24 स्पीड पोस्ट, 24 स्पीड पोस्ट पार्सल और 48 स्पीड पोस्ट सर्विस क्या है? जानिए ग्राहकों को क्या मिलेंगी सुविधाएं

केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बीते मंगलवार को '24 स्पीड पोस्ट', '24 स्पीड पोस्ट पार्सल' और '48 स्पीड पोस्ट' सर्विस का उद्घाटन किया। जानिए क्या है ये और क्या मिलेगी सुविधाएं।

Advertisement

In Short

  • इंडिया पोस्ट ने 24 और 48 घंटे में डिलीवरी वाली नई प्रीमियम स्पीड पोस्ट सेवाएं शुरू कीं
  • अब रविवार और छुट्टियों में भी डिलीवरी, OTP ट्रैकिंग और मनी-बैक गारंटी जैसी सुविधाएं
  • शुरुआत 6 बड़े शहरों से, ई-कॉमर्स ग्रोथ को ध्यान में रखकर लॉन्च हुई सर्विस

By Gaurav Kumar:

भारतीय डाक विभाग (इंडिया पोस्ट) ने बीते मंगलवार को ग्राहकों के लिए तीन नई प्रीमियम सेवाएं शुरू करके अपने सिस्टम में एक बड़ा बदलाव किया है। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने '24 स्पीड पोस्ट', '24 स्पीड पोस्ट पार्सल' और '48 स्पीड पोस्ट' सर्विस का उद्घाटन किया।

इस मौके पर सिंधिया ने कहा कि यह इंडिया पोस्ट के लिए एक नए युग की शुरुआत है। उन्होंने अनुमान जताया कि भारत का ई-कॉमर्स बाजार 2030 तक बढ़कर ₹30 लाख करोड़ हो जाएगा, जो फिलहाल ₹11 लाख करोड़ के स्तर पर है।

देश के 6 बड़े शहरों में शुरुआत

शुरुआती चरण में यह प्रीमियम सेवाएं दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे 6 महानगरों में शुरू की गई हैं। इन सेवाओं के तहत जरूरी दस्तावेजों और पार्सल को प्राथमिकता के आधार पर एयर ट्रांसपोर्ट के जरिए भेजा जाएगा।

चीफ पोस्टमास्टर जनरल गणेश वी. सावलेश्वरकर के मुताबिक, इन सेवाओं का सबसे बड़ा फायदा यह है कि अब रविवार और अन्य छुट्टियों के दिन भी डिलीवरी की जाएगी। '24 स्पीड पोस्ट' के तहत अगले ही दिन (D+1) डिलीवरी की गारंटी दी गई है।

ग्राहकों के लिए खास सुविधाएं और सुरक्षा

इन प्रीमियम सेवाओं में सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। इसमें ओटीपी (OTP) आधारित डिलीवरी, एसएमएस अलर्ट के साथ एंड-टू-एंड ट्रैकिंग और बिजनेस ग्राहकों के लिए 'अभी खरीदें, बाद में भुगतान करें' (BNPL) जैसी सुविधाएं मिलेंगी।

इसके अलावा, भारी बुकिंग के लिए मुफ्त पिकअप और सेंट्रलाइज्ड बिलिंग की सुविधा भी दी जाएगी। 24 स्पीड पोस्ट सेवा फिलहाल सिर्फ दस्तावेजों के लिए होगी, जिसका न्यूनतम वजन 50 ग्राम तय किया गया है, जबकि पार्सल सेवा के लिए कम से कम 500 ग्राम का वजन अनिवार्य है।

बुकिंग का समय और खर्च

अगले दिन डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए ग्राहकों को चिन्हित डाकघरों में शाम 4 बजे तक और बल्क बुकिंग केंद्रों पर शाम 6 बजे तक बुकिंग करानी होगी। ग्राहक 'क्लिक एंड बुक' सेवा या मोबाइल ऐप के जरिए भी पिकअप शेड्यूल कर सकते हैं। कीमत की बात करें तो स्थानीय स्तर पर 50 ग्राम तक के दस्तावेज के लिए शुल्क ₹38 से शुरू होगा। वहीं, 2,000 किलोमीटर से अधिक की दूरी के लिए यह ₹186 तक जा सकता है। भारी पार्सल (4.5 से 5 किलो) के लिए शुल्क ₹990 तक तय किया गया है।

देरी होने पर वापस मिलेगा पूरा पैसा

इंडिया पोस्ट ने इन सेवाओं के साथ 'मनी-बैक गारंटी' भी दी है। अगर कंपनी अगले दिन डिलीवरी (D+1) का वादा पूरा करने में विफल रहती है, तो ग्राहक को पूरे डाक शुल्क का रिफंड दिया जाएगा। इस मुआवजे का दावा डिलीवरी में देरी होने के 7 दिनों के भीतर ऑनलाइन किया जा सकता है। ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे इन प्रीमियम सेवाओं के लिए विशेष रूप से डिजाइन किए गए पाउच या स्टिकर का उपयोग करें।

Read more!
Advertisement