मई में महंगी हुई शाकाहारी और मांसाहारी थाली! आने वाले महीनों में और बढ़ सकता है खर्च

मई 2026 में टमाटर, खाद्य तेल और एलपीजी की कीमतों में बढ़ोतरी से शाकाहारी और मांसाहारी दोनों थालियां महंगी हो गई हैं जिससे घरेलू रसोई का बजट प्रभावित हुआ है और अभी और महंगाई बढ़ने की आशंका है। पढ़िए पूरी रिपोर्ट

Advertisement
AI Generated Image

By Gaurav Kumar:

मई में घर पर बनने वाली शाकाहारी और मांसाहारी दोनों तरह की थालियां महंगी हो गईं। थाली महंगी होने के पीछे टमाटर, खाद्य तेल और एलपीजी की कीमतों में हुई बढ़ोतरी रही।

ईटी ने क्रिसिल की रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि शाकाहारी थाली की लागत सालाना आधार पर 5% और मांसाहारी थाली की लागत 7% बढ़ी है।

रिपोर्ट के मुताबिक, मई में टमाटर की कीमत एक साल पहले के मुकाबले 57% बढ़कर ₹36 प्रति किलोग्राम पहुंच गई। प्रोडक्शन में 3-4% की गिरावट के कारण बाजार में आपूर्ति प्रभावित हुई, जिससे कीमतों पर दबाव बना रहा।

खाद्य तेल और LPG भी हुए महंगे

टमाटर के अलावा ग्लोबल बाजार में खाद्य तेलों की कीमतों में बढ़ोतरी का असर घरेलू बाजार पर भी पड़ा। रिपोर्ट के अनुसार, खाद्य तेलों के दाम सालाना आधार पर 8% बढ़े, जबकि एलपीजी की कीमतों में 7% की वृद्धि दर्ज की गई।

आने वाले महीनों में और बढ़ सकते हैं दाम

रिपोर्ट के मुताबिक, टमाटर की कीमतें जून से अगस्त के बीच ऊंचे स्तर पर बनी रह सकती हैं। इसका कारण प्रमुख उत्तरी राज्यों में गर्मी के असर से गर्मी की बुवाई में कमी और संभावित आपूर्ति दबाव है।

क्रिसिल ने कहा कि रबी फसल सीजन समाप्त होने के बाद आलू की कीमतों में भी धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है, क्योंकि अब बाजार में अधिक कीमत वाले कोल्ड स्टोरेज स्टॉक की एंट्री होगी।

प्याज भी कर सकता है परेशान

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि रबी सीजन में उत्पादन लगभग 5% घटने के अनुमान के चलते आने वाले महीनों में प्याज की कीमतों में भी तेजी देखने को मिल सकती है। इससे घरेलू रसोई का बजट और प्रभावित हो सकता है।

हालांकि, दालों की कीमतों को लेकर कुछ राहत की उम्मीद है। रिपोर्ट के अनुसार, घरेलू बाजार में पर्याप्त उपलब्धता के कारण दालों के दाम फिलहाल दबाव में रह सकते हैं।

रसोई बजट पर बढ़ेगा दबाव

टमाटर, प्याज, आलू, खाद्य तेल और एलपीजी जैसी रोजमर्रा की जरूरतों की कीमतों में बढ़ोतरी से आने वाले महीनों में घरेलू रसोई का खर्च बढ़ने की आशंका है। हालांकि दालों की स्थिर कीमतें लोगों को कुछ राहत दे सकती हैं।

Read more!
Advertisement