अमेरिका में टर्की की दावत के बीच जैन समुदाय की अनोखी परंपरा, जानें क्यों करते हैं प्रार्थना
अमेरिका में थैंक्सगिविंग का त्योहार बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस मौके पर टर्की की दावत देना वर्षों पुरानी परंपरा है। हालांकि, अमेरिका में रहने वाला जैन समुदाय इस त्योहार को बिल्कुल अलग अंदाज में मनाता है। आखिर क्या है उनकी खास परंपरा और क्यों हो रही इसकी चर्चा?

In Short
- अमेरिका में थैंक्सगिविंग पर हर साल करीब 4.6 करोड़ टर्की खाए जाते हैं।
- जैन समुदाय मारे गए टर्की पक्षियों की आत्मा के लिए करता है प्रार्थना।
- मिशिगन में एक दशक से ज्यादा समय से निभाई जा रही है यह परंपरा।
अमेरिका में थैंक्सगिविंग का त्योहार परिवार और दोस्तों के साथ खुशियां बांटने और आभार जताने का खास मौका होता है। इस दिन लोग तरह-तरह के पकवान बनाते हैं और साथ मिलकर खाना खाते हैं। हालांकि, अमेरिका में रहने वाला जैन समुदाय इस त्योहार को एक अलग अंदाज में मनाता है। इसके पीछे जैन धर्म की मान्यताओं और अहिंसा के सिद्धांत से जुड़ी एक खास वजह है।
मारे गए पक्षियों के लिए करते हैं प्रार्थना
इस साल अमेरिका में 26 नवंबर को थैंक्सगिविंग मनाया गया। जहां लाखों अमेरिकी परिवारों ने टर्की का मांस खाकर इस त्योहार को मनाया, वहीं मिशिगन के फार्मिंगटन हिल्स में जैन समुदाय के लोग एक मंदिर में इकट्ठा हुए। यहां त्योहार के लिए मारे गए टर्की पक्षियों की आत्मा के लिए प्रार्थना की गई। अनुमान के मुताबिक, अमेरिका में हर साल थैंक्सगिविंग पर करीब 4.6 करोड़ टर्की खाए जाते हैं।
10 साल से ज्यादा पुरानी है परंपरा
जैन सोसाइटी ऑफ ग्रेटर डेट्रॉयट की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम को 'थैंक्सगिविंग डे नवकार जाप' कहा जाता है। इस साल इसका आयोजन 26 नवंबर को सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक किया गया। जैन ऑर्गेनाइजेशन ऑफ यूथ एक्टिविटीज (JOY) के युवा सदस्य इस परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। मिशिगन में एक दशक से ज्यादा समय से यह आयोजन हो रहा है। युवा सदस्य नाश्ता तैयार करने और परोसने के बाद बुजुर्गों के साथ प्रार्थना में शामिल होते हैं।
क्यों किया जाता है नवकार मंत्र का जाप?
जैन धर्म में माना जाता है कि इंसानों की तरह पशु-पक्षियों में भी आत्मा होती है। इसलिए किसी भी जीव को नुकसान पहुंचाने से बचना चाहिए। नवकार मंत्र जैन धर्म के सबसे पवित्र मंत्रों में से एक है। इसके जरिए सांसारिक सुख मांगने के बजाय आध्यात्मिक रूप से श्रेष्ठ आत्माओं को नमन किया जाता है और उनके गुणों से प्रेरणा ली जाती है।
अमेरिका में ऐसे थैंक्सगिविंग मनाते हैं जैन परिवार
मिशिगन के अलावा अमेरिका के कई हिस्सों में जैन परिवार प्रार्थना, उपवास, शाकाहारी भोजन और वीगन पार्टी के साथ यह त्योहार मनाते हैं। साल 2024 की रिलिजन न्यूज सर्विस की रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ परिवार आयंबिल भी करते हैं, जिसमें बेहद सादा भोजन किया जाता है। उनका मकसद अपनी धार्मिक मान्यताओं से समझौता किए बिना त्योहार की खुशियों में शामिल होना है।
थैंक्सगिविंग पर टर्की खाने की परंपरा कैसे शुरू हुई?
अमेरिका में हर साल नवंबर के चौथे गुरुवार को थैंक्सगिविंग मनाया जाता है। इसकी शुरुआत को साल 1621 में मैसाचुसेट्स के प्लायमाउथ में अंग्रेज बसने वालों और स्थानीय वैम्पानोग समुदाय के साझा भोज से जोड़कर देखा जाता है। हालांकि, उस भोज में टर्की परोसे जाने का कोई पुख्ता सबूत नहीं है। समय के साथ टर्की के बड़े आकार और आसानी से उपलब्ध होने के चलते इसे त्योहार के मुख्य पकवान के तौर पर पहचान मिली।