अब नोएडा ही नहीं, यूपी के इन शहरों में भी मिलेंगी IT नौकरियां! बन रहे 4 नए आईटी पार्क

उत्तर प्रदेश में अब आईटी सेक्टर की ग्रोथ सिर्फ नोएडा तक सीमित नहीं रहेगी। सरकार दूसरे शहरों में भी आईटी पार्क विकसित कर रही है, ताकि युवाओं को अपने राज्य में नौकरियां मिल सकें। लखनऊ में HCL बड़ा निवेश कर रही है। जानिए किन शहरों में खुलेंगे रोजगार के नए मौके।

Advertisement
AI-generated image

In Short

  • यूपी में नोएडा के अलावा दूसरे शहरों में भी आईटी सेक्टर का विस्तार, चार नए STPI आईटी पार्क बन रहे हैं।
  • लखनऊ में HCL आईटी सिटी के दूसरे चरण में ₹500 करोड़ का निवेश, करीब 6,000 नौकरियों की उम्मीद।
  • यूपी का IT-ITES निर्यात ₹1 लाख करोड़ के पार, अगले चार साल में ₹2.5 लाख करोड़ तक पहुंचाने का लक्ष्य।

By Sonam:

उत्तर प्रदेश में आईटी सेक्टर की तस्वीर बदल रही है। अब तक राज्य में आईटी कंपनियों और टेक्नोलॉजी से जुड़ी नौकरियों का सबसे बड़ा केंद्र नोएडा रहा है, लेकिन अब सरकार इस सेक्टर को दूसरे शहरों तक पहुंचाने पर काम कर रही है। इसका मकसद युवाओं को अपने ही राज्य में टेक्नोलॉजी से जुड़ी नौकरियों के ज्यादा मौके देना है, ताकि उन्हें रोजगार के लिए दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े।

यूपी के किन शहरों में हैं आईटी पार्क?

Invest UP के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के नोएडा, मेरठ, लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज और आगरा में आईटी पार्क और सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (STPI) के केंद्र चालू हैं।

इसके अलावा वाराणसी, बरेली, कानपुर के पनकी और गोरखपुर में चार नए STPI आईटी पार्क बनाए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं के जरिए राज्य के अलग-अलग हिस्सों में आईटी सेक्टर का विस्तार करने की तैयारी है।

मुख्यमंत्री ने 6 अक्टूबर 2026 को एक कार्यक्रम में बताया था कि उत्तर प्रदेश में सात सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क चालू हैं। इसके अलावा गौतमबुद्ध नगर में आईटी और आईटीईएस से जुड़े 12 स्पेशल इकोनॉमिक जोन (SEZ) मौजूद हैं।

नोएडा से बाहर निवेश बढ़ाने की तैयारी

उत्तर प्रदेश सरकार ने 18 नवंबर 2022 को आईटी एवं आईटीईएस नीति 2022 की अधिसूचना जारी की थी। अब राज्य मंत्रिमंडल ने इस नीति के पहले संशोधन को मंजूरी दी है।

इस बदलाव का मकसद आईटी कंपनियों को मिलने वाले प्रोत्साहनों का दायरा बढ़ाना और नोएडा के अलावा दूसरे शहरों में भी निवेश आकर्षित करना है।

वहीं, स्टार्टअप पॉलिसी के तहत नोएडा और लखनऊ को डीपटेक हब के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।

लखनऊ में HCL करेगी ₹500 करोड़ का निवेश

लखनऊ भी आईटी सेक्टर के विस्तार का अहम केंद्र बन रहा है। 6 अक्टूबर 2026 को HCL टेक के लखनऊ कैंपस की 10वीं वर्षगांठ पर मुख्यमंत्री ने HCL आईटी सिटी के दूसरे चरण की शुरुआत की।

इस परियोजना के तहत करीब 20 एकड़ जमीन पर 9.5 लाख वर्ग फुट निर्माण होगा। इसमें लगभग 500 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। नई आईटी बिल्डिंग में करीब 5,000 सीटों की क्षमता होगी।

इस विस्तार से लगभग 6,000 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष नौकरियां पैदा होने की उम्मीद है। HCL ने स्थानीय कॉलेजों के 1,000 छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की ट्रेनिंग देने की भी घोषणा की है।

₹2.5 लाख करोड़ के IT निर्यात का लक्ष्य

मुख्यमंत्री के मुताबिक, उत्तर प्रदेश का आईटी और आईटीईएस निर्यात एक दशक पहले 12,000 से 15,000 करोड़ रुपये के बीच था, जो अब बढ़कर एक लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है।

राज्य सरकार ने अगले चार वर्षों में इसे 2.5 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। हालांकि, निर्यात से जुड़े ये आंकड़े राज्य सरकार की ओर से बताए गए हैं।

Read more!
Advertisement