एक टिकट, आसान कनेक्शन और कम झंझट! अब छोटे शहरों से विदेश जाना आसान, 6 शहरों से शुरू होगा नया Hub and Spoke मॉडल

छोटे शहरों से विदेश यात्रा करने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी है। सरकार जल्द ही ऐसी नई फ्लाइट व्यवस्था शुरू करने जा रही है, जिससे सफर पहले से कहीं ज्यादा आसान और सुविधाजनक हो सकता है। यह नया मॉडल यात्रियों के अनुभव को बदल सकता है। जानिए किन शहरों को मिलेगा फायदा और कैसे करेगा काम।

Advertisement
AI Generated Image

In Short

  • अगले 6 हफ्तों में 6 नए शहरों से Hub and Spoke मॉडल के तहत उड़ान सेवाएं शुरू होंगी।
  • Tier-2 और Tier-3 शहरों के यात्रियों के लिए विदेश यात्रा पहले से अधिक आसान और सुविधाजनक बनेगी।
  • बैगेज ड्रॉप और इमिग्रेशन जैसी सुविधाएं छोटे शहर के एयरपोर्ट पर ही मिलने से सफर होगा तेज और आसान।

By Gaurav Kumar:

भारत में हवाई यात्रा को अधिक सुविधाजनक और अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने उत्तर प्रदेश के वाराणसी में घोषणा की कि अगले छह हफ्तों के भीतर देश के छह और शहरों से Hub and Spoke मॉडल के तहत उड़ान सेवाएं शुरू की जाएंगी।

इस पहल का उद्देश्य टियर-2 और टियर-3 शहरों के यात्रियों को बड़े अंतरराष्ट्रीय हब एयरपोर्ट से जोड़ना है, ताकि वे आसानी से विदेश यात्रा कर सकें।

उदाहरण के तौर पर, यदि कोई यात्री वाराणसी से दुबई जाना चाहता है, तो पहले उसे वाराणसी से दिल्ली की उड़ान मिलेगी। दिल्ली पहुंचने के बाद वह वहीं से दुबई की अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट में सवार हो जाएगा। इसी तरह यदि किसी यात्री को वाराणसी से रियाद या फुकेत जाना है, तो वह भी पहले दिल्ली पहुंचेगा और फिर वहां से अपनी अंतरराष्ट्रीय उड़ान ले सकेगा। यानी दिल्ली इस मॉडल में Hub का काम करेगी, जबकि वाराणसी Spoke होगा।

क्या है Hub and Spoke मॉडल?

Hub and Spoke मॉडल का मतलब है छोटे शहरों (Tier-2 और Tier-3) को बड़े एयरपोर्ट (Hub) से जोड़ना। इस मॉडल में यात्री पहले अपने नजदीकी शहर से बड़े हब एयरपोर्ट, जैसे दिल्ली, पहुंचते हैं और वहां से विदेशों के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट पकड़ते हैं।

इसी दिशा में एयर इंडिया ने वाराणसी से अपनी 'Easy Connect' (AI1111) सेवा शुरू की है, जो वाराणसी से दिल्ली तक यात्रियों को लाएगी और वहां से उन्हें दुबई, कोलंबो, जेद्दा, रियाद और फुकेत समेत 9 अंतरराष्ट्रीय शहरों के लिए कनेक्ट करेगी।

Hub and Spoke मॉडल का फायदा

इस सेवा की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यात्रियों को अपने छोटे शहर के एयरपोर्ट पर ही सामान जमा करने (बैगेज ड्रॉप) और इमिग्रेशन जैसी औपचारिकताएं पूरी करने की सुविधा मिलेगी, जिससे विदेश यात्रा पहले के मुकाबले अधिक आसान, तेज और सुविधाजनक हो जाएगी।

आगे किन शहरों में शुरू होगी यह सेवा?

एयर इंडिया के सीईओ कैंपबेल विल्सन ने बताया कि आने वाले समय में यह सेवा अमृतसर, अहमदाबाद, कोच्चि, गोवा, हैदराबाद और चेन्नई जैसे शहरों में भी शुरू की जाएगी। अगर यह योजना सफल रही, तो बाद में देश के कई और छोटे शहर भी इससे जुड़ेंगे। इससे लोगों के लिए हवाई सफर और विदेश जाना पहले से ज्यादा आसान हो जाएगा।

Read more!
Advertisement