अब ट्रेन में अपने Pet को ले जाना होगा आसान! Vande Bharat Sleeper में मिलेगी खास सुविधा, जानें क्या हैं नियम
पालतू जानवरों के साथ ट्रेन में सफर करने वालों के लिए अच्छी खबर है। वंदे भारत स्लीपर में पेट्स के लिए खास इंतजाम किया गया है। लेकिन क्या हर यात्री इस सुविधा का फायदा उठा सकेगा? बुकिंग कैसे होगी, कितना किराया लगेगा और कौन से दस्तावेज जरूरी होंगे? जानिए पूरी डिटेल।

In Short
- वंदे भारत स्लीपर में पालतू जानवरों के लिए अलग बॉक्स, खाने और पानी के लिए भी खास इंतजाम।
- डॉग बॉक्स बुकिंग के लिए कन्फर्म टिकट जरूरी, RAC और वेटिंग टिकट पर नहीं मिलेगी सुविधा।
- यात्रा के लिए फिटनेस सर्टिफिकेट और वैक्सीनेशन रिकॉर्ड जरूरी, हर रूट पर सुविधा उपलब्ध होना तय नहीं।
अपने पालतू जानवर को घर पर छोड़कर लंबी दूरी की यात्रा करना कई लोगों के लिए मुश्किल होता है। ऐसे यात्रियों के लिए वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में खास सुविधा दी गई है। ट्रेन में पेट्स के लिए अलग बॉक्स बनाया गया है, जिसमें खाने और पानी का भी इंतजाम है। हालांकि, इस सुविधा का इस्तेमाल करने से पहले रेलवे के कुछ जरूरी नियम जानना जरूरी है।
वंदे भारत स्लीपर में पेट्स के लिए खास बॉक्स
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में पालतू जानवरों के लिए डेडिकेटेड बॉक्स की सुविधा दी गई है। ट्रैवल क्रिएटर कैलाशी यश बाजपाई ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट @explorewithkailashi पर इसका वीडियो शेयर किया है।
वीडियो में ट्रेन के अंदर पिंजरे जैसा एक अलग बॉक्स दिखाई देता है। इसमें दरवाजा बंद करने के लिए कुंडी लगी है। साथ ही खाने और पानी के लिए अलग-अलग होल्डर भी दिए गए हैं। यह सुविधा खासतौर पर लंबी और रातभर की यात्राओं को ध्यान में रखकर तैयार की गई है।
हालांकि, रेलवे के आधिकारिक दस्तावेज में डॉग बॉक्स का जिक्र है। ऐसे में यह साफ नहीं है कि इसमें बिल्लियों या दूसरे पालतू जानवरों को भी ले जाने की अनुमति होगी या नहीं।
अभी ट्रेन में कुत्ते ले जाने के क्या हैं नियम?
भारतीय रेलवे में पहले से पालतू कुत्तों को ले जाने के नियम मौजूद हैं। यात्री ब्रेक वैन में बने डॉग बॉक्स में कुत्ते को ले जा सकते हैं।
इसके अलावा फर्स्ट एसी या फर्स्ट क्लास में कुछ शर्तों और दूसरे यात्रियों की सहमति से कुत्ते को अपने कंपार्टमेंट में रखने की अनुमति मिलती है। हालांकि, एसी टू टियर, थ्री टियर, चेयर कार, स्लीपर और सेकंड क्लास के यात्री डिब्बों में इसकी अनुमति नहीं है।
कितना देना होगा किराया?
रेलवे के मौजूदा नियमों के मुताबिक, ब्रेक वैन के डॉग बॉक्स में कुत्ते को ले जाने पर 30 किलो के अनुमानित वजन के हिसाब से लगेज चार्ज लगता है।
वहीं, फर्स्ट एसी या फर्स्ट क्लास में कुत्ते को साथ रखने पर 60 किलो के अनुमानित वजन के आधार पर शुल्क लिया जाता है। कुत्ते के खाने, पानी और देखभाल की जिम्मेदारी उसके मालिक की होती है।
कैसे होगी डॉग बॉक्स की बुकिंग?
डॉग बॉक्स बुक करने के लिए यात्री के पास कन्फर्म ट्रेन टिकट होना जरूरी है। RAC या वेटिंग टिकट पर बुकिंग नहीं होगी। एक PNR पर केवल एक पालतू जानवर ले जाने की अनुमति होगी।
साथ ही यात्रियों को पहले यह जांचना होगा कि उनकी ट्रेन में डॉग बॉक्स उपलब्ध है या नहीं, क्योंकि यह सुविधा हर रूट पर जरूरी नहीं है।
कौन से दस्तावेज रखने होंगे साथ?
कुत्ते के साथ यात्रा करने के लिए पशु चिकित्सक का फिटनेस सर्टिफिकेट जरूरी होगा, जो यात्रा से 24 से 48 घंटे पहले जारी हुआ हो। इसके अलावा वैक्सीनेशन रिकॉर्ड भी देना होगा।
यात्रा से पहले संबंधित रेलवे स्टेशन के पार्सल कार्यालय से बुकिंग प्रक्रिया, शुल्क और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी जरूर ले लें।