वंदे भारत स्लीपर में टिकट बुकिंग के नियम बदले! तत्काल और वेटिंग की सुविधा नहीं, कैंसिल करने पर कटेगा पैसा
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन से सफर करने की तैयारी कर रहे हैं तो टिकट बुक करने से पहले रेलवे के खास नियम जरूर जान लें। इन ट्रेनों में रिजर्वेशन से लेकर टिकट कैंसिल कराने तक कई जरूरी शर्तें हैं। जरा सी लापरवाही आपकी जेब पर भारी पड़ सकती है। जानिए पूरी डिटेल।

In Short
- वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में तत्काल टिकट, RAC और वेटिंग लिस्ट की सुविधा नहीं मिलेगी।
- ट्रेन में केवल कंफर्म टिकट वाले यात्री ही सफर कर सकेंगे, सभी सीटें जनरल कोटे में रहेंगी।
- टिकट कैंसिल कराने पर 25% से 100% तक किराया कट सकता है, समय के हिसाब से लागू होंगे नियम।
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन से सफर करने की योजना बना रहे यात्रियों के लिए टिकट बुकिंग से जुड़े कुछ जरूरी नियम जानना बेहद जरूरी है। रेलवे ने इन ट्रेनों में तत्काल टिकट की सुविधा नहीं रखी है। इतना ही नहीं, वंदे भारत स्लीपर में RAC और वेटिंग लिस्ट का भी कोई विकल्प नहीं मिलेगा। यानी इस ट्रेन में सिर्फ कंफर्म टिकट वाले यात्री ही सफर कर सकेंगे। टिकट कैंसिल कराने के नियम भी अलग हैं। अगर ट्रेन रवाना होने में 8 घंटे से कम समय बचा है, तो टिकट कैंसिल कराने पर कोई रिफंड नहीं मिलेगा।
वंदे भारत स्लीपर में नहीं मिलेगा तत्काल टिकट
वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस में यात्रियों को तत्काल कोटे से टिकट बुक करने की सुविधा नहीं मिलेगी। रेलवे के मुताबिक, इसका मकसद यात्रियों को पहले से यात्रा की योजना बनाने के लिए प्रोत्साहित करना है।
इन ट्रेनों में सभी सीटें जनरल कोटे में उपलब्ध रहेंगी। यात्री एडवांस रिजर्वेशन पीरियड के दौरान ही टिकट बुक कर सकेंगे। इसके अलावा RAC और वेटिंग टिकट की सुविधा भी नहीं होगी। ट्रेन में चढ़ने के लिए कंफर्म टिकट होना जरूरी है।
किन रूटों पर चल रही हैं वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें?
फिलहाल देश में वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस की तीन जोड़ी ट्रेनें चल रही हैं। इनके रूट और ट्रेन नंबर इस प्रकार हैं।
-
हावड़ा-कामाख्या-हावड़ा: 27575/27576
-
वाराणसी-नई दिल्ली-वाराणसी: 27421/27422
-
बेंगलुरु-मुंबई-बेंगलुरु: 27651/27652
16 कोच और 823 यात्रियों के सफर की सुविधा
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को सरकारी कंपनी भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (BEML) ने चेन्नई की इंटीग्रल कोच फैक्ट्री की तकनीक से तैयार किया है।
इस ट्रेन को अधिकतम 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के लिए डिजाइन किया गया है। इसमें कुल 16 कोच हैं, जिनमें 11 एसी 3-टियर, 4 एसी 2-टियर और एक फर्स्ट एसी कोच शामिल है।
ट्रेन में कुल 823 बर्थ हैं। इनमें एसी 3-टियर की 611, एसी 2-टियर की 188 और फर्स्ट एसी की 24 बर्थ शामिल हैं।
टिकट कैंसिल कराने पर कितना कटेगा पैसा?
वंदे भारत स्लीपर में टिकट कैंसिल कराने पर समय के हिसाब से अलग-अलग चार्ज लगेगा।
-
72 घंटे से पहले: ट्रेन रवाना होने से 72 घंटे से ज्यादा पहले टिकट कैंसिल कराने पर किराये का 25% कटेगा।
-
72 से 8 घंटे पहले: इस दौरान टिकट कैंसिल कराने पर किराये का 50% काटा जाएगा।
-
8 घंटे से कम समय: ट्रेन रवाना होने में 8 घंटे से कम समय बचने पर कोई रिफंड नहीं मिलेगा।
टिकट कैंसिल करने में देरी पड़ सकती है महंगी
अगर आपने वंदे भारत स्लीपर का टिकट बुक किया है और अचानक यात्रा का प्लान बदल जाता है, तो कैंसलेशन के समय का ध्यान रखना जरूरी है। टिकट कैंसिल कराने में जितनी देरी होगी, उतना ज्यादा पैसा कट सकता है। खासकर ट्रेन रवाना होने से 8 घंटे पहले तक टिकट कैंसिल नहीं कराने पर पूरा किराया डूब सकता है।