10 साल की तेज रफ्तार पर लगा ब्रेक! 2026 में पहली बार घट सकती हैं एयरलाइंस की सीटें, जानें वजह

भारत का एविएशन सेक्टर पिछले कई सालों से तेजी से आगे बढ़ रहा था, लेकिन अब इसकी रफ्तार पर ब्रेक लगता दिख रहा है। एक नई रिपोर्ट में 2026 को लेकर चौंकाने वाला अनुमान सामने आया है। आखिर एयरलाइंस की बढ़ती मुश्किलों के पीछे क्या वजह है और इसका कितना असर पड़ेगा? जानिए।

Advertisement
AI Generated Image

In Short

  • भारतीय एविएशन सेक्टर की कुल सीट क्षमता 2026 में 1.3% घटने का अनुमान, कोविड के बाद तेज रिकवरी पर ब्रेक।
  • साल 2010 से 2025 के बीच भारतीय एयरलाइंस की सीट क्षमता में करीब 146% की जबरदस्त बढ़ोतरी हुई।
  • इंजन की खराबी, सप्लाई चेन में देरी, पश्चिम एशिया में तनाव और महंगे फ्यूल से एयरलाइंस पर दबाव बढ़ा।

By Gaurav Kumar:

भारत का एविएशन सेक्टर पिछले कई सालों से तेजी से आगे बढ़ रहा है। हवाई सफर करने वालों की बढ़ती संख्या के साथ एयरलाइंस ने अपनी फ्लाइट्स और सीटों की क्षमता भी बढ़ाई है। लेकिन अब इस रफ्तार पर ब्रेक लगता दिख रहा है। एक नई रिपोर्ट में 2026 को लेकर चिंता बढ़ाने वाले संकेत मिले हैं। आखिर इतने सालों की ग्रोथ के बाद एविएशन सेक्टर की रफ्तार क्यों धीमी पड़ रही है? आइए आंकड़ों से समझते हैं।

2026 में 1.3% घट सकती है एयरलाइंस की क्षमता

CAPA – Centre for Aviation और OAG की पिछले हफ्ते जारी रिपोर्ट के मुताबिक, 2026 में भारतीय एविएशन सेक्टर की कुल सीट क्षमता 1.3% घट सकती है। साल 2025 में यह क्षमता करीब 29.82 करोड़ सीटों की थी, जो 2026 में घटकर 29.41 करोड़ रहने का अनुमान है।यह कोरोना महामारी के बाद शुरू हुई तेज रिकवरी के दौरान पहली गिरावट हो सकती है। हालांकि, ये पूरे साल के अनुमान हैं, अंतिम आंकड़े नहीं।

2010 से 2025 के बीच 146% की ग्रोथ

भारतीय एविएशन सेक्टर ने पिछले 15 सालों में जबरदस्त विस्तार किया है। साल 2010 में एयरलाइंस की कुल सीट क्षमता 12.14 करोड़ थी, जो 2025 में बढ़कर करीब 29.82 करोड़ पहुंच गई। यानी इस दौरान लगभग 146% की बढ़ोतरी हुई।2010 से 2019 के बीच क्षमता दोगुने से ज्यादा हो गई। इस दौरान सालाना औसत ग्रोथ रेट करीब 8.4% रहा।

2016 से 2018 के बीच तेजी से बढ़ा बाजार

भारतीय एविएशन सेक्टर के लिए 2016 से 2018 का समय काफी अच्छा रहा। साल 2016 में सीट क्षमता 19.2 करोड़ थी, जो 2018 में बढ़कर 24.67 करोड़ हो गई।

प्रतीकात्मक तस्वीर

इसकी बड़ी वजह लोगों की बढ़ती कमाई, हवाई यात्रा की बढ़ती मांग और कम किराए वाली एयरलाइंस का विस्तार था। घरेलू हवाई सफर भी पहले के मुकाबले ज्यादा आसान हुआ।

कोरोना में 43.6% गिरावट, फिर जबरदस्त वापसी

साल 2020 में कोविड-19 महामारी ने एविएशन सेक्टर को बड़ा झटका दिया। उस साल सीट क्षमता 43.6% गिर गई।इसके बाद रिकवरी शुरू हुई, जिसने 2022 और 2023 में तेजी पकड़ी। साल 2023 में क्षमता 25.61 करोड़ सीटों तक पहुंच गई और 2019 के प्री-कोविड स्तर को पार कर गई।साल 2024 में क्षमता 10.6% बढ़ी, लेकिन 2025 में ग्रोथ धीमी होकर 5.3% रह गई।

इंजन की दिक्कत और सप्लाई में देरी बनी परेशानी

2026 में संभावित गिरावट की एक बड़ी वजह एयरक्राफ्ट की उपलब्धता है। Pratt & Whitney के इंजनों से जुड़ी समस्याएं अब भी बनी हुई हैं।इसके अलावा सप्लाई चेन में देरी के कारण एयरलाइंस अपनी जरूरत के मुताबिक विमान इस्तेमाल नहीं कर पा रही हैं। इससे नई फ्लाइट्स और सीटों की संख्या बढ़ाना मुश्किल हो रहा है।

पश्चिम एशिया में तनाव और महंगे ईंधन का असर

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष ने इंटरनेशनल फ्लाइट ऑपरेशंस को प्रभावित किया है। एयरलाइंस को अपने रूट और शेड्यूल में बदलाव करने पड़ रहे हैं।इसके साथ महंगा एविएशन फ्यूल और रुपये की कमजोरी एयरलाइंस की लागत बढ़ा रही है। यही वजह है कि कंपनियां नई फ्लाइट्स शुरू करने और क्षमता बढ़ाने में सावधानी बरत रही हैं।

IndiGo और Air India के फैसलों का बड़ा असर

भारतीय एविएशन मार्केट में IndiGo और Air India जैसे बड़े एयरलाइन ग्रुप्स की अहम भूमिका है।जब ये कंपनियां अपने फ्लाइट नेटवर्क या विमानों के इस्तेमाल में बदलाव करती हैं, तो उसका असर पूरे देश की सीट क्षमता पर पड़ता है। छोटी एयरलाइंस नई फ्लाइट्स जोड़कर भी इस कमी की पूरी भरपाई नहीं कर पाती हैं।

रिपोर्ट में 12 अक्टूबर 2026 से शुरू हुए हफ्ते तक के वास्तविक आंकड़े और बाकी साल के पब्लिश्ड फ्लाइट शेड्यूल शामिल हैं। इसलिए आगे शेड्यूल बदलने पर अंतिम आंकड़े भी बदल सकते हैं।

Read more!
Advertisement