वंदे भारत में विदेशी टूरिस्ट भूल गया लाखों रुपये से भरा बैग, फिर रेलवे स्टाफ ने किया कमाल

वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक विदेशी टूरिस्ट के साथ कुछ ऐसा हुआ, जिसकी उसने कल्पना भी नहीं की होगी। ट्रेन में उसका लाखों रुपये और विदेशी करेंसी से भरा बैग छूट गया। लेकिन रेलवे कर्मचारियों की ईमानदारी ने पूरी कहानी बदल दी। जानिए आखिर कैसे वापस मिला बैग।

Advertisement

In Short

  • नई दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस में सिंगापुर के टूरिस्ट का लाखों रुपये से भरा बैग छूटा।
  • बैग में ₹2.11 लाख भारतीय करेंसी के साथ अमेरिकी डॉलर, श्रीलंकाई रुपये और सिंगापुर डॉलर मिले।
  • रेलवे कर्मचारियों और RPF की मदद से पहचान वेरिफाई करने के बाद टूरिस्ट को पूरा सामान सुरक्षित वापस मिला।

By Gaurav Kumar:

ट्रेन में सफर करते समय कई बार यात्री जल्दबाजी में अपना सामान भूल जाते हैं। कभी मोबाइल छूट जाता है तो कभी बैग या कोई जरूरी चीज। लेकिन जब किसी बैग में लाखों रुपये और विदेशी करेंसी रखी हो, तो उसे खोने की परेशानी और भी बढ़ जाती है। ऐसा ही एक मामला वंदे भारत एक्सप्रेस में सामने आया है, जहां रेलवे कर्मचारियों की ईमानदारी से एक विदेशी यात्री को उसका कीमती सामान वापस मिल गया। आइए जानते हैं कि आखिर पूरा मामला क्या था और बैग उसके मालिक तक कैसे पहुंचा।

वंदे भारत एक्सप्रेस में मिला लावारिस बैग

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, नई दिल्ली से वाराणसी जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 22416) में सिंगापुर के टूरिस्ट लिम वेंग शांग सफर कर रहे थे। वाराणसी जंक्शन पर उतरते समय वह अपना एक काला बैग कोच E1 की सीट नंबर 35 पर भूल गए।

सफाई के दौरान कर्मचारियों की पड़ी नजर

ट्रेन जब मेंटेनेंस यार्ड पहुंची, तो कोच की रूटीन सफाई और मेंटेनेंस शुरू हुआ। इसी दौरान अटेंडेंट अनूप कुमार और सफाई कर्मचारी करण सिंह को एक लावारिस काला बैग मिला। दोनों को लगा कि कोई यात्री गलती से अपना सामान छोड़ गया है। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) को दी।

बैग में मिली चार देशों की करेंसी

बैग की जांच में बड़ी रकम सामने आई। इसमें 2,11,000 रुपये भारतीय करेंसी, 1,000 अमेरिकी डॉलर, 1,22,000 श्रीलंकाई रुपये और 66 सिंगापुर डॉलर रखे थे। यानी बैग में भारत समेत चार देशों की करेंसी मौजूद थी।

RPF ने ऐसे की बैग की जांच

सूचना मिलने पर RPF के सब-इंस्पेक्टर चरण सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। डिप्टी स्टेशन सुपरिंटेंडेंट (आउटडोर) वकील सिंह की मौजूदगी में बैग की जांच की गई। इसका मकसद सामान को सुरक्षित रखना और उसके असली मालिक की पहचान करना था।

प्रतीकात्मक तस्वीर

टूरिस्ट ने वापस आकर बताई पूरी बात

उधर, लिम वेंग शांग को जब बैग छूटने का पता चला, तो वह अपने गाइड के साथ कैंट रेलवे स्टेशन लौटे। उन्होंने रेलवे अधिकारियों को बैग और उसमें रखे सामान की जानकारी दी। इसके बाद अधिकारियों ने उनकी पहचान और बताई गई डिटेल्स को वेरिफाई किया।

जांच के बाद वापस मिला पूरा सामान

वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद रेलवे अधिकारियों ने शांग को उनका बैग सौंप दिया। उसमें रखा सारा कैश और बाकी सामान सुरक्षित था। स्टेशन डायरेक्टर अर्पित गुप्ता ने शनिवार को पुष्टि की कि जांच के बाद टूरिस्ट को उसका सामान लौटा दिया गया।

रेलवे कर्मचारियों की ईमानदारी की तारीफ

बैग वापस मिलने पर शांग ने भारतीय रेलवे और कर्मचारियों की ईमानदारी की तारीफ की। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों को सलाह दी कि ट्रेन से उतरने से पहले अपना सामान जरूर चेक करें। अगर कोई सामान छूट जाए, तो तुरंत स्टेशन स्टाफ या RPF को यात्रा और खोए हुए सामान की जानकारी दें, ताकि उसे जल्द ढूंढा जा सके।

Read more!
Advertisement