेक लेने की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि इस फीचर के बारे में कई लोग जानकारी नहीं रखते थे।उन्होंने बताया कि शुरुआत में बहुत कम किशोर इस फीचर का खुद इस्तेमाल कर रहे थे। इसके बाद Instagram ने इसे डिफॉल्ट रूप से सभी के लिए चालू कर दिया। हालांकि, अमेरिकी राज्यों का कहना है कि यह फीचर पहले से डिफॉल्ट रूप से सक्रिय होना चाहिए था और इसे जल्द लागू किया जाना चाहिए था।
मोसेरी ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कंपनी ने फीचर लागू करने में जानबूझकर देरी नहीं की। उन्होंने कहा, “ज्यादातर किशोर इसे नहीं चाहते थे। हमने फिर भी इसे आगे बढ़ाने का फैसला किया।”
Facebook Files विवाद पर भी दिया जवाब
गवाही के दौरान मोसेरी ने 2021 के Facebook Files लीक मामले पर भी बात की। उस समय Meta की पूर्व कर्मचारी फ्रांसेस हॉगन ने कंपनी के आंतरिक दस्तावेज सार्वजनिक किए थे और आरोप लगाया था कि Meta को बच्चों पर अपने प्लेटफॉर्म के संभावित असर की जानकारी थी, लेकिन उसने पर्याप्त कदम नहीं उठाए।मोसेरी ने कहा कि वह चाहते थे कि किशोरों की सुरक्षा से जुड़ी रिसर्च भरोसेमंद हो और विशेषज्ञों की समीक्षा के बाद ही सार्वजनिक की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने कर्मचारियों को किसी जोखिम को छिपाने के लिए प्रोत्साहित नहीं किया।
Meta और राज्यों के बीच समझौते की चर्चा
मामले के बीच Meta और कुछ अमेरिकी राज्यों के अटॉर्नी जनरल के बीच संभावित समझौते पर बातचीत चल रही है। हालांकि, कैलिफोर्निया, कोलोराडो, केंटकी और न्यू जर्सी के अधिकारियों ने इस पर सार्वजनिक टिप्पणी नहीं की है।नेवादा के अटॉर्नी जनरल कार्यालय ने कहा है कि वह एक प्रमुख टेक कंपनी से जुड़े बड़े उपभोक्ता संरक्षण समझौते की घोषणा करेगा।