पत्नी के प्यार में बना मिनी ताजमहल, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ आलीशान घर

सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफा वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक घर है जो बिल्कुल ताजमहल जैसा दिख रहा है। इसे मिनी ताजमहल भी कहा जा रहा है।

Advertisement

By Priyanka Kumari:

मध्य प्रदेश से एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है जिसने सोशल मीडिया पर सबका दिल जीत लिया है। इस वीडियो में एक घर को दिखाया गया है जो हूबहू ताजमहल जैसा दिखता है। लेकिन इस घर की खासियत सिर्फ इसकी बनावट नहीं, बल्कि इसके पीछे छुपी एक बेहद खूबसूरत प्रेम कहानी है।

पत्नी के लिए बनाया संगमरमर से ताजमहल जैसा घर

यह वीडियो इंस्टाग्राम कंटेंट क्रिएटर प्रियम सारस्वत ने शेयर किया है। वीडियो में वो इंदौर के पास बने इस अनोखे घर की सैर करवा रहे हैं, जिसे बिजनेसमैन आनंद प्रकाश चौकसी ने अपनी पत्नी के लिए बनवाया है। जब प्रियम उनसे पूछते हैं कि क्या यह घर सच में उनकी पत्नी को समर्पित है, तो कपल मुस्कुरा कर कहता है कि बिल्कुल, ये घर 100% उन्हें समर्पित है, और हमारा प्यार हमेशा हमारे साथ है।

मकराना मार्बल से बना मिनी ताजमहल

आनंद चौकसी ने बताया कि यह घर उसी मकराना मार्बल से बना है जिससे असली ताजमहल बनाया गया था। उन्होंने कहा कि असली ताजमहल की डाइमेंशन को फीट में बदलकर इस घर में दोहराया गया है। यह घर असली ताजमहल का लगभग एक-तिहाई आकार है, लेकिन इसे उतनी ही बारीकी से बनाया गया है।

प्रियम ने बताया कि यह ताजमहल जैसा घर इंदौर के पास एक स्कूल परिसर के अंदर स्थित है, जिसे खुद श्री चौकसी ने बनवाया है। उन्होंने इसे प्यार का प्रतीक बनाकर लोगों के सामने पेश किया है। यह घर बाहर से जितना शाही दिखता है, अंदर से भी बेहद आलीशान है। इस घर का हर कोना संगमरमर से सजा हुआ और डिजाइन बेहद खास है।

बीबीसी की एक रिपोर्ट के अनुसार इस मिनी ताजमहल को बनाने में करीब 2 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। यह घर चौकसी की 50 एकड़ की प्रॉपर्टी में अंदर की ओर स्थित है। इस घर में 4 बेडरूम, एक मेडिटेशन रूम, एक लाइब्रेरी, सुंदर नक्काशीदार खंभे और मेहराबदार दरवाजे मौजूद हैं, जो इसकी खूबसूरती में चार चांद लगाते हैं।

करोड़ों बार देखा गया वीडियो

इंस्टाग्राम पर यह वीडियो अब तक 1.47 करोड़ बार देखा जा चुका है और 13 लाख से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं। लोग न केवल इस घर की तारीफ कर रहे हैं, बल्कि इस कपल की सच्ची मोहब्बत को भी सलाम कर रहे हैं। कई यूजर्स इसे ‘आज के जमाने का ताजमहल’ कह रहे हैं।

Read more!
Advertisement