‘4 इडियट्स’ में चौथे किरदार की एंट्री तय! आमिर, माधवन और शरमन के साथ दिख सकते हैं विक्की कौशल
‘3 इडियट्स’ की दुनिया एक बार फिर चर्चा में है और इस बार कुछ नया जुड़ने वाला है। एक बड़े स्टार की एंट्री की खबरें सामने आई हैं, जिसने फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है। आखिर क्या है पूरा मामला जानिए पूरी डिटेल।

राजकुमार हिरानी की कल्ट क्लासिक फिल्म '3 इडियट्स' की दुनिया अब और बड़ी होने जा रही है। खबर है कि इस ब्लॉकबस्टर फिल्म के सीक्वल '4 इडियट्स' में अब चौथे 'इडियट' की एंट्री पक्की हो गई है। बिजनेस टुडे ने पिंकविला की एक एक्सक्लूसिव रिपोर्ट के हवाले से बताया कि अभिनेता विक्की कौशल इस फिल्म में आमिर खान, आर. माधवन और शरमन जोशी की तिकड़ी के साथ चौथे मुख्य किरदार के रूप में नजर आ सकते हैं। विक्की और फिल्म की टीम के बीच बातचीत अंतिम दौर में है।
पिंकविला ने अपने सूत्रों के हवाले से बताया है कि विक्की कौशल, आमिर खान और राजकुमार हिरानी के बीच अब तक कई दौर की बैठकें हो चुकी हैं। विक्की ने इस रोल के लिए मौखिक रूप से अपनी सहमति भी दे दी है, हालांकि अब फिल्म की पूरी टीम के साथ शूटिंग के समय को लेकर तालमेल बिठाना बाकी है। हिरानी के साथ 'संजू' और 'डंकी' जैसी फिल्मों में काम कर चुके विक्की इस स्क्रिप्ट को लेकर काफी उत्साहित बताए जा रहे हैं।
कहानी और शूटिंग टाइमलाइन
फिल्म के प्रोजेक्ट और इसकी टाइमलाइन पर गौर करें तो '4 इडियट्स' फिलहाल लिखने के चरण में है। राजकुमार हिरानी और उनके पुराने सहयोगी अभिजात जोशी मिलकर फिल्म की पटकथा तैयार कर रहे हैं।
टीम इस प्रोजेक्ट पर पूरा समय ले रही है और उम्मीद है कि फिल्म साल 2027 की दूसरी छमाही में फ्लोर पर जाएगी। हाल ही में आमिर खान ने भी इस फिल्म के बनने की पुष्टि की थी। उन्होंने संकेत दिया था कि कहानी '3 इडियट्स' के अंत के करीब 10 साल बाद से शुरू होगी, जिसमें किरदारों के जीवन में आए बदलाव और नई चुनौतियों को दिखाया जाएगा।
काम के मोर्चे पर देखें तो विक्की कौशल फिलहाल अपनी अगली फिल्म 'महावतार' की तैयारियों में जुटे हैं, जिसकी शूटिंग जल्द शुरू होनी है। वहीं आमिर खान भी इस सीक्वल से पहले अपनी एक अन्य फिल्म पूरी करेंगे ताकि 2027 में सभी कलाकारों का समय एक साथ मिल सके।
साल 2009 में आई '3 इडियट्स' भारतीय सिनेमा की सबसे पसंदीदा फिल्मों में से एक है, जिसमें करीना कपूर और बोमन ईरानी जैसे कलाकारों ने भी यादगार भूमिकाएं निभाई थीं। अब करीब दो दशक बाद इस नई टीम को पर्दे पर देखना प्रशंसकों के लिए वाकई दिलचस्प होगा।